स्टैंड अप कॉमेडियन समय रैना ने ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ विवाद के बाद जबरदस्त वापसी की है। हाल ही में उन्होंने एक इंटरव्यू दिया और उसमें इस विवाद के बाद हुए आर्थिक असर के बारे में खुलकर बात की। समय ने बताया कि एक वक्त पर तो उन्हें अमिताभ बच्चन की तरह दिवालिया होने का डर सता रहा था। उन्होंने अपने सभी शो गंवा दिए थे और एफडी भी तोड़नी पड़ गई थी। चलिए आपको बताते हैं कि समय रैना ने क्या कहा।
‘दोस्तकास्ट’ के साथ बात करते हुए समय रैना ने बताया कि ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ विवाद के बाद उन्होंने सब कुछ खो दिया था। कॉमेडियन ने कहा, “आने वाले एपिसोड्स रुक गए, क्योंकि लोग डर गए थे और नहीं चाहते थे कि उनका एपिसोड अपलोड हो। उन एपिसोड्स के स्पॉन्सर्स भी चले गए। मैंने उनका पैसा लेकर एफडी (FD) में निवेश कर दिया था, लेकिन बाद में मुझे एफडी तोड़कर पैसा वापस करना पड़ा। उस समय मैं बहुत मुश्किल में था।”
यह भी पढ़ें: न कोई वीएफएक्स और न बड़ा बजट, 35 साल पुराने दूरदर्शन के इस हिट शो को आईएमडीबी पर मिली है 9.3 रेटिंग
समय रैना ने आगे बताया, “मेरे पास कई प्रोजेक्ट्स लाइन में थे, मैंने ऐड्स की शूटिंग भी कर ली थी, लेकिन उन्होंने भी अपना पैसा वापस मांग लिया। मैंने बुक माय शो के साथ एक डील की थी, जिसमें उन्होंने पूरे टूर के लिए एडवांस पैसा दिया था और वो सारा पैसा मैंने निवेश कर दिया था। मैं बहुत डर गया था। उस समय मुझे समझ नहीं आ रहा था कि अब क्या करूंगा। मुझे लग रहा था कि अब कोई भी ब्रांड मेरे साथ काम नहीं करेगा।”
जब समय को सताया अमिताभ की तरह दिवालिया होने का डर
अमिताभ बच्चन की तरह दिवालिया होने के अपने सबसे बड़े डर के बारे में बात करते हुए समय रैना ने बताया, “मेरा सबसे पहला और सबसे बड़ा डर यह था कि मैं दिवालिया हो जाऊंगा, कर्ज में डूब जाऊंगा। डर यह था कि मैं अमिताभ बच्चन जैसा बन जाऊंगा, जब वह दिवालिया हो गए थे। मैं डिप्रेशन में था, US और कनाडा में बिस्तर पर पड़ा रहता था।
मैं बिस्तर पर पड़े-पड़े यह पढ़ता रहता था कि लोग सोशल मीडिया पर मेरे लिए क्या लिख रहे हैं। मैं सिर्फ मैश किए हुए आलू और फ़्राइज खाता था। मुझे एहसास हुआ कि यह मेरा डिप्रेशन वाला खाना था। बलराज ने मुझे मोटिवेट करने के लिए सब कुछ किया।”
समय रैना ने किया था राज शमानी को फोन
समय ने आगे कहा, “मेरा इंडिया टूर कैंसिल हो गया था। मैंने पूरे साल की कमाई लेकर उससे जमीन खरीद ली थी। मुझे कुछ तो करना ही था। जब मैं इंडिया वापस आया, तो मैंने राज शमानी को फोन किया और पूछा कि क्या वह मेरे साथ कोई ऐड करेंगे। मैंने वह चीज लिखी, यह जानते हुए कि यह वायरल होगी। दूसरे ब्रांड्स इसे देखेंगे, इसलिए मैंने उसे तैयार किया।”
उन्होंने कहा, “मैंने दूसरी ब्रांड्स को भी ऐसे ही आइडिया दिए, जिसमें इस बात का मज़ाक उड़ाया गया था कि मुझे कैसे ‘कैंसिल’ (बॉयकॉट) किया गया था। मेरे लिए मजाक ही एक रास्ता था। इसी तरह मेरे कई वीडियो (रील्स) वायरल हो गए और मुझे कई ब्रांड्स के काम मिलने लगे। यह फॉर्मेट हिट हो गया। मैंने अपने पॉडकास्ट के जरिए सारा पैसा वापस कमा लिया।
अगर कोई मुझसे केस के बारे में पूछता था, तो मैं मजाक में ही जवाब देता था, क्योंकि मैं सीरियस नहीं हो सकता था और मामला कोर्ट में चल रहा था। फिर हमने दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में 8 शो किए और 70 हजार टिकट बिके।”
क्या था ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ विवाद
दरअसल, पिछले साल फरवरी में समय रैना का यूट्यूब शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ एक बड़े विवाद में फंस गया था। यह मामला तब शुरू हुआ जब यूट्यूबर रणवीर ने एक एपिसोड में कंटेस्टेंट से माता-पिता से जुड़ा आपत्तिजनक सवाल पूछ लिया। इसके बाद इस मामले में कानूनी कार्रवाई हुई और पूरे शो को ही यूट्यूब से हटा दिया गया।
यह भी पढ़ें: ‘शक्तिमान को बीच में लाने का हक नहीं’, मुकेश खन्ना ने फिर समय रैना पर साधा निशाना
