बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव पिछले कुछ दिनों से चर्चा में बने हुए हैं। दरअसल, एक्टर ने 4 फरवरी को तिहाड़ जेल में सरेंडर कर दिया था, क्योंकि वह 9 करोड़ रुपये के कर्ज नहीं चुका पाए, जो उन्होंने फिल्म बनाने के लिए 2010 में लिया था। मंगलवार को सोनू सूद, राजपाल की मदद के लिए आगे आए थे। उन्होंने इसे लेकर सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर एक ट्वीट किया और बाकी लोगों से भी उनकी मदद करने के लिए कहा था।
अब, एक्टर के मैनेजर गोल्डी ने स्क्रीन को दिए इंटरव्यू में बताया कि बॉलीवुड के कई जाने-माने नामों ने पैसे की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है। इस लिस्ट में अजय देवगन, सलमान खान, वरुण धवन समेत कई अन्य नाम शामिल हैं।
सलमान-अजय ने किया सपोर्ट
स्क्रीन से बात करते हुए गोल्डी ने कहा, “बहुत से लोग राजपाल यादव की मदद के लिए आगे आए हैं। सोनू सूद, सलमान खान और अजय देवगन जैसे एक्टर्स ने अपना सपोर्ट दिया है। मैं अभी डेविड धवन के साथ कॉल पर था, उन्होंने भी मदद की। रतन नैन, वरुण धवन… इस बार बहुत से लोग उनकी मदद के लिए आगे आ रहे हैं, जिसकी राजपाल ने बहुत तारीफ की है।”
जब अभिनेता के मैनेजर से पूछा गया कि क्या राजपाल ने तिहाड़ में सरेंडर करने से पहले मदद मांगी थी, तो गोल्डी ने कोई कमेंट नहीं किया। उन्होंने कहा, “मैं इस पर कोई कमेंट नहीं करना चाहूंगा।” हालांकि, उन्होंने आगे कहा, “अच्छी बात यह है कि उनकी हालत बिगड़ने के बाद इंडस्ट्री चट्टान की तरह उनके साथ खड़ी रही और इसकी तारीफ होनी चाहिए। सभी ने कमिटमेंट किए हैं, लेकिन ऐसे ट्रांजैक्शन रातों-रात नहीं होते।”
जल्द रिहा हो सकते हैं राजपाल
उसी इंटरव्यू में गोल्डी ने उम्मीद जताई कि राजपाल जल्द ही रिहा हो सकते हैं। उन्होंने कहा, “मेंटली, परिवार को मजबूत रहना होगा। राजपाल भाई खुद बहुत मजबूत हैं और यही मजबूती परिवार में भी है। घर पर कई सेलिब्रेशन हैं और फरवरी के आखिर में फैमिली फंक्शन होने वाले हैं। हर कोई चाहता है कि राजपाल भाई तब तक बाहर आ जाएं। उम्मीद है, वह कल तक बाहर आ जाएंगे।”
गोल्डी ने आगे बताया, “हमने कल उनकी बेल हियरिंग तय की है और हमें उम्मीद है कि उन्हें बेल मिल जाएगी और वे रिहा हो जाएंगे। बेल एप्लीकेशन पहले ही फाइल कर दी गई है। हम कल हियरिंग के बाद और डिटेल्स शेयर कर पाएंगे।”
इन सितारों ने भी किया अभिनेता का सपोर्ट
इनसे पहले गुरु रंधावा, गुरमीत चौधरी और केआरके ने भी उनकी मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाया। वहीं, म्यूजिक डायरेक्टर राव इंद्रजीत यादव ने भी सबके सामने अपने सपोर्ट का ऐलान किया था। राव इंद्रजीत ने बताया कि वह 1.11 करोड़ रुपये देंगे और उन्होंने राजपाल यादव की बैंक डिटेल्स भी शेयर कीं। वहीं, नेता तेज प्रताप यादव ने 11 लाख रुपये की मदद का ऐलान किया, जबकि केआरके ने कहा कि वह 10 लाख रुपये देंगे।
