बॉलीवुड और भोजपुरी फिल्मों में काम कर चुके अभिनेता एवं राजनेता रवि किशन अक्सर सुर्खियों का हिस्सा बने रहते हैं। हाल ही में उनका एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें उन्होंने पीएम मोदी की जनता से की गई अपील को दोहराया और इस दौरान उन्होंने ‘वर्क फ्रॉम होम’ को ‘होम फ्रॉम वर्क’ बोल दिया। उनकी यह लाइन तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और लोग इस पर मीम बनाने लग गए।

अब आखिरकार खुद रवि किशन ने इस पर रिएक्ट किया है। उनका कहना है कि वह आज तक यह नहीं समझ पाए हैं कि सोशल मीडिया पर उनके वीडियो और ‘मीम्स’ क्यों प्रसारित होते रहते हैं। उन्होंने कहा कि वह महज एक आम इंसान हैं और दूसरों की तरह उनसे भी गलतियां हो जाती हैं। चलिए आपको विस्तार से बताते हैं कि उन्होंने क्या कहा है।

यह भी पढ़ें: ‘पहली बार होगा जब कॉकरोच सिस्टम को हिट करेंगे’, शेखर सुमन ने बिना नाम लिए सरकार पर कसा तंज, नीट पेपर लीक पर कही ये बात

वायरल ‘होम फ्रॉम वर्क’ पर दिया रिएक्शन

अभिनेता रवि किशन से शुक्रवार को फिल्म ‘मां बहन’ के ट्रेलर जारी करने के मौके पर उनकी हालिया वायरल हुए वीडियो के संबंध में पूछा गया, जिसमें उन्होंने गलती से ‘वर्क फ्रॉम होम’ कहने के बजाय ‘होम फ्रॉम वर्क’ कह दिया। वह इस वीडियो में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘वर्क फ्रॉम होम’ की अपील के समर्थन में बोल रहे थे।

गोरखपुर से भारतीय जनता पार्टी के सांसद रवि किशन ने कहा, “मैं महादेव की कसम खाकर कहता हूं कि मुझे बिल्कुल अंदाजा नहीं है कि मैं क्यों वायरल होता रहता हूं। मैं उस समय संसद जा रहा था और कहना चाहता था कि ‘वर्क फ्रॉम होम’ (घर से काम) करने की जरूरत है, लेकिन उसकी जगह मुंह से ‘होम फ्रॉम वर्क’ निकल गया।”

फिल्म ‘मां बहन’ की कास्ट

‘मां बहन’ फिल्म में रवि किशन के साथ माधुरी दीक्षित, तृप्ति डिमरी और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर धारणा दुर्गा मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगी। नेटफ्लिक्स की इस फिल्म का निर्देशन ‘सूबेदार’ और ‘तुम्हारी सुलू’ फिल्म के निर्देशक सुरेश त्रिवेणी ने किया है। यह मूवी 4 जून को ओटीटी पर आने वाली है।

यह भी पढ़ें: कमल हासन ने किया पीएम मोदी की ऊर्जा बचाने की अपील का समर्थन, बोले- पार्टी-पॉलिटिक्स को किनारे रखते हुए…