दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक मामले को लेकर प्रदर्शन जारी है। इसी बीच एक्टर और भाजपा सांसद रवि किशन का रिएक्शन सामने आया है। उन्होंने भरोसा दिलाया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छोत्रों को न्याय दिलाएंगे। रवि किशन ने कहा कि पीएम दोषियों को ऐसी सजा दिलवाएंगे कि आने वाले समय में कोई भी छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने की हिम्मत नहीं कर सकेगा।

आईएएनएस से बात करते हुए रवि किशन ने प्रधानमंत्री मोदी के हवाले से कहा, “मैं देश के सबसे बड़े वकील को नियुक्त करने की कोशिश करूंगा और पेपर लीक में शामिल लोगों को इतनी कड़ी सजा दिलाऊंगा कि आने वाली पीढ़ियों में कोई भी छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने की हिम्मत न करे।”

रवि ने आगे कहा, “कुछ लाख रुपये या अपने स्वार्थ के लिए लोगों को ऐसा अपराध नहीं करना चाहिए, जिससे देश के बच्चों का भविष्य प्रभावित हो। यह बहुत बड़ा संदेश है।”

कंगना रनौत का रिएक्शन

बता दें कि कॉकरोच जनता पार्टी ने मानसून सत्र के पहले दिन ‘चलो संसद मार्च’ निकाली। इसपर निशाना साधते हुए अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत ने दावा किया कि मानसून सत्र के दौरान लोकसभा में मौजूद सांसद अपनी सुरक्षा को लेकर डरे हुए थे।

यह भी पढ़ें: ‘मुझे एंटी-नेशनलिस्ट कहा जाएगा’, दिलजीत दोसांझ ने सीजेपी प्रोटेस्ट को खुलकर किया सपोर्ट, लिखा- मैं अथॉरिटी से…

उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें डर था कि प्रदर्शनकारी संसद में घुसकर उन पर हमला कर सकते हैं। यह मार्च इस साल हुए NEET-UG पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग के लिए आयोजित किया गया था।

यह भी पढ़ें: ‘मेरे देश के बच्चे आतंकवादी नहीं है’, जंतर-मंतर पर हुए सीजेपी प्रोटेस्ट की तस्वीरें और वीडियो देख भड़के ये सितारें

दिल्ली पुलिस की तारीफ में क्या बोलीं कंगना?

समाचार एजेंसी ANI के मुताबिक कंगना रनौत ने कहा, “सभी सांसद सदन के अंदर मौजूद थे। हम सभी डरे हुए थे, क्योंकि हमें लगा कि भीड़ हम पर हमला कर सकती है। मैं दिल्ली पुलिस की सराहना करती हूं, जिसने ढाल बनकर लोगों को नुकसान पहुंचने से बचाया।”