सबसे चर्चित रिएलिटी शो ‘बिग बॉस’ के 20वें सीजन को लेकर चर्चा तेज हो गई है। तमाम रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि शो 21 सितंबर से शुरू होने वाला है। इसी बीच शो के कंटेस्टेंट को लेकर भी कई नाम सामने आ रहे हैं। इनमें से एक नाम रैपर सेंटी शर्मा का भी है जो कॉकरोच जनता पार्टी पर बयान देकर सुर्खियों में आए थे।
मीडिया रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं के मुताबिक, ‘बिग बॉस 20’ के मेकर्स कई चर्चित चेहरों से बातचीत कर रहे हैं। संभावित प्रतिभागियों की सूची में रैपर सेंटी शर्मा का नाम भी शामिल बताया जा रहा है। हालांकि, अब तक न तो शो के निर्माताओं और न ही सेंटी शर्मा की ओर से इस खबर की आधिकारिक पुष्टि की गई है।
अपनी अलग पहचान और बढ़ती लोकप्रियता के चलते सेंटी शर्मा युवाओं के बीच खासे चर्चित हैं। ऐसे में अगर वह ‘बिग बॉस’ के घर में नजर आते हैं, तो यह दर्शकों के लिए किसी सरप्राइज से कम नहीं होगा। फिलहाल फैंस इस खबर पर नजर बनाए हुए हैं और आधिकारिक घोषणा का इंतजार कर रहे हैं। आइए जानते हैं आखिर कौन हैं रैपर सेंटी शर्मा।
कौन हैं सेंटी शर्मा?
सेंटी शर्मा एक उभरते हुए रैपर और म्यूजिक आर्टिस्ट हैं, जिन्होंने अपनी दमदार रैपिंग शैली और अनोखे संगीत के दम पर युवाओं के बीच खास पहचान बनाई है। सोशल मीडिया पर उनकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है और उनके गानों को लाखों लोग पसंद करते हैं।
संगीत के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाले सेंटी शर्मा सिर्फ मनोरंजन तक सीमित नहीं हैं। वह अक्सर अपने गीतों और बयानों के माध्यम से सामाजिक और समसामयिक मुद्दों पर बेबाक राय रखते नजर आते हैं। यही वजह है कि उनकी एक अलग और मजबूत फैन फॉलोइंग तैयार हुई है, जो उनके हर नए प्रोजेक्ट का बेसब्री से इंतजार करती है।
कैसे चर्चा में आए सेंटी शर्मा?
सेंटी शर्मा को व्यापक पहचान तब मिली जब उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) को लेकर खुलकर अपनी राय रखी। अपने बेबाक अंदाज के लिए मशहूर सेंटी ने कहा था कि आज के डिजिटल दौर में कई लोग बिना पूरी जानकारी के किसी भी ट्रेंड या ऑनलाइन मुहिम का हिस्सा बन जाते हैं।
उन्होंने CJP को एक तरह का ‘इंटरनेट ड्रामा’ बताते हुए युवाओं से अपील की थी कि किसी भी आंदोलन, अभियान या ट्रेंड का समर्थन करने से पहले उसके उद्देश्य और वास्तविकता को अच्छी तरह समझ लें।
इसके अलावा उन्होंने एक पोस्ट में लिखा था, “घर में जब कॉकरोच या अन्य कीड़े पनपते हैं तो इन्हें शीघ्र ही दवा का स्प्रे कर खत्म कर देना चाहिए। विदेशी ताकते भारत में इस कॉकरोच को तेजी से फैला रही है जल्द ही एक तेज स्प्रे की आवश्यकता है।”
उनकी साफगोई और बेबाक टिप्पणियों ने उन्हें रातों-रात सुर्खियों में ला दिया। इसके बाद से सेंटी शर्मा सिर्फ एक रैपर ही नहीं, बल्कि समसामयिक मुद्दों पर अपनी राय रखने वाले सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के तौर पर भी पहचान बनाने लगे।
