Koffee With Karan Season 9: करण जौहर का चर्चित चैट शो ‘कॉफी विद करण’ अपने आखिरी सीजन के साथ वापसी कर रहा है। शो के नौवें सीजन में सलमान खान पहले मेहमान बनकर पहुंचेंगे। शो का नया प्रोमो सामने आया है, जिसमें सलमान और करण के बीच मजेदार बातचीत देखने को मिली।
इस दौरान करण ने सलमान से एक बार फिर ऐसा सवाल पूछ लिया, जो पहले भी खूब चर्चा में रहा था। वहीं, सलमान ने फिल्म ‘कुछ कुछ होता है’ के डायलॉग के अंदाज में करण से कहा, ‘तुस्सी ना जाओ, करण।’
सलमान से करण ने फिर पूछा वर्जिनिटी वाला सवाल
‘कॉफी विद करण’ के नए प्रोमो में करण जौहर सलमान खान को एक समझदार इंसान बताते हैं। इस पर सलमान शो के नाम को लेकर मजाक करते नजर आते हैं। वह कहते हैं कि ‘कॉफी विद करण’ खत्म होने के बाद अब ‘कॉफी विद सलमान’ शुरू किया जा सकता है। इतना ही नहीं, सलमान करण पर तंज कसते हुए कहते हैं कि वह लोगों को शो में बुलाने के लिए ‘आखिरी सीजन’ का बहाना बना रहे हैं।
इसके बाद करण जौहर सलमान से पूछते हैं, ‘क्या आप अब भी वर्जिन हैं?’ इस पर सलमान खान भोजपुरी अभिनेता रवि किशन के अंदाज में जवाब देते हैं, ‘कंट्रोल, मेरे भाई, कंट्रोल।’
गौरतलब है कि करण ने साल 2013 में ‘कॉफी विद करण’ के चौथे सीजन में सलमान से पहली बार यही सवाल पूछा था। तब सलमान ने जवाब दिया था, ‘हां, मैं वर्जिन हूं।’ उन्होंने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा था कि वह शादी के लिए खुद को बचाकर रख रहे हैं। बाद में करण ने स्पष्ट किया था कि सलमान का यह जवाब गंभीर स्वीकारोक्ति नहीं, बल्कि हास्य के तौर पर दिया गया था।
जब करण जौहर सलमान खान की तारीफ करते हुए उन्हें शांत और समझदार बताया, तो सलमान ने कहा, “मैंने पहले लोगों को जो सलाह दी थी, एक समय ऐसा आया जब मुझे खुद भी उस पर अमल करना पड़ा।”
22 साल बाद खत्म हो रहा है ‘कॉफी विद करण’
करण जौहर ने 30 सितंबर को एक भावुक वीडियो साझा कर ‘कॉफी विद करण’ के आखिरी सीजन का ऐलान किया था। इस दौरान उन्होंने शो के साथ अपने 22 साल के सफर को याद किया। करण ने बताया कि जब उन्होंने साल 2004 में अपने पिता और निर्माता यश जौहर को इस शो का आइडिया दिया था, तो उन्हें इसकी सफलता को लेकर संदेह था। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
