मुंबई के जुहू स्थित फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर पर 1 फरवरी 2026 को हुई फायरिंग के मामले में मुंबई पुलिस और क्राइम ब्रांच को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात के मुख्य शूटर की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। इस घटना के बाद से रोहित शेट्टी की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, फायरिंग की जिम्मेदारी बिश्नोई गैंग से जुड़े लोगों ने ली है। पहले रोहित शेट्टी के घर पर केवल दो पुलिसकर्मी तैनात थे, लेकिन हमले के बाद उनकी निजी सुरक्षा और घर के आसपास सुरक्षा और भी कड़ी कर दी गई है। अब तक इस केस में एक दर्जन से ज्यादा लोगों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं।
अल्ट्रा-मॉडर्न हथियार से की गई फायरिंग
क्राइम ब्रांच की जांच में खुलासा हुआ है कि शूटर ने फायरिंग के लिए अल्ट्रा-मॉडर्न कंट्री मेड हथियार का इस्तेमाल किया था। इस दौरान 7.62mm की कुल पांच गोलियां चलाई गईं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ये गोलियां 7.62×51mm थीं या 7.62×39mm, क्योंकि इस तरह की गोलियां आमतौर पर राइफल और मशीनगन में इस्तेमाल होती हैं और तेज रफ्तार व गहरी मार के लिए जानी जाती हैं।
यह भी पढ़ें: क्या रोहित शेट्टी की ‘गोलमाल 5’ में खलनायक बनेंगे अक्षय कुमार? शूटिंग शेड्यूल पर भी आया बड़ा अपडेट
स्कूटी से भागा शूटर, ऑटो चालकों के बयान दर्ज
जांच में सामने आया है कि फायरिंग के बाद शूटर स्कूटी से कुछ दूरी तक फरार हुआ। इसके बाद उसने एक ऑटो चालक से कल्याण जाने की बात कही, लेकिन मना किए जाने पर दूसरे ऑटो चालक ने उसे विले पार्ले रेलवे स्टेशन के पास छोड़ा। लोकल ट्रेनें बंद होने की वजह से शूटर ने प्राइवेट ट्रांसपोर्ट के जरिए मुंबई से बाहर निकलने की कोशिश की। पुलिस ने दोनों ऑटो चालकों के बयान दर्ज कर लिए हैं।
दो आरोपियों को मिले थे 10 हजार रुपये
क्राइम ब्रांच के अनुसार, पुणे से मुंबई स्कूटी डिलीवरी करने वाले गिरफ्तार आरोपी सिद्धार्थ येनपुरे और स्वप्नील सकट को कुल 10 हजार रुपये दिए गए थे। यह रकम मास्टरमाइंड शुभम लोनकर ने समर्थ पोमाजी को सौंपी थी, जिसने स्कूटी डिलीवरी के बाद दोनों को पैसे दिए। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि बिश्नोई गैंग ने पूरी घटना के लिए कुल कितनी रकम खर्च की और इसके पीछे कौन-कौन शामिल है। इसके लिए आरोपियों के बैंक ट्रांजेक्शन भी खंगाले जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: रोहित शेट्टी के घर पर गोलीबारी के मामले में आया लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का नाम, पांच आरोपी हिरासत में
रोहित शेट्टी से हुई पूछताछ
पुलिस ने रोहित शेट्टी से भी पूछताछ की है। उन्होंने साफ कहा कि उन्हें किसी भी गैंग या व्यक्ति से किसी तरह की धमकी नहीं मिली थी। न कॉल, न मैसेज, न वॉइस नोट और न ही ईमेल के जरिए। हालांकि जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि फायरिंग के वक्त शूटर के साथ बिश्नोई गैंग के कुछ अन्य लोग भी मौजूद थे, जिनकी पहचान की कोशिश जारी है।
अब तक चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस केस में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें आदित्य ज्ञानेश्वर गायकी (19), सिद्धार्थ दीपक येनपुरे (20), समर्थ शिवशरण पोमाजी (18) और स्वप्निल बंडू सकट (23) शामिल हैं। वहीं, मुख्य शूटर की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही बड़ी कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है। इस मामले के बारे में अधिक जानकारी के लिए यहां क्लिक करें…
