अभिनेता राजू श्रेष्ठ (मास्टर राजू) ने सलमान खान को लेकर भी कई किस्से शेयर किए हैं। दोनों मुंबई के बांद्रा में एक साथ पले-बढ़े और अपने शुरुआती साल साथ बिताए। अब एक्टर ने एक इंटरव्यू में सलमान खान के साथ  अपने बचपन के बारे में बात की और कहा कि सलमान हमेशा से ही बिना सोचे-समझे और खुले दिल के रहे हैं। सिर्फ इतना ही नहीं, उन्होंने सलमान खान के गुस्से वाले स्वभाव और उससे जुड़े कई किस्सों के बारे में भी बात की।

बचपन से सलमान खान को जानते थे राजू

सिद्धार्थ कन्नन ने जब मास्टर राजू से पूछा कि उन्होंने सलमान खान के साथ ‘बागी’ में काम किया और ‘चल मेरे भाई’ फिल्म में काम किया था। इन दोनों फिल्मों के बीच लगभग 10 साल का अंतर था, तो ऐसे में उन्हें ‘दबंग खान’ में क्या बदलाव दिखे। इसका जवाब देते हुए मास्टर राजू ने कहा, “मेरा जो संपर्क है सलमान खान के साथ वह ‘बागी’ से भी पहले से है।

यह भी पढ़ें: वैलेंटाइन वीक में घर बैठे मिलेगा फुल ऑन एंटरटेनमेंट, ‘अमर विश्वास’ से ‘भानुप्रिया भूतेर होटल’ तक ओटीटी पर इस हफ्ते रिलीज होंगी ये सीरीज-फिल्में

हम एक ही इलाके के हैं, दोनों बांद्रा के हैं। हम साथ में साइकिल चलाते थे, जब वह ‘पत्थर के फूल’ कर रहे थे, शूटिंग से पहले तो वह बैंडस्टैंड पर स्केटिंग की प्रैक्टिस करते थे। मैं साइकिल चलाता था और वह कैरियर पकड़कर स्केटिंग की प्रैक्टिस करते थे।”

इसके आगे उन्होंने कहा, “मेरी और सलमान की दोस्ती तब से है, जब लोग ये कहते होंगे शायद कि देखो मास्टर राजू खड़ा है और साथ में कोई और भी खड़ा है। तो मेरी सलमान की तब से दोस्ती है। जब सलमान कुछ भी नहीं थे, मैं तब से उन्हें जानता हूं और वह बहुत अच्छे हैं, दयालु हैं, लेकिन उन्हें बहुत गलत समझा गया। वह बहुत अच्छा आदमी है। उसके बाद उन्होंने ही मुझे ‘बागी’ में एक रोल दिलाया। हम ऊटी में फिल्म की शूटिंग के लिए गए और उसके सालों बाद हमने साथ में ‘चल मेरे भाई’ की।”

सलमान ने पूछा था ये सवाल

राजू ने बताया कि सुपरस्टार बनने के बाद उन्होंने अपने दोस्त सलमान को बुलाने का तरीका बदल दिया। अभिनेता ने कहा, “जब सलमान खान… सलमान खान बन गए और उसके बाद जब मैं उनसे मिलता था… तो पहले मैं उन्हें ‘सलमान तू’ कहता था और फिर मैंने उन्हें ‘भाई आप’ कहना शुरू कर दिया। मैं लोगों के सामने उन्हें भाई आप’ कहता था और सलमान मुझसे पूछते थे कि तुम मुझे ऐसे क्यों बुला रहे हो?

लेकिन मैंने उनसे कहा कि तुम मेगा स्टार बन गए हो और अगर मैं तुम्हें ‘सलमान तू’ कहूंगा, तो तुम शेरा (सलमान के बॉडीगार्ड) से कहोगे कि अगली बार मुझे अंदर न आने दे और उससे कहोगे कि मुझे कमरे से धक्का देकर बाहर निकाल दे, क्योंकि तुम्हें लगेगा कि मैं तुम्हारी बेइज्जती कर रहा हूं।”

अपने बदले हुए रिश्ते के बारे में और बताते हुए उन्होंने कहा, “हम किसी भी चीज के बारे में बात करते थे। सलमान और मैं बिना कपड़ों के नहाए हैं, लेकिन आज मुझे इसकी उम्मीद नहीं है। वह आज एक बड़ा स्टार है। अगर मैं अब उसके सेट पर और उसके घर में हर समय रहूं, तो लोग मुझे उसका चमचा कहेंगे।”

काले हिरण केस पर कही ये बात

सलमान खान 1998 में ‘चल मेरे भाई’ की शूटिंग के दौरान काले हिरण के शिकार के केस में फंसे थे। जब उनसे पूछा गया कि क्या फिल्म की शूटिंग के दौरान स्टार स्ट्रेस में थे, तो राजू ने कहा, “हां, वह स्ट्रेस में थे, लेकिन ऊपर से ऐसा नहीं लग रहा था, लेकिन उनके आस-पास का माहौल स्ट्रेसफुल था। एक समय था जब सलमान का एक बड़ा हिस्सा कोर्ट केस और बड़े वकीलों को हायर करने में जा रहा था, उन्होंने मुझे बताया था कि वहां बहुत पैसा खर्च हो रहा है।

उन्होंने मुझे बताया था कि उनकी कमाई का एक बड़ा हिस्सा इसमें जा रहा है। उन्होंने हमेशा कहा है कि वह बेगुनाह हैं और यह साबित करने के लिए उन्हें इतना पैसा खर्च करना पड़ा और इतना स्ट्रेस झेलना पड़ा। उन्होंने मुझसे कहा कि वह यह सब नहीं करना चाहते।”

अपनी बात जारी रखते हुए राजू मास्टर ने लास्ट में कहा, “सलमान को कभी भी अपने इमोशन पर काबू नहीं रहा है। वो किसी की बिल्डिंग के नीचे जाकर गलियां दे रहे हैं। कोई गर्लफ्रेंड आपकी किसी जमाने में रही है, उसकी बिल्डिंग के नीचे जाकर चिल्ला रहे हैं।

किसी को मार दिया, किसी को कुछ बोल दिया, अपने इमोशन पर उन्होंने काबू नहीं रखा। वह बहुत प्यारे इंसान हैं। वह दिमाग से काम नहीं करते। वह दिल से काम करते हैं। मैं ये नहीं कह रहा कि उसने सही किया, उसने गलत किया। लेकिन वो गलत इसलिए किया, क्योंकि दिमाग से काम नहीं ले रहा है।” 

यह भी पढ़ें: ‘अपने पति से अलग रहती है’, भाव्या सिंह ने दिव्या अग्रवाल को लेकर किया दावा, ‘बिग बॉस ओटीटी विनर’ को कहा ‘गोल्ड डिगर’