अपकमिंग फिल्म ‘7 डॉग्स’ का ट्रेलर मंगलवार को रिलीज हुआ और सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा में आ गया। ट्रेलर में बॉलीवुड सितारों सलमान खान और संजय दत्त की कैमियो झलकियों ने सबसे ज़्यादा ध्यान खींचा। बैड बॉयज़ फॉर लाइफ के निर्देशक आदिल एल अर्बी और बिलाल फल्लाह द्वारा निर्देशित इस हाई-ऑक्टेन एक्शन ड्रामा में दोनों सितारों की मौजूदगी बड़ी चर्चा का विषय बन गई है।

ट्रेलर में सलमान और संजय के किरदारों का खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन इशारों से साफ है कि ये पल भर के कैमियो नहीं हैं। वीडियो में सलमान खान को सफेद सूट में दिखाया गया है, जहां वह कहते हैं,“तुम जानते हो वो क्या करता है? वो अपनी पूरी जिंदगी डॉक्यूमेंट करता है।” इसके बाद होती है संजय दत्त की एंट्री और वो एक गैजेट हाथ में लिए हुए नजर आते हैं, जिनके पीछे कई लोग चलते दिखाई देते हैं। आगे एक सीन में सलमान बैठे हुए एक खलनायक से पूछते हैं, “तुम मुझे अपराधी जैसे क्यों लग रहे हो?”

हालांकि ट्रेलर में दोनों को ज्यादा एक्शन करते हुए नहीं दिखाया गया है। जैसे ही ट्रेलर सामने आया, सलमान और संजय की झलकियों वाले एडिटेड क्लिप्स सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। फैंस ने कमेंट सेक्शन में दोनों को 25 साल बाद एक साथ देखने को लेकर उत्साह जाहिर किया। सलमान और संजय की जोड़ी कभी पर्दे पर काफी लोकप्रिय रही है और दोनों ‘साजन’, ‘दस’ और ‘चल मेरे भाई’ जैसी फिल्मों में साथ नजर आ चुके हैं।

यूजर्स की प्रतिक्रिया

रेडिट और एक्स (X) पर सामने आए वीडियो पर एक फैन ने लिखा, “मुझे सलमान खान और संजय दत्त की जोड़ी बहुत याद आती है।”
एक अन्य यूजर ने कमेंट किया, “सलमान और संजय ने कमाल कर दिया।” एक तीसरी प्रतिक्रिया में लिखा गया, “यहां सलमान खान का एक सीन का डायलॉग डिलीवरी पूरी ‘सिकंदर’ फिल्म से बेहतर है।” वहीं एक फैन ने कहा, “मैं यहां सिर्फ सलमान खान के लिए हूं, उन्हें बड़े पर्दे पर देखने का बेसब्री से इंतजार है।”

यह भी पढ़ें: ‘धुरंधर 2’ की रिलीज से पहले रणवीर सिंह को व्हाट्सएप पर मिली धमकी, फिरौती की मांग

इससे पहले, अपनी फिल्म ‘सिकंदर’ के प्रमोशन के दौरान सलमान खान ने यह पुष्टि की थी कि वह एक आगामी एक्शन फिल्म में संजय दत्त के साथ काम करने वाले हैं। ‘7 डॉग्स’ में मिस्र के अभिनेता करीम अब्देल-अजीज और अहमद एज मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म की कहानी मध्य पूर्व में फैल रही एक जानलेवा नई ड्रग के खिलाफ जंग पर आधारित है। इसकी कहानी तुर्की अल-शेख, जो सऊदी अरब के जनरल एंटरटेनमेंट अथॉरिटी के चेयरमैन हैं, ने लिखी है। यह फिल्म इस साल के अंत में सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।