मशहूर सिंगर-कंपोजर सलीम मर्चेंट ने हाल ही में एआर रहमान के उस बयान से असहमति जताई है, जिसमें उन्होंने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में कथित तौर पर साम्प्रदायिकता की बात कही थी। सलीम का कहना है कि अगर इंडस्ट्री में सच में ऐसा कोई माहौल होता, तो एआर रहमान जैसे बड़े म्यूजिक डायरेक्टर को ‘रामायण’ जैसी विशाल फिल्म का हिस्सा नहीं बनाया जाता।

IANS को दिए इंटरव्यू में सलीम मर्चेंट ने कहा, “मुझे नहीं लगता कि ऐसा है। रहमान ने जो कहा है, उसका मैं सम्मान करता हूं। हो सकता है कि वो अपने अनुभव के आधार पर ऐसा कह रहे हों, लेकिन मुझे नहीं लगता कि इंडस्ट्री में वैसी स्थिति है।”

सलीम ने आगे अपनी बात समझाते हुए एआर रहमान के मौजूदा प्रोजेक्ट का जिक्र किया। उन्होंने कहा, “अगर भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक, जो कि हिंदू महाकाव्य रामायण पर आधारित है, उसका म्यूजिक एआर रहमान बना रहे हैं, तो मुझे नहीं लगता कि इंडस्ट्री में कोई साम्प्रदायिक समस्या है। हालांकि यह मेरा नजरिया है, रहमान के पास अपनी वजहें हो सकती हैं।”

यह भी पढ़ें: सलमान खान के फोटोग्राफर का लग्जरी फार्महाउस देख फराह खान हुईं हैरान- अगर भाई पसंद कर लें तो…

ये है मामला

दरअसल, एआर रहमान ने इससे पहले बीबीसी एशियन नेटवर्क को दिए एक इंटरव्यू में कहा था कि फिल्म इंडस्ट्री में कई बार फैसले क्रिएटिव लोगों की जगह ऐसे लोग लेने लगते हैं जो खुद क्रिएटिव नहीं होते। उन्होंने इशारों-इशारों में यह भी कहा था कि कुछ मामलों में इसमें साम्प्रदायिक एंगल भी हो सकता है।

क्या थे रहमान के बोल?

एआर रहमान ने कहा था, “आजकल कई बार ऐसे लोग फैसले लेते हैं जो क्रिएटिव नहीं हैं। हो सकता है इसमें कहीं न कहीं साम्प्रदायिक बात भी रही हो, लेकिन मेरे सामने सीधे ऐसा नहीं हुआ। कई बार मुझे बाद में पता चलता है कि उन्होंने आपको साइन किया था, लेकिन म्यूजिक कंपनी ने बाद में पांच दूसरे कंपोजर्स को ले लिया।”

यह भी पढ़ें: ‘गला चल रहा और सुर नहीं है’, जब सोनू निगम ने एआर रहमान की आवाज पर दिया बयान

हालांकि इस बयान के बाद कई जगहों से आलोचना भी हुई। इसके बाद एआर रहमान ने सोशल मीडिया पर सफाई देते हुए कहा कि उनका इरादा किसी को ठेस पहुंचाने का नहीं था।

इंस्टाग्राम पर उन्होंने लिखा, “दोस्तों, मेरे लिए संगीत हमेशा लोगों को जोड़ने, अलग-अलग संस्कृतियों का सम्मान करने और उन्हें सेलिब्रेट करने का जरिया रहा है। भारत ही मेरी प्रेरणा, मेरा शिक्षक और मेरा घर है।”

उन्होंने आगे लिखा, “कभी-कभी लोगों के इरादों को गलत समझ लिया जाता है, लेकिन मेरा मकसद हमेशा संगीत के जरिए लोगों को जोड़ना और सम्मान देना रहा है। मैंने कभी किसी को दुख पहुंचाने की इच्छा नहीं रखी।” एआर रहमान के बयान के बारे में अधिक पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…