कई आईवीएफ फेल होने और मिसकैरेज के बाद एक्ट्रेस संभावना सेठ आखिरकार मां बनने वाली हैं। उन्होंने अपने पति अविनाश तिवारी के साथ मिलकर फैंस को ये बड़ी खुशखबरी दी है। दोनों ने बताया है कि सेरोगेसी की मदद से दोनों के घर जल्द किलकारी गूंजने वाली है।
संभावना सेठ हमेशा से अपनी निजी जिंदगी को अपने फैंस के साथ खुलकर साझा करती रही हैं। वो और उनके पति अपने व्लॉग में अपने जीवन से जुड़ी हर जानकारी फैंस को देते हैं। कपल ने एक दिन पहले के व्लॉग में बताया था कि वो जल्द एक गुडन्यूज देने वाले हैं और अब आखिरकार अपने फैंस को सरप्राइज दे दिया है।
दोनों ने मिलकर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया है। उन्होंने तीन फोटो शेयर की है, पहली में दोनों ने अखबार हाथ में पकड़ा है जिसमें लिखा है, “जल्द आ रहा है, हम प्रेग्नेंट हैं।” दूसरी तस्वीर में छोटे-छोटे बेबी शूज हैं। तीसरी तस्वीर में उनका डॉग है और साथ में बोर्ड है जिसमें लिखा है, “इट्स ऑफिशियल।” उन्होंने अपनी पोस्ट के कैप्शन में लिखा है, “हम प्रेग्नेंट हैं, हमारा सबसे खूबसूरत सफर अब प्रोडक्शन में है, प्यार, उम्मीद और सरोगेसी के साथ। काउंटडाउन शुरू।”
यह भी पढ़ें: ‘इसके लिए पैसे नहीं मिले!’, विक्की कौशल ने किया कैटरीना कैफ के मेकअप ब्रांड का प्रमोशन
मिसकैरेज के बाद टूट गई थीं संभावना
दिसंबर में संभावना और अविनाश ने यह दर्दनाक खुलासा किया था कि कई असफल IVF प्रयासों के बाद उनका मिसकैरेज हो गया था। संभावना ने उस कठिन अनुभव और अपने मिसकैरेज के बारे में खुलकर बात की थी।
अविनाश ने बताया था कि यह उनके साथ काफी समय से चल रहा था और पिछले साल की प्रेग्नेंसी में वे उम्मीद कर रहे थे कि उनका बच्चा स्वस्थ होगा। दोनों फैंस को बताने ही वाले थे कि उन्हें पता चला उनका बच्चा पेट में ही खत्म हो गया था। उस वक्त से ही संभावना के फैंस उन्हें हमेशा ये आशीर्वाद देते रहे कि वो जल्द मां बनेंगी।
यह भी पढ़ें: फिल्मों में रोने वाले सीन असली होते हैं या एक्टिंग का कमाल? हिमानी शिवपुरी से जानें पर्दे के पीछे का सच
अब जब संभावना ने ये गुड न्यूज दी है तो फैंस के साथ-साथ कई कलाकारों ने भी उन्हें बधाई दी है। भारती सिंह, गौहर खान, माही विज समेत कई लोगों ने उनकी पोस्ट पर कमेंट करते हुए ढेर सारी बधाइयां दी हैं।
