‘सेक्रेड गेम्स’ और ‘ब्लैक वॉरेंट’ समेत कई सीरीज में नजर आ चुकीं एक्ट्रेस राजश्री देशपांडे को गंभीर बीमारी हो गई है। एक्ट्रेस ने खुद इस बात की जानकारी दी है कि उन्हें ब्रेस्ट कैंसर हो गया है। राजश्री ने 4 मार्च, 2026 को इंस्टाग्राम पोस्ट में बताया कि उन्हें ब्रेस्ट कैंसर हो गया है। उन्होंने बताया कि कई टेस्ट से गुजरने के बाद, उनकी सर्जरी हुई और अब वो रिकवर कर रही हैं।
हॉस्पिटल बेड पर बैठे हुए उन्होंने अपनी एक तस्वीर शेयर की है। जिसके साथ उन्होंने खुलासा किया कि उन्हें इन्फिल्ट्रेटिंग डक्टल कार्सिनोमा (NOS) है, जो ग्रेड 1 का ब्रेस्ट कैंसर है। कैप्शन में राजश्री ने लिखा, “जब आप यह पढ़ रहे हैं, तो इसका मतलब है आखिरकार अपने माता-पिता को यह बताने की हिम्मत जुटा ली है कि मुझे इन्फिल्ट्रेटिंग डक्टल कार्सिनोमा (NOS), ग्रेड 1 ब्रेस्ट कैंसर हुआ है। अब समय आ गया है कि आप सब भी यह जानें।”
उन्होंने आगे कहा, “सौभाग्य से हमने नियमित जांच में ही इसका पता लगा लिया, जिससे हमें बचने का मौका मिला। ढेरों टेस्ट और सर्जरी किसी रोलरकोस्टर राइड की तरह थे, लेकिन यकीन मानिए, आप सभी के प्यार और स्नेह ने ही मुझे इस दौर से उबरने में मदद की। सर्जरी के बाद अपनी आई और पापा के चेहरे देखकर मेरा डर पिघलकर अटूट शक्ति में बदल गया। आप सभी के सहयोग से मुझे लगता है कि मैं दुनिया का सामना करने के लिए तैयार हूं।”
यह भी पढ़ें: रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा की शादी का हुआ ग्रैंड रिसेप्शन, अल्लू अर्जुन-राम चरण समेत पहुंचे ये स्टार्स
अपनी रिकवरी के बारे में बताते हुए, एक्ट्रेस ने लिखा, “अब मैं बहुत अच्छे से ठीक हो रही हूं और जल्द ही अस्पताल से घर जा रही हूं। डॉ. मंदार नाडकर्णी (@nadkarnim (@kokilabenhospital) का बहुत-बहुत धन्यवाद। उनकी विशेषज्ञता और देखभाल ने इस सफर को बहुत आसान बना दिया। आपका प्यार ही मेरी सबसे बड़ी दवा है। स्वस्थ होने, आशा और आने वाले उज्ज्वल दिनों की कामना करती हूं।”
राजश्री देशपांडे के वर्कफ्रंट की बात करें तो हाल ही में वह प्राइम वीडियो की सीरीज ‘रंगीन’ में विनीत कुमार सिंह और तारुक रैना के साथ नजर आईं, जो 2025 में रिलीज हुई थी। इसी साल, वह क्राइम थ्रिलर ‘ब्लैक वारंट’ में भी दिखाई दीं और कमल हासन और मणिरत्नम की फिल्म ‘ठग लाइफ’ में भी नजर आईं थीं। बता दें कि इससे पहले हिना खान को भी ब्रेस्ट कैंसर जैसी गंभीर बीमारी हुई थी, जिसके लिए उन्हें कई तरह के ट्रीटमेंट से गुजरना पड़ा। उनके बारे में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
