बुधवार सुबह 5 बजकर 14 मिनट पर सलमान खान ने अपने खास और मजेदार अंदाज में फैंस को सरप्राइज दे दिया। एक्टर ने अपनी फिल्म ‘मातृभूमि’ का नया गाना रिलीज कर दिया, खास बात ये है कि इस गाने में सलमान खान ने अपनी आवाज दी है। सलमान खान ने अपने सोशल मीडिया पर ने दो पेग और अपनी ‘सेक्सी ब्यूटी’ का जिक्र करते हुए नए गाने ‘Teri Sexy Beauty’ का ऐलान किया।
यह गाना उनकी आने वाली फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ का है। इस गाने में सलमान खान के साथ चित्रांगदा सिंह नजर आ रही हैं। सलमान का इतनी सुबह पोस्ट देख फैंस के मजेदार रिएक्शन भी देखने मिले।
सुबह 5 बजे करीब रिलीज किया नया गाना
गाने का ऐलान करते हुए सलमान खान ने सोशल मीडिया पर अपने मजाकिया अंदाज में एक पोस्ट शेयर किया। उन्होंने गाने के बोलों और सुबह की फ्लाइट का कनेक्शन जोड़ते हुए लिखा, ‘डिपार्चर टाइम सुबह 5:12 बजे है। फ्लाइट टाइम पर है, दो पेग डाउन और अपनी सेक्सी ब्यूटी के साथ टेकऑफ कर रहा हूं। पता नहीं कहां लैंड करूंगा।’
सलमान के इस मजेदार कैप्शन ने फैंस का ध्यान खींच लिया। फैंस ने रिएक्शन देते हुए लिखा कि भाईजान की स्लीपसाइकिल उनके फैंस से मैच करती है।
‘तेरी सेक्सी ब्यूटी’ गाना
वहीं, गाने की बात करें तो इसमें रोमांस के साथ मस्ती और थोड़ी शरारत का तड़का भी लगाया गया है। सलमान खान और चित्रांगदा सिंह की जोड़ी स्क्रीन पर नजर आ रही है। गाने के बोल किसी की खूबसूरती पर फिदा होने की कहानी कहते हैं। इसमें दो पेग लगाने के बाद फ्लाइट के टेकऑफ करने का दिलचस्प अंदाज भी जोड़ा गया है।
गाने के यूट्यूब वीडियो के डिस्क्रिप्शन में भी इसे प्यार, मस्ती और थोड़ी-सी पागलपंती का मजेदार मेल बताया गया है। गाने के बोल और संगीत साजिद खान ने दिए हैं, सलमान खान के साथ गाने में चित्रांगदा लाल रंग की साड़ी में नजर आ रही हैं। सलमान खान की फिल्म ‘मातृभूमि’ लंबे समय से अपनी रिलीज के कारण चर्चा में है।
भारत-चीन की झड़प पर आधारित फिल्म
सलमान खान की ये फिल्म गलवान घाटी की घटना पर आधारित बताई जा रही है। फिल्म में भारत-चीन की झड़प को दिखाया जाएगा, लेकिन अब देखना दिलचस्प होगा कि फिल्म में किए बदलावों के बाद अब ये भारत-चीन की ये झड़प कैसी देखने मिलेगी। अभी तक फिल्म की रिलीज डेट की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और आखिरी फैसला CBFC सर्टिफिकेशन प्रक्रिया पर निर्भर करेगा।
