करण जौहर के चर्चित चैट शो ‘कॉफी विद करण 9’ की शुरुआत सलमान खान के साथ हुई। शो के पहले एपिसोड में सलमान ने अपनी जिंदगी से जुड़े कई दिलचस्प किस्से शेयर किए। इस दौरान उन्होंने अपने घर में होने वाली पैरानॉर्मल एक्टिविटी यानी असामान्य घटनाओं से जुड़ा एक ऐसा अनुभव बताया, जिसे सुनकर हर कोई हैरान रह गया।
सलमान और करण की दोस्ती काफी पुरानी है। दोनों ने साल 1998 में रिलीज हुई फिल्म ‘कुछ कुछ होता है’ में साथ काम किया था। इस फिल्म में सलमान छोटे से रोल में नजर आए थे।
शो में करण जौहर ने बताया कि जब वह फिल्म ‘कुछ कुछ होता है’ की कहानी सुनाने सलमान खान के घर गए थे, तो उनका कमरा देखकर हैरान रह गए थे। करण ने बताया कि सलमान अपने परिवार के साथ गैलेक्सी अपार्टमेंट्स में रहते थे। उनके कमरे में एक छोटा सा बेड और अलमारी थी। करण को यकीन नहीं हो रहा था कि सलमान खान जैसे बड़े स्टार का कमरा इतना छोटा हो सकता है।
सलमान खान को कमरे में महसूस होती थी किसी की मौजूदगी
इसी बातचीत के दौरान सलमान खान ने अपने कमरे से जुड़ा एक अजीब अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि वह उस कमरे में कभी अकेले नहीं रहे। उन्हें हमेशा लगता था कि वहां कोई और भी मौजूद है, जिसे उन्होंने कभी देखा नहीं, लेकिन उसकी आवाज सुनाई देती थी।
सलमान ने बताया कि जब भी वह कमरे से बाहर निकलते थे, तो लाइट अपने आप टिमटिमाने लगती थी। अलमारी अपने आप खुल जाती थी और म्यूजिक सिस्टम भी बिना किसी के चलाए शुरू हो जाता था। यहां तक कि बाथरूम में रहने के दौरान भी उन्हें बाहर किसी की मौजूदगी महसूस होती थी, जैसे कोई अलमारी के साथ छेड़छाड़ कर रहा हो।
सलमान बोले- डर नहीं लगता था, बस एक ख्वाहिश थी
करण जौहर ने सलमान से पूछा कि क्या उन्हें लगता था कि उनका कमरा भूतिया है? इस पर अभिनेता ने कहा कि वह इसे भूतिया नहीं कहेंगे, लेकिन वहां किसी की मौजूदगी जरूर महसूस होती थी।
सलमान ने बताया कि जब वह कमरे में गाने बजाते थे, तो उन्हें लगता था कि कोई वहां मौजूद है। इसलिए वह गाने चलाकर कमरे से बाहर निकल जाते थे। कमरे के बाहर बिलियर्ड्स टेबल थी, जहां खेलते समय भी उन्हें लगता था कि कमरे के अंदर कोई है।
यह भी पढ़ें; सलमान खान ने देर रात किया अपने यूट्यूब चैनल के कंटेंट का खुलासा, बोले- ‘ये आपके बच्चों के लिए…’
करण ने जब पूछा कि क्या इस अनुभव से उन्हें कभी डर लगा, तो सलमान ने कहा कि उन्हें डर नहीं लगता था, क्योंकि उस मौजूदगी ने कभी उन्हें नुकसान नहीं पहुंचाया। हालांकि, उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि उनकी बस एक ही गुजारिश थी कि अगर वहां कोई बेहद खूबसूरत महिला है, तो वह सामने आ जाए।
इस फिल्म में नजर आएंगे सलमान खान
वर्कफ्रंट की बात करें तो सलमान खान जल्द ही निर्देशक अपूर्व लाखिया की फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ में नजर आएंगे। अभिनेता के इस नए प्रोजेक्ट को लेकर उनके फैंस काफी उत्साहित हैं।
करण जौहर के शो ‘कॉफी विद करण’ में नजर आने के कुछ घंटों बाद सलमान खान ने सोशल मीडिया पर अपने पिता और दिग्गज स्क्रीनराइटर सलीम खान के साथ कई तस्वीरें साझा कीं। सलमान खान अपने पिता के साथ बेहद सम्मान और प्यार का रिश्ता साझा करते हैं।
बुधवार रात ‘टाइगर 3’ के अभिनेता ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर ये तस्वीरें पोस्ट कीं। इसके साथ लिखे कैप्शन से जाहिर हुआ कि सलमान अपने पिता की सेहत और 91 साल की उम्र में उनके साथ होने के लिए शुक्रगुजार हैं।
