साल 2011 में आई रणबीर कपूर की फिल्म ‘रॉकस्टार’ सेमी हिट थी, इसने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया था। इस फिल्म ने दुनिया भर में लगभग 108.71 करोड़ का बिजनेस किया था। फिल्म की कहानी और इसके गानें युवाओं को ज्यादा पसंद आई थी। फिल्म का क्लाइमैक्स काफी चर्चा में रहा था, कई लोगों को अंत बहुत इमोशनल लगा था तो किसी को समझ ही नहीं आया। मगर क्या आप जानते हैं कि फिल्म की शूटिंग शुरुआत में सबसे पहले क्लाइमैक्स ही शूट किया गया था। जी हां! ये बात थोड़ी अजीब है, लेकिन वास्तव में ऐसा ही हुआ था। और इसका कारण रणबीर कपूर के बाल बताये जाते हैं।
रणबीर कपूर, जिन्हें पहले उनके चॉकलेट बॉय अवतार के लिए जाना जाता था, उन्होंने इम्तियाज़ अली की फिल्म ‘रॉकस्टार’ के लिए खुद को पूरी तरह बदल डाला। इस फिल्म में उनके अभिनय की खूब तारीफ हुई थी। उन्होंने इस फिल्म के लिए अपने बाल भी बढ़ाये थे और हेयरस्टाइल के कारण ही फिल्म को उल्टा शूट करना पड़ा था।
क्यों शूट किया गया ‘रॉकस्टार’ उल्टा?
फिल्म का क्लाइमेक्स सबसे पहले शूट किया गया क्योंकि टीम नहीं चाहती थी कि रणबीर का हेयरस्टाइल खराब हो। उनके रॉकस्टार अवतार की निरंतरता बनाए रखने के लिए फिल्म को उल्टा शूट किया गया। क्लाइमेक्स में रणबीर के लंबे बाल थे, जिन्हें पहले शूट किया गया ताकि शूटिंग के दौरान बालों के छोटे-बड़े होने की समस्या न हो और लुक में निरंतरता बनी रहे। अगर पहले छोटे बालों वाले सीन शूट किए जाते, तो बाद के सीन के लिए लंबे बालों का इंतजार करना पड़ता, जिससे शूटिंग शेड्यूल प्रभावित होता।
यह भी पढ़ें: शाहरुख खान नहीं DDLJ में राज के रोल के लिए टॉम क्रूज थे आदित्य चोपड़ा की पसंद| रील गाथा
रणबीर कपूर ने अपने किरदार में ढलने के लिए ए.आर. रहमान के स्टूडियो, चेन्नई में कई दिन गिटार की प्रैक्टिस की, कर्ट कोबेन की जीवनी पढ़ी और अपने अंदर रॉकस्टार का जज्बा उतारा। हालांकि वो ‘रॉकस्टार’ के लिए पहली पसंद नहीं थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक इम्तियाज ने इस रोल के लिए सबसे पहले शाहिद कपूर को अप्रोच किया था, लेकिन वह उस समय अपनी फिल्म ‘जब वी मेट’ में व्यस्त थे और उन्होंने ‘रॉकस्टार’ करने से मना कर दिया।
रणबीर कपूर के आगे इम्तियाज ने झुकाया था सिर
जॉर्डन के रोल में रणबीर ने ‘रॉकस्टार ‘ के क्लाइमेक्स का परफेक्ट शॉट दिया था, जिसके बाद इम्तियाज ने उनके सामने जाकर अपना सिर झुका लिया था। इम्तियाज उनके काम से बहुत खुश हुए थे और फिर दोनों ने एक दूसरे को गले लगाया था और इसका वीडियो भी वायरल हुआ था।
