दिग्गज स्क्रीन राइटर सलीम खान इस समय मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती हैं। अस्पताल की तरफ से उनकी सेहत के बारे में एक मेडिकल बुलेटिन जारी किया गया था और जिससे ये पता चला था कि आखिर सलीम खान को हुआ क्या है। हालांकि बाद में डॉक्टर्स की तरफ से ये भी कहा गया कि अब वो पटकथा लेखक की सेहत से जुड़ी कोई जानकारी मीडिया को नहीं देंगे। दरअसल ये कदम खान परिवार के अनुरोध के बाद उठाया गया, क्यों सलमान खान और उनका परिवार अस्पताल द्वारा बयान जारी किए जाने से नाखुश थे।

वैरायटी इंडिया के मुताबिक सलीम खान के करीबी ने उन्हें इस बात की जानकारी दी है। सूत्र ने कहा, “स्वास्थ्य एक निजी मामला है। देखा जाए तो मीडिया के साथ कोई भी अपडेट शेयर नहीं किया जाना चाहिए और किसी भी तरह का संवाद पूरी तरह से परिवार पर छोड़ दिया जाना चाहिए, तब तक वो खुद फैंस और शुभचिंतकों को बताना ना चाहें।

निजता चाहता है परिवार

सूत्र ने आगे कहा, “सलमान खान और उनका परिवार डॉक्टर के सार्वजनिक बयान से नाराज थे और उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से बता दिया है कि वे कोई भी और जानकारी सार्वजनिक नहीं करना चाहते हैं।”

यह भी पढ़ें: ‘सलीम खान मेरे पिता जैसे’, कभी सलमान के परिवार संग गैलेक्सी अपार्टमेंट में रहती थीं सोमी अली

बता दें कि लीलावती के डॉक्टर डॉ. जलील पारकर ने बुधवार को हॉस्पिटल के बाहर मौजूद मीडिया को सलीम खान का हेल्थ अपडेट दिया था। उन्होंने कहा था, “कल सुबह उन्हें फैमिली डॉक्टर संदीप चोपड़ा परिवार के साथ अस्पताल लेकर आए। कुछ दवाइयां देने के बाद हमें लगा कि उन्हें ICU में भर्ती करने की जरूरत है। उनका ब्लड प्रेशर हाई था, हमने उसका इलाज किया और उन्हें वेंटिलेटर पर रखा। वेंटिलेटर एक सुरक्षा उपाय था ताकि उनकी स्थिति बिगड़े नहीं। वह गंभीर स्थिति में नहीं थे।”

यह भी पढ़ें: रील गाथा: ‘ज़ंजीर’ से ‘शोले’ तक, सलीम खान की कलम से पटकथा बनी सिनेमा की धड़कन

उन्होंने ये भी कहा था, “सलीम खान को हल्का ब्रेन हेमरेज हुआ था, जिसके लिए सर्जरी की आवश्यकता नहीं है। पहले उन्हें बताया गया था कि उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी, लेकिन अब यह निर्णय तब लिया जाएगा जब वे पूरी तरह सहज महसूस करें। उनके लिए जो डिजिटल सब्ट्रैक्शन एंजियोग्राफी (DSA) की प्रक्रिया की गई, उसे सर्जरी नहीं माना जाता।”