एक समय बॉलीवुड में अपनी ग्लैमरस इमेज के लिए जानी जाने वाली समीरा रेड्डी अब लाइमलाइट से दूर एक सादगी भरी जिंदगी जी रही हैं। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों और उस दौरान झेले गए दबाव को लेकर खुलकर बात की।
हॉटरफ्लाई से बातचीत में समीरा ने बताया कि जब वह 24 साल की थीं और इंडस्ट्री में नई-नई आई थीं, तब खुद को फिट करने के लिए उन्होंने काफी कुछ किया। उन्होंने कहा, “अब मैं ऑर्गेनिक कपड़े पहनना पसंद करती हूं और अपने फैंसी कपड़ों को ज्यादा इस्तेमाल नहीं करती।” इस दौरान उन्होंने अपने वॉर्डरोब के कुछ पुराने कपड़े भी दिखाए, जिनमें शादी से पहले खरीदी गई करीब 2.5 लाख रुपये की शनैल जैकेट भी शामिल थी। उन्होंने कहा, “मैं ये थी, बच्चों से पहले।”
समीरा रेड्डी ने बताया कि गोवा शिफ्ट होने के बाद उनकी लाइफस्टाइल पूरी तरह बदल गई। अब वह सिंपल और कम्फर्टेबल कपड़े पहनना पसंद करती हैं। उन्होंने कहा, “मैं अब ऑर्गेनिक कॉटन पसंद करती हूं, फास्ट फैशन से दूर हो गई हूं और बड़े ब्रांड्स की जगह सिंपल चीजों को मिक्स-मैच करना पसंद करती हूं।”
यह भी पढ़ें: मेकअप आर्टिस्ट से कॉस्ट्यूम डिजाइनर तक: आदित्य धर ने पर्दे के पीछे की टीम को दिया ‘धुरंधर 2’ की सफलता का श्रेय
अपने पुराने दिनों को याद करते हुए उन्होंने बताया कि एक समय वह शॉपाहोलिक थीं। उन्होंने 2005 का एक डियोर का बैग दिखाते हुए कहा, “जब मैंने फिल्मों में शुरुआत की, तो मुझे लगता था कि मुझे हर नया ट्रेंड फॉलो करना है। ये बैग मैंने इसलिए खरीदा क्योंकि मुझे लगा कि इससे लोग सोचेंगे कि मैं इंडस्ट्री में सेट हो गई हूं।” इस बैग की कीमत करीब 3-4 लाख रुपये बताई जाती है।
यह भी पढ़ें: ‘तुम्हें देखने के लिए 50 रुपये भी नहीं दूंगा’, परिवार से झूठ बोलकर मुंबई आए थे आयुष शर्मा, कॉलेज वालों ने खोली थी पोल
इसके अलावा उन्होंने लुई विट्टों का एक बड़ा टोट बैग भी दिखाया, जो उन्होंने सिर्फ इसलिए खरीदा था क्योंकि इंडस्ट्री में हर कोई एयरपोर्ट लुक के लिए ऐसे बैग्स कैरी कर रहा था। उन्होंने कहा, “मुझे लगा कि मुझे भी ऐसा लुक चाहिए। उस समय सब कुछ ‘दिखाने’ का दौर था। लेकिन करीब 13 साल पहले मुझे एहसास हुआ कि मुझे ‘देखो मैं कैसी हूं’ वाली जिंदगी नहीं चाहिए, असली खूबसूरती सादगी में है।” इस बैग की कीमत करीब 1.7 लाख रुपये है।
बता दें कि समीरा रेड्डी ने 2002 से 2013 के बीच हिंदी, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम फिल्मों में काम किया। साल 2014 में बिजनेसमैन अक्षय वर्दे से शादी के बाद उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री से दूरी बना ली और अब वह अपनी पर्सनल लाइफ पर फोकस कर रही हैं।
