Koffee With Karan 9: करण जौहर अपने मशहूर चैट शो ‘कॉफी विद करण’ के नौवें और आखिरी सीजन के साथ लौट आए हैं। बुधवार, 14 अक्टूबर को शो के पहले एपिसोड में सलमान खान पहुंचे। यहां उन्होंने अपनी शादी, निजी जिंदगी और पिता बनने की इच्छा पर खुलकर बात की। सलमान ने बताया कि वह जिंदगी में बच्चे चाहते हैं और एक दिन उनके जीवन में भी बच्चे जरूर आएंगे।

60 साल के सलमान खान ने यह भी बताया कि वह अपनी निजी जिंदगी के बारे में ज्यादा बात करना पसंद क्यों नहीं करते। उनकी शादी को लेकर सालों से सवाल उठते रहे हैं। इस बार अभिनेता ने खुद बताया कि उन्होंने अब तक शादी क्यों नहीं की और इसके पीछे उनका क्या फैसला रहा है।

सलमान खान ने बताया, क्यों कहा था ‘मैं वर्जिन हूं’

शो के दौरान जब करण जौहर ने सलमान से शादी को लेकर सवाल किया, तो अभिनेता ने कहा, “मैं ठीक हूं।” इस पर करण ने ‘कॉफी विद करण’ के चौथे सीजन की एक पुरानी बातचीत का जिक्र करते हुए पूछा, “क्या आप अब भी वर्जिन हैं?” उस सीजन में सलमान ने कहा था, “हां, मैं वर्जिन हूं।” उनका यह बयान काफी चर्चा में रहा था।

इस बार सलमान ने उस बयान के पीछे की वजह बताते हुए कहा कि वह दरअसल अपनी निजी जिंदगी पर बात नहीं करना चाहते थे। उन्होंने कहा कि लोग अक्सर किसी के साथ उनका नाम जोड़ देते हैं, लेकिन यह पता नहीं होता कि वह व्यक्ति उनके जीवनसाथी के रूप में साथ रहेगा या नहीं। हो सकता है कि वह व्यक्ति बाद में किसी और से शादी कर ले।

यह भी पढ़ें: Koffee With Karan 9: सलमान खान के घर में होती हैं पैरानॉर्मल एक्टिविटी, करण जौहर के शो में बताया वाकया

सलमान ने आगे बताया कि जब वह 15-16 साल के थे, तभी से उन्होंने अपनी निजी जिंदगी को सार्वजनिक न करने का फैसला कर लिया था। उन्हें यह सीख अपने पिता और मशहूर पटकथा लेखक सलीम खान से मिली थी।

अभिनेता ने कहा, “बेडरूम, बेडरूम होता है और लिविंग रूम पूरा देश है। बेडरूम की बातें लिविंग रूम तक नहीं पहुंचनी चाहिए।” उनका कहना था कि निजी जिंदगी की कुछ बातें निजी ही रहनी चाहिए।

बातचीत के दौरान करण जौहर ने कहा कि कभी-कभी उन्हें साथी के न होने की वजह से अकेलापन महसूस होता है। उन्होंने सलमान से भी पूछा कि क्या उन्हें अपनी जिंदगी में किसी ऐसे व्यक्ति की कमी महसूस होती है, जिसे वह अपना कह सकें।

इस पर सलमान ने करण से कहा कि उनके पास बच्चे हैं और उनकी मां भी हैं, इसलिए वह खुशकिस्मत हैं। अभिनेता ने कहा कि अकेलापन तब महसूस होता है, जब कोई आपके साथ रहना ही नहीं चाहता। उन्हें नहीं लगता कि करण के मामले में ऐसा है।

पिता बनना चाहते हैं सलमान खान

जब करण जौहर ने सलमान से पूछा कि क्या उन्हें पिता बनने का अनुभव न मिलने का अफसोस है, तो अभिनेता ने कहा कि वह जिंदगी में किसी समय बच्चे जरूर चाहते हैं। उन्होंने पिता बनने को बेहद खूबसूरत अनुभव बताया और कहा कि जब करण के बच्चे हुए थे, तब उन्हें भी बहुत खुशी हुई थी।

सलमान ने कहा, “मैं जिंदगी में किसी मोड़ पर बच्चे चाहता हूं। यह सबसे शानदार चीज है। जब आपके बच्चे हुए थे, तब मैं बहुत खुश था। इसलिए आप कभी यह नहीं कह सकते कि आप अकेले हैं। आपके पास दो खूबसूरत बच्चे हैं।”

‘मुझे शादी करने से किसी ने नहीं रोका’

शादी न करने के फैसले पर बात करते हुए सलमान ने साफ किया कि उन्हें किसी ने शादी करने से नहीं रोका। उन्होंने खुद ही शादी न करने का फैसला लिया था।

अभिनेता ने कहा, “मुझे शादी करने से किसी ने नहीं रोका, मैंने खुद को रोका। इसलिए आप यह शिकायत नहीं कर सकते कि मैं यह चाहता था, लेकिन पूरी दुनिया मेरे खिलाफ थी और इसी वजह से मैं किसी के साथ नहीं रह पाया। मैं किसी को दोष नहीं दे सकता, क्योंकि यह मेरा फैसला था और मैं इससे खुश हूं। लेकिन हां, एक दिन बच्चे मेरी जिंदगी का हिस्सा जरूर बनेंगे।”