साउथ फिल्म इंडस्ट्री के चर्चित स्टार विजय देवरकोंडा और एक्ट्रेस रश्मिका मंदाना 26 फरवरी 2026 को शादी के बंधन में बंधे। यह शादी राजस्थान के उदयपुर में हुई। दोनों ने इस खास दिन के लिए 5 स्टार प्रॉपर्टी ITC Mementos को चुना। उनकी शादी काफी प्राइवेट थी, जिसमें सिर्फ परिवार और करीबी दोस्त शामिल हुए। यह एक पारंपरिक तेलुगु रीति-रिवाजों के साथ हुई शादी थी, जिसमें दूल्हा और दुल्हन दोनों ने साउथ इंडियन लुक लिया था और साथ में ढेर सारे के जेवर भी पहने। इसके बाद दोनों ने 4 मार्च को हैदराबाद में एक ग्रैंड रिसेप्शन दिया, जिसमें साउथ और हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के तमाम सितारे शामिल हुए। ये कोई आम शादी नहीं थी, तमाम बड़े सितारों की तरह इन दोनों ने भी अपनी शादी में करोड़ों रुपये खर्चे।

कितना हुआ खर्च?

विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की शादी काफी शाही अंदाज में हुई थी, जिसकी भी खूब चर्चा रही। 123 तेलुगू की रिपोर्ट के मुताबिक कपल ने अपनी वेडिंग में रॉयल लुक देने के लिए भारी गोल्ड जूलरी पहनी थी। दोनों ने मिलाकर करीब 3 किलो सोने के गहने पहने थे। इनमें से लगभग 2 किलो गोल्ड जूलरी रश्मिका ने पहनी, जबकि करीब 1 किलो सोना विजय देवरकोंडा ने पहना था।

खर्च की बात करें तो इसी रिपोर्ट के अनुसार इस ग्रैंड वेडिंग पर करीब 12 करोड़ रुपये खर्च हुए थे। हालांकि कुछ अन्य रिपोर्ट्स में शादी का बजट करीब 20 करोड़ रुपये तक बताया गया है। दिलचस्प बात यह भी सामने आई कि कपल को अपनी शादी के डिजिटल राइट्स ओटीटी प्लेटफॉर्म को बेचने के लिए लगभग 60 करोड़ रुपये का ऑफर मिला था, लेकिन उन्होंने इसे स्वीकार नहीं किया और अपनी शादी को निजी ही रखने का फैसला किया।

यह भी पढ़ें: रश्मिका मंदाना को होने वाली सास से मिला बेशकीमती तोहफा, तेलुगु और कोडवा स्टाइल में दुल्हन बनेंगी अभिनेत्री

हालांकि शादी के कुल बजट को लेकर कपल की ओर से आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन माना जा रहा है कि विजय-रश्मिका की शादी टॉलीवुड की सबसे महंगी शादियों में गिनी जा सकती है। इससे पहले भी साउथ फिल्म इंडस्ट्री के कई सितारे अपनी भव्य और आलीशान शादियों को लेकर सुर्खियों में रह चुके हैं।

यह भी पढ़ें: पर्सनल जेट से आलीशान घर तक; जानें रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा में कौन है ज्यादा अमीर

जूनियर एनटीआर की शादी भी थी शाही

साउथ के सेलेब्स की महंगी शादियों की बात करें तो जूनियर एनटीआर की शादी भी काफी चर्चित रही थी। उन्होंने साल 2011 में शादी की थी, जिसमें करीब 3000 वीआईपी मेहमान शामिल हुए थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस शाही समारोह पर लगभग 100 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे। बताया जाता है कि उनकी पत्नी लक्ष्मी ने शादी में करीब 1 करोड़ रुपये की साड़ी पहनी थी। वहीं शादी के लिए करीब 18 करोड़ रुपये की लागत से भव्य मंडप तैयार किया गया था, जिसे बनाने में लगभग 300 कारीगरों ने काम किया था।