हिंदी सिनेमा की खूबसूरत और सदाबहार अदाकारा रेखा आज अपना 72वां जन्मदिन मना रही हैं। आज भी उन्हें देखकर ऐसा लगता है कि मानो जैसे उन्हें उम्र छूकर भी ना गुजरी हो। दौर बदल गए, जेनरेशन बदल गईं, सिनेमा का तरीका बदल गया लेकिन रेखा का जादू आज भी बरकरार है। रेखा ने अपनी खूबसूरती, शानदार अदाकारी और दिलकश अंदाज से उन्होंने लाखों लोगों के दिलों में खास जगह बनाई।
80 के दशक में उनके कुछ गानों ने भी खूब जादू चलाया। बॉलीवुड में उमराव जान के नाम से मशहूर एक्ट्रेस रेखा पर वैसे तो कई सदाबहार गानों को फिल्माया गया है। लेकिन आशा भोसले की सुरीली आवाज और शहरयार के खूबसूरत बोलों ने रेखा के इन दो गानों को यादगार बना दिया।
इतना यादगार कि इन गानों को सालो बाद जब आज भी सुना जाता है तो तुरंत रेखा का नाम जुबान पर आ जाता है। आइए, रेखा के जन्मदिन पर उनके ऐसे ही दो खास गानों के बारे में जानते हैं, जिन्होंने उन्हें लाखों दिलों की धड़कन बना दिया।
‘उमराव जान’ के दो मशहूर गाने
1981 की कल्ट क्लासिक फिल्म ‘उमराव जान’, जिसने रेखा को हिंदी सिनेमा में एक अलग ही पहचान दी। दर्शकों को उनका किरदार और अभिनय इतना पसंद आया कि उन्हें इसके लिए राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित भी किया गया। फिल्म में दो गाने बेहद मशहूर हुए-‘दिल चीज क्या है’ और ‘इन आंखों की मस्ती के’।
यह भी पढ़ें- लता मंगेशकर की आवाज में मोहब्बत और जुदाई का 56 साल पुराना ये गाना, आज भी करता है आशिकों के दिलों पर राज
उमराव जान में रेखा का अभिनय
पहले फिल्म में रेखा के किरदार और अभिनय की बात करें तो उन्होंने अमीरन नाम की लड़की का रोल प्ले किया था। जिसे बचपन में अगवा करके लखनऊ के एक कोठे पर बेच दिया जाता है। जहां समय के साथ अमीरन बड़े होकर उमराव जान बन जाती हैं। रेखा पर संगीत, नृत्य, उर्दू शायरी और तहजीब वाले किरदार शुरुआत से ही काफी पसंद किए गए हैं।
फिल्म में उनके साथ फारूक शेख और राज बब्बर नजर आए थे। इस किरदार से रेखा ने एक तवायफ की जिंदगी का दर्द, तन्हाई, खूबसूरती, शायरी और उसकी बेबसी को बेहतरीन तरीके से पर्दे पर उतारा था।
‘इन आंखों की मस्ती के’
5 मिनट 43 सेकेंड के इस गाने को आशा भोसले ने अपनी आवाज दी, संगीत दिया खय्याम ने और बोल लिखे शहरयार ने, जिनका असली नाम अखलाक मोहम्मद खान था। ये गाना एक मशहूर उर्दू गजल गीत है। गाने में रेखा की उन आंखों की बातें हो रही हैं जिनके हजारों दीवाने हैं। गाने के बोल कुछ इस तरह हैं-
इन आंखों की मस्ती के मस्ताने हजारों हैं
इन आंखों से वाबस्ता अफसाने हजारों हैं
इक तुम ही नहीं तन्हा, उल्फत में मेरी रुसवा
इस शहर में तुम जैसे दीवाने हजारों हैं
‘दिल चीज क्या है’
इसी फिल्म का एक और गाना जो रेखा के नाम पर दर्ज है। गाने का नाम- ‘दिल चीज क्या है।’ 6 मिनट 5 सेकेंड के इस गाने के कलाकार भी वहीं है जिन्होंने ‘इन आंखों की मस्ती’ को बनाया था। आशा की आवाज, खय्याम का संगीत और शहरयार के बोल और रेखा का डांस और अभिनय, इस गाने को सदाबहार बनाने के लिए काफी थे, और यहीं हुआ। ये दो गानें वो हैं जिन्हें सुनते ही आज भी सिर्फ रेखा की तस्वीर दर्शकों के दिमाग में आती है। इस गाने पर कई लोगों ने परफॉर्म किया है लेकिन किसी में रेखा वाली बात कहां।
इस गाने के बोल कुछ इस तरह हैं-
दिल चीज क्या है, आप मेरी जान लीजिए
बस एक बार मेरा कहा मान लीजिए
इन अंजुमन में आपको आना है बार बार
दीवार-ओ-दर को गौर से पहचान लीजिए
दौर बीता, जेनरेशन बदले लेकिन रेखा का जादू कायम
इन दोनों ही गानों में उर्दू का खूबसूरत तरीके से इस्तेमाल किया गया है। 45 साल पुराने इन गानों को आज भी कई लोगों की प्लेलिस्ट में देखा जाता है। जेनरेशन्स बीत गईं, जेन-जी का जमाना आ गया लेकिन इन गानों की दीवानगी और रेखा का खुमार दर्शकों के मन से नहीं उतरा। कमाल यही है कि जेन-जी भी रेखा और उनकी कला के उतने ही दीवाने हैं जितने शायद उस दौर में हुआ करते थे।
