बॉलीवुड एक्टर सलमान खान की एक टिप्पणी या तारीफ अन्य सितारों के लिए काफी मायने रखती है। इन दिनों बॉर्डर 2 एक्टर वरुण धवन सुर्खियों का हिस्सा बने हुए हैं। सनी देओल की फिल्म में उन्होंने महत्वपूर्ण किरदार की भूमिका अदा की। मूवी के सुपरहिट होने के बाद सभी के काम को सराहा गया, लेकिन ट्रेलर और टीजर रिलीज के बाद वरुण को उनके रोल के लिए ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था। लोगों ने सवाल खड़े किए थे कि क्या वरुण धवन परमवीर चक्र विजेता कर्नल होशियार सिंह दहिया के गंभीर किरदार को बड़े पर्दे पर बखूबी निभा पाएंगे या नहीं। खैर, अब वरुण ने सुपरस्टार सलमान की प्रतिक्रिया के बारे में बताया है कि मूवी में उनके काम के बारे में भाईजान ने क्या कुछ कहा।

वरुण धवन समेत बॉर्डर 2 के तमाम सितारे इन दिनों फिल्म की सफलता एंजॉय कर रहे हैं। इस बीच वरुण धवन ने एक रोचक और ध्यान आकर्षित करने वाला किस्सा सुनाया, जो सलमान खान के फोन कॉल से जुड़ा है। भाईजान के फैंस जानते हैं कि वह चुनिंदा लोगों को फोन करते हैं, और बिल्कुल सही फीडबैक देने के लिए जाने जाते हैं।

फिल्म बॉर्डर 2 की सफलता को एंजॉय करने के लिए मुंबई में 12 फरवरी को एक खास प्रेस मीट रखी गई, जिसमें वरुण ने सलमान खान के आधी रात को आए फोन के बारे में जिक्र किया। वरुण ने बताया कि जब उन्हें ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा था, तो सलमान ने उन्हें हिम्मत देने का काम किया। इस बारे में बॉर्डर 2 एक्टर ने कहा, जब यह सब कुछ चल रहा था, तो सलमान भाई का फोन आया। वह बस हंस रहे थे, और उन्होंने मुझसे कहा अच्छी चीजें होने वाली हैं।

यह भी पढ़ें: हर फ्रेम में सस्पेंस और खौफ, 128 मिनट की ये फिल्म OTT पर मचा रही तहलका

वरुण ने आगे बताया कि फिल्म के हिट होने के बाद सलमान खान का फिर फोन आया। उन्होंने कहा, रात के 2 बज रहे थे, सलमान भाई का फोन आया और उन्होंने मुझसे कहा, बेटा मुझे तुम पर गर्व है। यह सुनकर मैं अपने बिस्तर पर खड़ा हो गया। सलमान भाई कभी भी आसानी से किसी की तारीफ नहीं करते हैं, और उनका यह कुछ कहना मेरे लिए किसी अवॉर्ड से कम बिल्कुल नहीं था।