बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान एक बार फिर अपने कूल और बेफिक्र अंदाज़ की वजह से सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं। इंटरनेट लंबे समय से उन्हें GenZ coded स्टार मानता आया है- यानी ऐसा स्टार जो बिना ज़्यादा कोशिश किए रिलेटेबल, मज़ेदार और खुद को लेकर बेहद सहज लगे। पिछले हफ्ते उन्होंने फिर ऐसा ही एक वायरल मोमेंट दे दिया।

7 मई को फिल्म कर्तव्य के ट्रेलर लॉन्च के दौरान सैफ की एंट्री ने लोगों का ध्यान खींच लिया। वे इवेंट में आते हुए हल्का-सा डांस करते दिखे और फिर मज़ाकिया अंदाज़ में अपने ही पोस्टर के सामने आशीर्वाद लेते नजर आए। सोशल मीडिया यूज़र्स ने तुरंत इस मोमेंट को करीना कपूर खान के आइकॉनिक मैं अपनी फेवरेट हूं वाइब से जोड़ दिया और देखते ही देखते मीम्स की बाढ़ आ गई।

वहीं कई लोगों ने तो इस वीडियो के साथ गाना डाल दिया- ‘दूसरों की जय से पहले खुद की जय करें।’

अब सैफ ने खुद इस वायरल मोमेंट पर प्रतिक्रिया दी है। नेटफ्लिक्स के एक वीडियो में उन्होंने बताया कि आखिर उस समय उनके दिमाग में क्या चल रहा था।

सैफ ने कहा, ‘वहां एक बड़ा-सा पोस्टर लगा था। मैं बस फिल्म और अपने किरदार को ऑल द बेस्ट कह रहा था। फिल्म में मेरा किरदार अपने घर और परिवार के लिए लड़ता है। जब मैंने स्क्रिप्ट पढ़ी, तो मुझे लगा कि उसमें कई शानदार खूबियां हैं, शायद मुझसे भी ज़्यादा।’

लेकिन सिर्फ यही मोमेंट वायरल नहीं हुआ। सैफ का ज़िंदगी का मकसद वाला बयान भी इंटरनेट पर खूब चर्चा में है।

एक बातचीत में उन्होंने कहा, ‘मैंने कभी ये समझने की कोशिश नहीं की कि जिंदगी का असली मकसद क्या है। और अगर कोई मकसद नहीं भी है तो उससे मुझे कभी परेशानी नहीं हुई। मैं जिंदगी को जैसे है वैसे ही एंजॉय कर रहा हूं। शायद मेरा काम लोगों को एंटरटेन करना है। जैसा अमेरिकन फिल्मों में कहते हैं- बस हर वक्त अच्छा समय बिताना।’

सुभाष चंद्र बोस से दांत दर्द का कराया था इलाज, साइंस पढ़कर बनाई फिल्में; दिलचस्प हैं मृणाल सेन के किस्से

सैफ के इस बेबाक जवाब को सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया गया। कई लोगों ने कहा कि कम से कम वह दूसरों को इंप्रेस करने की कोशिश नहीं करते और जो महसूस करते हैं, वही बोलते हैं। एक यूज़र ने लिखा, सैफ इतने मज़ेदार हैं और मुझे यह बहुत पसंद है। वहीं दूसरे ने कहा, कम से कम वह ईमानदार तो हैं।

फिल्म कर्तव्य में सैफ एक पुलिस अधिकारी की भूमिका निभा रहे हैं, जो कर्तव्य, अंतरात्मा और निजी रिश्तों के बीच संघर्ष करता नजर आएगा। ट्रेलर लॉन्च के दौरान सैफ ने फिल्म के प्रोड्यूसर शाहरुख खान की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि शाहरुख ने उन्हें स्क्रिप्ट सुनने के लिए कहा था और फिल्म पूरी होने के बाद भी वह इससे बेहद खुश थे।

फिल्म का निर्देशन पुलकित ने किया है और इसे रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के बैनर तले गौरी खान ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म में रसिका दुग्गल, संजय मिश्रा, जाकिर हुसैन और मनीष चौधरी जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म 15 मई को Netflix पर रिलीज होगी।

कैसे तय होता है फिल्म हिट हुई या फ्लॉप, क्या है ब्लॉकबस्टर और सुपरहिट में अंतर?