समय रैना का शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट सीजन 2’ एक बार फिर चर्चा में है। इस शो के तीसरे एपिसोड में नजर आईं कंटेस्टेंट साक्षी झा ने खुद को मैन-हेटर बताया और शराब पीकर अपने होने वाले पति को मारने की इच्छा जताई। उनके ऑडिशन को लेकर सोशल मीडिया पर काफी आलोचना हुई और उन्हें इस सीजन का पहला सर्वसम्मति से मिला जीरो स्कोर भी मिला।

साक्षी झा ने खुद को बताया मैन-हेटर

‘इंडियाज गॉट लेटेंट सीजन 2’ का तीसरा एपिसोड शुक्रवार को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुआ। इस एपिसोड में नए कंटेस्टेंट्स ने हिस्सा लिया, जिन्हें समय रैना, तनमय भट्ट, विशाल ददलानी, रघु राम और यशराज मेहरा ने जज किया। सभी कंटेस्टेंट्स में से साक्षी झा सबसे ज्यादा चर्चा में रहीं। मंच पर आते ही उन्होंने खुद को मैन-हेटर बताया और कहा कि उन्हें पुरुषों के अहंकार को चोट पहुंचाने में मजा आता है।

यह भी पढ़ें: सिंगर तनिष्क बागची का दावा, ‘सैयारा’ के लिए अब तक नहीं मिली 8 लाख रुपये की रॉयल्टी, बाद में पोस्ट किया डिलीट

साक्षी ने कहा, “हाय, मैं साक्षी हूं और मैं मर्दों से नफरत करती हूं। असल में, मुझे मर्दों का ईगो तोड़ने में मजा आता है।” इसके बाद कंटेस्टेंट ने आगे कहा, “मेरे दोस्त कहते हैं कि साक्षी तुम कितनी बोरिंग हो। ठीक है… शायद हूं भी। मुझे लगता है कि मैं कभी एक महान इंसान नहीं बन सकती, क्योंकि मैं एक महिला हूं।

आज के समय में महिला होना अपने आप में एक ट्रॉमा है। मैं किसी जाति से नफरत नहीं करती, लेकिन पुरुषों से करती हूं। आखिर पुरुषों को किस बात का घमंड होता है? वे कहते हैं कि मैं मर्द हूं। तो क्या हुआ? क्या तुम अपने पिता के गर्भ से पैदा हुए थे? तुम्हें भी एक महिला ने ही जन्म दिया है।”

समय ने किया साक्षी से सवाल

इसके बाद समय रैना ने साक्षी से पूछा कि उन्हें किसने दुख पहुंचाया है। इस पर साक्षी ने जवाब दिया, “पुरुषों ने।” जवाब सुनकर समय ने मजाक में कहा कि वह लड़कियों की शिक्षा का समर्थन करते हैं। फिर जब साक्षी से पूछा गया कि उन्हें पुरुषों से इतनी नफरत क्यों है, तो साक्षी ने कहा कि यह उनकी सोच पीढ़ियों से चले आ रहे ट्रॉमा का नतीजा है। उन्होंने यह भी कहा कि वह सिर्फ आम पुरुषों से ही नहीं, बल्कि अपने पिता, दादा और भाई से भी नफरत करती हैं।

साक्षी ने कहा, “मैं अपने पिता से भी नफरत करती हूं। वह मेरे पिता हैं, लेकिन एक पुरुष भी हैं। मैं अपने दादा से भी नफरत करती हूं। वह भी मुझसे नफरत करते हैं, क्योंकि मुझे उनका पोता यानी मेरा भाई पसंद नहीं है।” बात तब और विवादित हो गई जब जजों ने उनके कंटेस्टेंट फॉर्म में लिखी एक बात का जिक्र किया।

साक्षी ने कही ये बात

विशाल ददलानी ने साक्षी से उनकी लाइफ गोल के बारे में पूछा। फॉर्म में साक्षी ने लिखा था, “मैं शराब पीकर अपने पति को मारना चाहती हूं।” फिर जब उनसे पूछा गया कि क्या वह सच में ऐसा करना चाहती हैं, तो उन्होंने जवाब दिया, “हां, मैं सच में ऐसा करना चाहती हूं।”

साक्षी ने यह भी कहा कि वह मां बनना चाहती हैं और इसके लिए किसी अच्छे आदमी से शादी करने को तैयार हैं। जब उनसे पूछा गया कि उनके हिसाब से अच्छा आदमी कौन होता है, तो उन्होंने कहा, “अच्छा आदमी वही है जो अपनी पत्नी की हर बात आंख बंद करके माने।”

समय रैना ने जताई हैरानी

समय रैना ने इस बात पर हैरानी जताई कि कोई शादी सिर्फ इसलिए करना चाहता है ताकि बाद में अपने पति को पीट सके, लेकिन साक्षी ने इसे टालते हुए कहा, “मैं जेन जी हूं, कुछ तो अलग होना ही चाहिए।” फिर रघु राम ने मजाक करते हुए बात खत्म की और कहा, “तुम्हारी वजह से लोग पुरुषों को और ज्यादा पसंद करने लगेंगे।”

साक्षी झा की परफॉर्मेंस जजों को प्रभावित नहीं कर पाई। समय रैना, तन्मय भट, विशाल ददलानी, रघु राम और यशराज मेहरा सभी ने उन्हें जीरो स्कोर दिया। इस तरह वह ‘इंडियाज गॉट लेटेंट सीजन 2’ की पहली ऐसी कंटेस्टेंट बन गईं जिन्हें पैनल से सर्वसम्मति से जीरो मिला।

साक्षी झा ने फेमिनिज्म को समझा गलत?

‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ का एपिसोड आने के तुरंत बाद साक्षी के ऑडिशन की क्लिप्स सोशल मीडिया पर तेजी से फैलने लगीं और दर्शकों की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आईं। कई यूजर्स ने उनकी बातों की आलोचना की और कहा कि उन्होंने फेमिनिज्म को पुरुषों के प्रति नफरत से जोड़कर उसे गलत तरीके से पेश किया है।

एक यूजर ने लिखा, “ऐसे नकली फेमिनिस्ट्स को कोई असली जानकारी नहीं होती और वे समाज में कोई सार्थक योगदान नहीं देते। उनका पूरा करियर पुरुषों का अपमान करने और उनसे नफरत करने पर टिका होता है।” एक और यूज़र ने कमेंट किया, “उसके जैसे लोग ही असल वजह हैं कि इतने सारे लोग फेमिनिज्म से नफरत करने लगते हैं।”

कई महिलाओं ने भी साक्षी की बातों से खुद को अलग कर लिया। एपिसोड की एक क्लिप शेयर करते हुए एक यूज़र ने लिखा, “एक महिला के तौर पर मुझे बहुत शर्मिंदगी महसूस हुई। मुझे लगता है कि हम सब मिलकर कह सकते हैं कि हम उसे अपना नहीं मानते।”

यह भी पढ़ें: ‘रामायण’ से जुड़ी 5 अहम बातें, रणबीर, साई समेत मेकर्स ने सभी किरदार किए रिवील, सनी देओल के स्टेज पर निकले आसूं