साल 2023 दिसंबर में आई फिल्म ‘एनिमल’ ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाया था। अब ये फिल्म 13 फरवरी को जापान में रिलीज होने वाली है और यहां भारत में फैंस इस फिल्म के दूसरे पार्ट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। संदीप रेड्डी वांगा और रणबीर कपूर ने इसके बारे में बातचीत की और फिल्म के एक्शन से भरपूर ‘एनिमल पार्क’ के बारे में नई जानकारियां दी।
वर्चुअल बातचीत के दौरान वांगा ने फिल्म से जुड़े बड़े अपडेट दिए। वैसे तो खबरो के मुताबिक ‘एनिमल पार्क‘ पर काफी समय से काम चल रहा है। वांगा ने कहा, “मेरी मौजूदा फिल्म पूरी होते ही ‘एनिमल पार्क’ की शूटिंग शुरू हो जाएगी और इसमें और भी जानवर होंगे। इसे ध्यान में रखते हुए, यह दो एक जैसे दिखने वाले भाइयों के बीच की लड़ाई है। इसलिए मुझे लगा कि एनिमल पार्क सही टाइटल होगा। फिलहाल, हम 2027 के मध्य में शूटिंग शुरू करेंगे।”
फिल्म में रणविजय का किरदार निभाने वाले रणबीर कपूर ने कहा कि वह इस किरदार में वापसी करने के लिए वह उत्सुक हैं। उन्होंने कहा, “मैं संदीप के साथ सेट पर वापस आने और इस किरदार को निभाने के लिए बेताब हूं और अब एक और किरदार निभाने के लिए भी। चूंकि यह एक निरंतर कहानी है, इसलिए संदीप ने पहले भाग की शूटिंग के दौरान ही दूसरे भाग की योजना स्पष्ट रूप से बना ली थी।”
यह भी पढ़ें: ‘अब कार्रवाई करने का समय’, गाजियाबाद में 3 बहनों की मौत से टूटा सोनू सूद का दिल, अभिनेता ने किया पोस्ट
रणबीर ने इस सहयोग को बहुत खास और प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि एक अभिनेता के रूप में यह अनुभव उनके लिए बेहद रोमांचक है। रणबीर ने बताया कि वह और संदीप हफ्तों और महीनों तक लगातार बात करते रहते हैं, नए-नए आइडियाज़ पर चर्चा करते हैं। उन्हें रणविजय और अजीज के किरदार में दोबारा लौटने का बेसब्री से इंतजार है।
‘एनिमल‘ के दमदार एक्शन पर बात करते हुए रणबीर ने कहा कि शूटिंग के दौरान एक्शन सीन करना उनके लिए सबसे मजेदार रहा। उन्होंने बताया कि ये एक्शन सीक्वेंस बिल्कुल नए और अलग थे। उन्होंने इससे पहले कभी इतना ज़्यादा एक्शन नहीं किया था, इसलिए यह अनुभव उनके लिए बहुत खास और आनंददायक रहा।
