बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान इन दिनों अपनी सेहत को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं के कारण सुर्खियों में हैं। हाल ही में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में उनकी मौजूदगी के बाद कई लोगों ने उनके बदले हुए लुक और पहले से दुबले दिखाई देने पर चिंता जताई थी। इसके बाद फैंस के बीच उनकी तबीयत को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगने लगीं।
इन चर्चाओं के बीच सलमान खान ने इंस्टाग्राम पर अपनी कुछ नई तस्वीरें शेयर कीं। तस्वीरों में अभिनेता काफी रिलैक्स और आत्मविश्वास से भरे नजर आ रहे हैं। हालांकि, उन्होंने अपनी सेहत को लेकर सीधे तौर पर कोई बयान नहीं दिया, लेकिन पोस्ट के साथ लिखा गया उनका कैप्शन लोगों का ध्यान खींचने में कामयाब रहा।
कैप्शन में सलमान खान ने लिखी ये बात
सलमान ने तस्वीरों को शेयर करते हुए लिखा, “आप लोगों की तबीयत कैसी है?” उनके इस सवाल को कई फैंस ने मजाकिया अंदाज में उन लोगों के लिए जवाब माना, जो पिछले कुछ दिनों से उनकी सेहत को लेकर चिंता जता रहे थे।
पोस्ट सामने आते ही फैंस ने कमेंट सेक्शन में प्यार और शुभकामनाओं की बौछार कर दी। एक यूजर ने लिखा, “हम सब बढ़िया हैं आप कैसे हो भाई।” वहीं, कई अन्य फैंस ने सलमान की फिटनेस की तारीफ करते हुए उन्हें स्वस्थ रहने की शुभकामनाएं दीं।
वायरल हुआ था सलमान खान का वीडियो
दरअसल, हाल ही में अभिनेता सलमान खान स्लम रिहैबिलिटेशन अथॉरिटी के डेटा कलेक्शन एंड वेरिफिकेशन सपोर्ट सेंटर (आईटी सर्वर रूम) के उद्घाटन में पहुंचे थे। इस दौरान सलमान ने लाभार्थियों को घरों की चाबियां दी और मुस्कुराते हुए उनसे मुलाकात की। वायरल हुए कुछ वीडियो में सलमान पहले के मुकाबले काफी दुबले नजर आए थे। जिसे लेकर लोगों ने चिंता जाहिर की।
वर्क फ्रंट की बात करें, तो सलमान खान निर्देशक अपूर्व लाखिया की फिल्म ‘मातृभूमि’में नजर आने वाले हैं। फैंस इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। हालांकि, हाल ही में एक मीडिया इंटरेक्शन के दौरान सलमान ने फिल्म की रिलीज डेट से जुड़े सवालों पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।
