साल 2021 में आज ही के दिन यानी 7 जुलाई को दिलीप कुमार ने 98 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया था। अब दिलीप कुमार की पुण्यतिथि पर उनकी पत्नी अभिनेत्री सायरा बानों ने उनकी कुछ खूबसूरत यादों के साथ भावुक कर देने वाला पोस्ट शेयर किया है।
सायरा बानो ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर दिलीप कुमार के साथ अपनी कुछ खूबसूरत तस्वीरें शेयर की हैं। जिनके साथ उन्होंने लिखा, “जिंदगी की सबसे खूबसूरत बात यह है कि वह कभी पूरी तरह खत्म नहीं होती। वह यादों में हमेशा जीवित रहती है। यादें समय की तरह साथ नहीं छोड़तीं, बल्कि हर मुस्कान, हर नज़र और हर पल को फिर से जीने का एहसास कराती हैं। किसी को याद करना इस बात का सबसे बड़ा प्रमाण है कि वह कभी भुलाया नहीं गया।”
उन्होंने 7 जुलाई 2021 का वह दिन भी याद किया, जब दिलीप कुमार इस दुनिया को अलविदा कह गए थे। सायरा ने लिखा कि उन्हें लगता है जैसे दिलीप उन्हें इस दुनिया से जाने से पहले अनमोल यादों का ऐसा खजाना देकर गए, जिसके सहारे वह पूरी जिंदगी जी सकती हैं।
यह भी पढ़ें: ‘मेरे प्यारे यूसुफ साहब के धरम थे’, धर्मेंद्र के लिए सायरा बानो ने लिखा खूबसूरत पोस्ट, शेयर की यादगार तस्वीरें
उन्होंने आगे लिखा, “7 जुलाई 2021 को दिलीप कुमार सिर्फ मुझे नहीं, बल्कि उस पूरी दुनिया को छोड़कर चले गए, जो उनसे बेइंतहा मोहब्बत करती थी। परिवार, दोस्त, प्रशंसक और फिल्म जगत के लोगों के दिलों में जो खालीपन आया, उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। लेकिन मेरे लिए वह दुनिया के महान अभिनेता से कहीं बढ़कर थे। वह मेरी जिंदगी का सहारा, मेरी सबसे बड़ी ताकत थे।”
सायरा बानो ने कहा कि उनका और दिलीप कुमार का रिश्ता सिर्फ साथ रहने तक सीमित नहीं था, बल्कि वह एक संपूर्ण और संतुष्ट जीवन था। उन्होंने लिखा कि दिलीप कुमार बेहद उदार, संवेदनशील और ज़िम्मेदार इंसान थे। दुनिया उन्हें महान अभिनेता के रूप में हमेशा याद रखेगी, लेकिन जो लोग उन्हें करीब से जानते थे, वे उन्हें एक दयालु इंसान, समाजसेवी और सच्चे दोस्त के रूप में भी याद करेंगे।
यह भी पढ़ें: ‘मेरी मोहब्बत हम दोनों के लिए काफी है’, जब दिलीप कुमार के लिए सायरा बनो ने किया था अपने प्यार का इजहार | रील गाथा
अपने पोस्ट के अंत में सायरा ने लिखा, “अब पीछे मुड़कर देखती हूं तो महसूस होता है कि मैं सिर्फ इतिहास की गवाह नहीं थी, बल्कि खुद उस विरासत का हिस्सा थी, जिसे आने वाली पीढ़ियां भी याद रखेंगी। साहब को इस दुनिया से गए पांच साल हो गए हैं, लेकिन वह मेरी ज़िंदगी से कभी दूर नहीं हुए। इतना गहरा प्यार समय के साथ खत्म नहीं होता। मेरी यादें हर दिन उन्हीं तक पहुंचती हैं। अगर मैं इस जीवन में खुद को सौभाग्यशाली मानती हूं, तो इसलिए कि मुझे दिलीप कुमार से प्यार करने और उनका प्यार पाने का सौभाग्य मिला। यही मेरे जीवन का सबसे बड़ा आशीर्वाद है।”
सायरा बानो ने कई मौकों पर दिलीप कुमार के लिए अपने प्यार का इजहार किया है। बहुत पहले कलर्स सिनेप्लेक्स के साथ बातचीत में सायरा बानो ने दिलीप कुमार के लिए अपने प्यार, शादी और रिश्ते को लेकर बेहद भावुक और दिल छू लेने वाली बातें कही थीं। बातचीत के दौरान उनके शब्दों से साफ जाहिर हो गया था वह दिलीप कुमार को सिर्फ पति नहीं, बल्कि अपनी जिंदगी का सबसे बड़ा हिस्सा मानती हैं। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
