Koffee With Karan: करण जौहर के चैट शो ‘कॉफी विद करण’ के फाइनल सीजन में एक बार फिर सैफ अली खान और करीना कपूर की जोड़ी नजर आने वाली है। कई सालों बाद यह कपल एक साथ शो में वापसी कर रहा है। इससे पहले उन्हें सीजन 3 के एक एपिसोड में देखा गया था।

‘कॉफी विद करण’ के नए एपिसोड के प्रोमो से ही अंदाजा लग गया था कि यह काफी मजेदार होने वाला है। जहां सैफ अपने बेबाक और मजाकिया अंदाज से हंसाते नजर आएंगे, वहीं करीना भी अपने चिर-परिचित अंदाज में करण की क्लास लगाती दिखेंगी। बातचीत के दौरान दोनों भावुक भी होंगे।

शो के प्रोमो में सैफ और करीना ने पिछले साल अपने घर में हुए वाकये को याद किया। जनवरी 2025 में कपल के घर एक शख्स घुस आया था, जिससे झड़प में सैफ घायल हो गए थे। उनपर चाकू से हमला हुआ था।

भावुक हुए करीना और सैफ

एपिसोड के एक बेहद भावुक पल में सैफ और करीना ने उस रात के बारे में खुलकर बात की। करीना ने बताया कि इस घटना का उन पर इतना गहरा असर पड़ा था कि वह इसके बाद करीब छह महीने तक ठीक से सो नहीं पाईं।

उस रात का खौफनाक मंजर याद करते हुए करीना ने बताया, ‘मैं सड़क पर चिल्ला रही थी, ‘रुको, रुको’। ऐसा लग रहा था जैसे किसी फिल्म का सीन चल रहा हो।’

और पढ़ें: रामायण का महा-आगाज; हॉलीवुड तकनीक, बॉलीवुड सितारे, कितनी भव्य होगी नितेश तिवारी की ‘रामायण’?

सैफ ने उस पूरी घटना को याद करते हुए कहा कि वह उनकी जिंदगी की सबसे बुरी रात थी। उन्होंने कहा, ‘यह रातों के इतिहास की सबसे बुरी रात थी।’

सैफ ने अपने घावों की गंभीरता के बारे में भी बात की। उन्होंने बताया कि उस मुश्किल वक्त में खुद को संभाले रखना कितना चुनौतीपूर्ण था। खासकर तब जब उनके बच्चे भी यह सब देख रहे थे। इस दौरान दोनों ने यह भी बताया कि मुश्किल घड़ी में उनके परिवार और करीबियों ने किस तरह उनका साथ दिया।

सैफ अली खान के साथ उस रात क्या हुआ?

16 जनवरी 2025 को एक घुसपैठिया बांद्रा स्थित सैफ और करीना के घर में घुस गया था। उसने सबसे पहले उनकी नौकरानी का सामना किया। जब सैफ ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो मामला हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान सैफ पर चाकू से कई वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

इसके बाद सैफ को ऑटो रिक्शा से अस्पताल पहुंचाया गया। वहां उनकी करीब छह घंटे तक सर्जरी चली। पांच दिन अस्पताल में रहने के बाद 21 जनवरी को वह घर लौट आए थे।

और पढ़ें: आलिया भट्ट की मां सोनी राजदान ने पटाखे जलाने को बताया ‘एंटी-नेशनल’, बयान पर छिड़ा विवाद

इस घटना के बाद मुंबई पुलिस ने आरोपी मोहम्मद शरीफुल शहजाद को हमले के तीन दिन बाद गिरफ्तार कर लिया था। अब इस मामले की सुनवाई शुरू हो चुकी है। पिछले महीने से मुकदमे की कार्रवाई जारी है।

ये है कॉफी विद करण का आखिरी सीजन

करण जौहर ने पिछले महीने ही ऐलान किया था कि उनका पॉपुलर चैट शो ‘कॉफी विद करण’ इस सीजन के बाद खत्म हो जाएगा। सलमान खान इस सीजन के पहले मेहमान बने थे। 4 नवंबर को शो के चौथे एपिसोड में करीना कपूर और सैफ अली खान, करण के साथ बातचीत करते नजर आएंगे। यह आज शाम 7 बजे से जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होगा।

और पढ़ें: 40 साल पहले बिना VFX के बनी थी रामायण, पालक पीसकर बनी संजीवनी बूटी, कैसे उड़ा था पुष्पक विमान?