सुपरस्टार सलमान खान साल 1974 यानी लगभग पिछले 50 सालों से भी ज्यादा समय से मुंबई के बांद्रा इलाके में स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट में रह रहे हैं। लेकिन अब खबर है कि अभिनेता जल्द ही एक नए घर में शिफ्ट हो सकते हैं। एनडीटीवी की हालिया रिपोर्ट के अनुसार, बांद्रा में समुद्र के किनारे सलमान खान के लिए 6 मंजिला नया घर बनाया जाएगा और यह इमारत उनकी मां सलमा खान के नाम पर होगी।

बांद्रा में सलमान खान का नया घर

पिछले हफ्ते खबर आई थी कि सलमान खान को बांद्रा में छह मंजिला रिहायशी इमारत बनाने की मंजूरी मिल गई है। हालांकि, सलमान के परिवार के गैलेक्सी अपार्टमेंट्स से कहीं और जाने के बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन खबर है कि महाराष्ट्र कोस्टल जोन मैनेजमेंट अथॉरिटी (MCZMA) ने 16 जून को इस निर्माण प्रस्ताव को मंजूरी दे दी थी।

यह भी पढ़ें: 16 साल की उम्र में कॉफी शॉप में टेबल साफ करते थे विक्रांत मैसी, 24 की उम्र में पूरा किया बड़ा सपना

खबरों के मुताबिक, नई बिल्डिंग बांद्रा के चिम्बाई इलाके में गैलेक्सी अपार्टमेंट्स से थोड़ी दूरी पर बनाई जाएगी। जिस प्लॉट पर यह बिल्डिंग बनेगी, वह सलमान खान की मां सलमा खान का है। पहले उस प्लॉट पर दो मंजिला घर था, लेकिन 1956 में ढांचे के लिहाज से असुरक्षित होने के कारण उसे गिरा दिया गया था। नई बिल्डिंग में ग्राउंड फ्लोर, स्टिल्ट पार्किंग और छह ऊपरी मंजिलें होंगी। बिल्डिंग का कुल बिल्ट-अप एरिया 1014 स्क्वायर मीटर होगा और इसे सच डेवलपर्स बनाएगा।

गैलेक्सी अपार्टमेंट्स में फायरिंग की घटना

खान परिवार का घर गैलेक्सी अपार्टमेंट्स काफी मशहूर है, लेकिन साल 2024 में वहां बिश्नोई गैंग ने गोलियां चला दी थी। इसके बाद घर और उसके आस-पास की सुरक्षा बढ़ा दी गई। यहां तक कि सलमान खान को भी Y+ सिक्योरिटी दी गई। फायरिंग की घटना के बाद सलमान खान ने पिछले साल इ-टाइम्स से बात करते हुए बताया था कि उन्होंने बुलेटप्रूफ ग्लास और सुरक्षा के दूसरे इंतजाम किए हैं, ताकि लोग बालकनी से चढ़कर घर में न घुस सकें। उन्होंने यह भी बताया था कि कभी-कभी उन्हें लोग बालकनी में सोते हुए मिलते थे, इसलिए उन्होंने उसे ढक दिया।

सलमान खान को फ्लैट में रहना है पसंद

साल 2017 में सलमान खान ने बताया था कि उन्हें बंगले के बजाय फ्लैट में रहना पसंद है। ‘सा रे गा मा पा लिटिल चैंप्स’ के एक एपिसोड में उन्होंने कहा था, “मुझे बांद्रा में अपने फ्लैट में रहना किसी बड़े और आलीशान बंगले में रहने से ज्यादा पसंद है, क्योंकि मेरे माता-पिता मेरे फ्लैट के ठीक ऊपर वाले फ्लैट में रहते हैं। बचपन से ही मैं घर आने-जाने के लिए एक ही रास्ते का इस्तेमाल करता रहा हूं और मैं इसे बदलना नहीं चाहता।

पूरी बिल्डिंग एक परिवार की तरह है। जब हम छोटे थे, तो बिल्डिंग के सभी बच्चे नीचे गार्डन में एक साथ खेलते थे और कभी-कभी वहीं सो भी जाते थे। तब अलग-अलग घरों का कोई फर्क नहीं था। सभी घरों को अपना ही घर माना जाता था और हम खाना खाने के लिए किसी के भी घर चले जाते थे। मैं आज भी उसी फ्लैट में रहता हूं, क्योंकि उस घर से मेरी अनगिनत यादें जुड़ी हुई हैं।”

यह भी पढ़ें: Awarapan 2 Teaser: खत्म हुआ इंतजार! पुराने अंदाज में नजर आए इमरान हाशमी, ‘आवारापन 2’ का टीजर हुआ रिलीज