शर्मिला टैगोर और मंसूर अली खान पटौदी की बेटी सबा ने भले ही लाइमलाइट से दूर रहती हैं। सबा ने अपने भाई-बहनों सैफ अली खान और सोहा अली खान की तरह फिल्मों में करियर नहीं बनाया। लेकिन सबा के हाथ में परिवार की एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी है।

सबा अली खान को पटौदी परिवार के भोपाल एस्टेट की 1000 करोड़ रुपये की विरासत की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। उनके पिता मंसूर उर्फ टाइगर पटौदी, भोपाल की नवाब बेगम साजिदा सुल्तान के बेटे थे। साजीदा ने पटौदी के 8वें नवाब इफ्तिखार अली खान पटौदी से शादी की थी।

भोपाल की नवाब बेगम के रूप में साजिदा सुल्तान की कुछ जिम्मेदारियां थीं। उनके निधन के बाद वो जिम्मेदारियां टाइगर को सौंपी गईं। टाइगर ने फिर सबा को भोपाल प्रोजेक्ट का ‘मुतवल्ली’ बना दिया।

‘मुतवल्ली’ वक्फ का संरक्षक या प्रबंधक होता है। सबा के मामले में वह ‘औकाफ-ए-शाही’ की ‘मुतवल्ली’ हैं। ये एक ट्रस्ट है, जो उनके पिता और दादी चलाया करते थे। हाल ही में शी द पीपल टीवी (SheThePeople TV) के साथ बातचीत में, सबा ने कहा कि उनके पिता ही थे जिन्होंने उन्हें भोपाल में उनकी जिम्मेदारियों के बारे में सिखाया था। उन्होंने कहा, ‘उन्होंने वह विरासत मेरे साथ आगे ले जाने के लिए छोड़ी।’

और पढ़ें: Drishyam 3 Box Office Day 12: अजय देवगन की फिल्म ने 12वें दिन रचा इतिहास, वर्ल्डवाइड कमाई 501 करोड़ पार

पटौदी परिवार की 1000 करोड़ की विरासत

जब पूछा गया कि क्या यह ‘1000 करोड़ से ज्यादा की विरासत’ थी, तो उन्होंने हां कहा। सबा अली खान ने बताया, ‘भोपाल प्रोजेक्ट, असल में मक्का और मदीना के लिए भी जिम्मेदार है। रुबात (पारंपरिक धर्मार्थ गेस्ट हाउस), जिसका मतलब है कि जब हाजी भोपाल से हज के लिए जाते हैं, तो उनके ठहरने का ख्याल रखना। इसलिए हम इमारतें अधिग्रहित करते हैं।’

फिर उन्होंने भोपाल में अपनी जिम्मेदारियों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि वह उन स्मारकों के लिए जिम्मेदार हैं जो ‘औकाफ-ए-शाही’ के अंतर्गत आते हैं।

सबा ने कहा, ‘तो मस्जिदें और उनके ट्रस्ट के तहत आने वाली इमारतों का मैं रखरखाव और लॉजिस्टिक रूप से ध्यान रखती हूं। इसमें बहुत पैसा लगता है, लेकिन वो पैसा भारत वापस नहीं आता है और व्यक्तिगत रूप से इस्तेमाल भी नहीं होता है। यह एक चैरिटी संगठन है जो सऊदी के स्वतंत्र लोगों द्वारा चलाया जाता है। मगर हम संबद्ध हैं। इसलिए यह एक प्रतिष्ठित पद है। ये एक विरासत है जिसके लिए उन्होंने (टाइगर) सोचा था कि मैं सक्षम हूं।’

सबा ने कहा कि भोपाल में परिवार की संपत्ति से संबंधित कुछ कोर्ट केस अभी भी विचाराधीन हैं। लेकिन जब वह सब सुलझ जाएगा, तो वह युवा लड़कियों के लिए एक स्कूल और महिलाओं के लिए एक अस्पताल खोलना चाहती हैं। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाली महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वतंत्र होने के लिए सशक्त बनाना चाहती हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि ‘मुतवल्ली’ का उनका पद हमेशा से ‘महिला-उन्मुख जिम्मेदारी’ था। लेकिन उनके पिता का इस भूमिका में आना एक अपवाद रहा, क्योंकि पहले परिवार की केवल महिलाओं ने ही यह भूमिका निभाई थी।

सबा ने कहा, ‘यह एक बहुत ही सशक्त स्थिति है।’ उन्होंने कहा कि भले ही ‘माहौल बहुत पुरुष-प्रधान है’, उन्होंने हमेशा अपना पक्ष रखा है। वो आगे बोलीं, ‘मुझे वह सम्मान दिया जाता है, क्योंकि वे जानते हैं कि मैं अपने काम को लेकर गंभीर हूं और मैं दबने वाली नहीं हूं। इसलिए मुझे लगता है कि यह काम कर गया है। मुझे बहुत गर्व है कि मैंने इसे अच्छी तरह से संभाला है।’

और पढ़ें: ‘तुम्हारा करियर खत्म’, एक्टर को प्रोड्यूसर ने कही थी कड़वी बात, मार्वल ने बदली जिंदगी

हेल्थ पर सबा ने की थी बात

अपनी बहन सोहा अली खान के साथ सबा ने उनके यूट्यूब चैनल पर बात की थी। इस दौरान उन्होंने अपनी स्वास्थ्य चुनौतियों के बारे में खुलकर बताया था। सबा अली खान ने कहा था कि 27 साल की उम्र में उन्हें अपने ब्रेन ट्यूमर का पता चला था।

उन्होंने कहा, ‘आपकी जिंदगी अचानक सुन्न हो जाती है, क्योंकि उसके बाद कुछ भी सामान्य नहीं लगता। एक दिन आप ठीक हैं और अगले दिन आपको बताया जाता है कि आपकी ब्रेन सर्जरी होने वाली है। यह अपेंडिक्स निकलवाने जितना आसान नहीं है। यह आपको एक तरह से तोड़ देता है। लेकिन यह आपको सशक्त भी बनाता है, क्योंकि आपको इसका सामना करना पड़ता है।’

पटौदी के नवाब का भोपाल रियासत से क्या संबंध है?

साजिदा सुल्तान के पिता हमीदुल्लाह खान, भोपाल के अंतिम शासक नवाब थे। उन्होंने 1960 में अपनी मौत तक यह खिताब संभाला था। उनकी उत्तराधिकारी उनकी सबसे बड़ी बेटी आबिदा बेगम थीं। लेकिन वह 1950 में पाकिस्तान चली गईं। आबिदा की छोटी बहन साजिदा को तब यह खिताब विरासत में मिला। साथ ही 15,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की अनुमानित संपत्तियां भी मिलीं।

साजिदा बेगम की शादी पटौदी के नवाब इफ्तिखार अली खान पटौदी से हुई थी। इफ्तिखार और साजिदा के बेटे मंसूर अली खान उर्फ ‘टाइगर’ पटौदी थे, जो प्रसिद्ध क्रिकेटर थे। टाइगर ने एक्ट्रेस शर्मिला टैगोर से शादी की थी। कपल के तीन बच्चे हुए, सैफ अली खान, सबा अली खान और सोहा अली खान।