अभिनेता सैफ अली खान सिर्फ 21 साल के थे, जब उन्होंने 1991 में 33 साल की अमृता सिंह से प्यार करने के बाद चुपचाप शादी कर ली थी। यह शादी इतनी प्राइवेट थी कि इसमें न तो सैफ के परिवार का कोई सदस्य शामिल हुआ और न ही अमृता के परिवार का। सैफ की बहनों ने सालों बाद अपने भाई सैफ की शादी में शामिल ना हो पाने की वजह पर बात की है।
सोहा ने एक इंटरव्यू में बताया कि उन्हें सैफ की शादी के बारे में तब पता चला, जब वे स्कूल में थीं। इतना ही नहीं, उन्हें सख्त हिदायतें दी गईं थीं कि वें इस बारे में कोई बात ना करें। मीडिया में शादी की खबर आने के बाद उन्हें इसकी जानकारी मिली थी।
यह भी पढ़ें- जीनत अमान को कम कपड़ों में देख नाराज हुए थे देव आनंद, ‘सत्यम शिवम सुंदरम’ को बताया था गंदी फिल्म | CineGram
सैफ की पहली शादी से बहनें क्यों थी मिसिंग
सैफ और अम्रता की शादी के समय सबा सिर्फ 15 साल की और सोहा 13 साल की थीं। नेहा धूपिया और अंगद बेदी के साथ बातचीत में सोहा और सबा ने बताया कि “जब उनकी शादी हुई, तब हम स्कूल में पढ़ते थे। हमें प्रिंसिपल के ऑफिस में बुलाया गया, जहां हमारे माता-पिता की ओर से कहा गया कि तुम इस बारे में किसी को कुछ नहीं बताओगे।”
“उस वक्त हमें भी नहीं पता था कि यह खबर कितनी सच है, क्योंकि तब तक यह अखबारों में छप चुकी थी। इसलिए हमें साफ तौर पर कहा गया था कि इस बारे में किसी से कोई बात नहीं करनी है।”
सबा और सोहा की बात सुनकर नेहा काफी हैरान हुई कि उन्होंने अपने भाई की शादी अटेंड ही नहीं की। सबा ने आगे ये भी बताया कि “तब हम बहुत छोटे थे। मुझे याद है कि मेरे फ्रेंच टीचर ने मुझे बताया था। यह सब ऐन वक्त पर हुआ था।”
यह भी पढ़ें- ‘नहीं करता तो मुझे हटा दिया जाता’, अमिताभ बच्चन ने ‘केबीसी 18’ के लिए की 24 घंटे की शिफ्ट
शादी करने के बाद सैफ ने शर्मिला को बताया
कॉफी विद करण में सैफ ने बताया था कि उनकी मां शर्मिला टैगोर ने उनके फैसले का समर्थन तो किया, लेकिन यह खबर सुनकर उनकी आंखों से एक बड़ा आंसू निकल आया। सैफ ने कहा था- “जब मैंने शादी की, तब मां ने मेरा साथ दिया। उन्होंने मुझसे कहा, ‘मुझे लगता है कि तुम किसी के साथ रह रहे हो और कुछ बातें चल रही हैं।’ मैंने कहा, ‘हां।’ फिर उन्होंने कहा, ‘बस शादी मत करना।’ तब मैंने जवाब दिया, ‘मैंने तो कल ही शादी कर ली है।’
सैफ ने कहा कि ‘यह सुनते ही उनकी आंख से एक बड़ा आंसू गिरा और वह रोने लगीं। मुझे महसूस हुआ कि मैंने उन्हें सचमुच बहुत दुख पहुंचाया। फिर उन्होंने कहा, ‘तुमने मुझे बहुत दुख दिया, तुमने मुझे पहले क्यों नहीं बताया?’ वास्तव में ऐसा ही हुआ था।”
