नोरा फतेही और संजय दत्त की फिल्म ‘केडी: द डेविल’ के गाने ‘सरके चुनर तेरी’ को लेकर खूब विवाद हो रहा है। ये गाना रिलीज होते ही आलोचनाओं का सामने करने लगा, इसके बोल और इसकी कोरियोग्राफी को लेकर सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक बहस छिड़ गई है। कई लोगों का मानना है कि इसमें अश्लीलता को जरूरत से ज्यादा परोसा गया है, जिससे भारतीय संस्कृति को ठेस पहुंचती है।

इस विवाद में अब एक्टर और सांसद रवि किशन भी खुलकर सामने आए हैं। उन्होंने गाने पर आपत्ति जताते हुए साफ कहा कि इस तरह के कंटेंट को बढ़ावा देना सही नहीं है। उनका मानना है कि मनोरंजन के नाम पर किसी भी हद तक जाना उचित नहीं है, खासकर तब जब वह समाज पर गलत असर डाल सकता हो।

‘धुरंधर’ फिल्म को लेकर कही ये बात

रवि किशन ने अपनी बात को मजबूत करने के लिए फिल्म ‘धुरंधर’ का उदाहरण दिया। उनके मुताबिक, यह ऐसी फिल्म है जिसने बिना किसी अश्लीलता के भी जबरदस्त सफलता हासिल की। उन्होंने कहा कि फिल्ममेकर्स को यह समझना चाहिए कि दर्शक अच्छी और साफ-सुथरी कहानियों को भी उतना ही पसंद करते हैं, इसलिए लोकप्रियता पाने के लिए विवादित या आपत्तिजनक कंटेंट का सहारा लेना जरूरी नहीं है।

यह भी पढ़ें: ‘धुरंधर’ के फैन हुए कनाडा के प्रधानमंत्री, फिनलैंड के राष्ट्रपति संग चर्चा करते हुए वायरल हुआ वीडियो

उन्होंने आगे कहा कि फिल्मों और गानों का समाज पर गहरा असर होता है, इसलिए जिम्मेदारी के साथ कंटेंट तैयार किया जाना चाहिए। “सिर्फ प्रचार या कमाई के लिए इस तरह के गाने बनाना सही सोच नहीं है, मैं इसका विरोध करता हूं।”

इससे पहले अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत भी इस गाने पर नाराजगी जता चुकी हैं। उन्होंने बॉलीवुड पर निशाना साधते हुए कहा था कि इंडस्ट्री में अश्लीलता और सनसनी फैलाने की प्रवृत्ति बढ़ती जा रही है, जिस पर अब सख्त नियंत्रण की जरूरत है।

यह भी पढ़ें: आदित्य धर के पास है Dhurandhar 3 का आइडिया, ‘धुरंधर: द रिवेंज’ में मिल सकता है हिंट

विवाद यहीं नहीं थमा। कर्नाटक राज्य महिला आयोग ने भी इस मामले में दखल देते हुए सेंसर बोर्ड से कार्रवाई की मांग की है। आयोग ने सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन को लिखे पत्र में गाने के बोलों को महिलाओं के प्रति अपमानजनक बताते हुए इस तरह के कंटेंट पर सख्ती बरतने की अपील की है।