सिंगर और रैपर बादशाह अपने नए गानों को लेकर अक्सर सुर्खियों का हिस्सा रहते हैं। इस बार सिंगर के एक हालिया रिलीज गाने पर विवाद बढ़ता नजर आ रहा है। टटीरी सॉन्ग के रिलीज होने के बाद अब उन्हें लॉरेंस बिश्नोई गैंग से धमकी मिली है। सोशल मीडिया के जरिए बादशाह को धमकी दी गई है। आइए जानते हैं कि उनके गाने पर किन कारणों से आपत्ति जाहिर की जा रही है।
इंडियन सिंगर और रैपर बादशाह को उनके हालिया रिलीज हरियाणवी गाने टटीरी को लेकर जान से मारने की धमकी मिली है। लॉरेंस बिश्नोई के सदस्यों ने फेसबुक पर एक कथित पोस्ट में सिंगर को माथे पर गोली मारने की धमकी दी है। इसके बाद से मामले ने लाइमलाइट बटोर ली है।
बादशाह को मिली लॉरेंस बिश्नोई गैंग से धमकी
वायरल पोस्ट में लिखा गया था कि सिंगर बादशाह, तुमने हरियाणा की संस्कृति को खराब करने की कोशिश की है। हमने साल 2024 में तुम्हारे क्लब में तुम्हें एक ट्रेलर दिखाया था। अगली बार गोली सीधे माथे पर लगेगी। बादशाह ने अभी तक गैंग की ओर से मिली धमकी पर कोई बयान जारी नहीं किया है। वहीं, पुलिस धमकी को लेकर मामले की जांच कर रही है।
बता दें कि साल 2024 में बादशाह के स्वामित्व वाले चंडीगढ़ के एक क्लब के बाहर विस्फोट हुआ था, जिसकी जिम्मेदारी गोल्डी बराड़ ने ली थी, जिसका संबंध लॉरेंस बिश्नोई गैंग से बताया जाता है।
यह भी पढ़ें: Dhurandhar 2: धुरंधर 2 के मेकर्स की बढ़ी मुश्किलें, रणवीर सिंह के इस सीन पर मिला कानूनी नोटिस
फेसबुक की पोस्ट में रणदीप मलिक और अनिल पंडत ने पानीपत में एक कार्यालय के बाहर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी भी ली है। दोनों कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से हैं।
बादशाह के गाने पर कम नहीं हो रहा विवाद
सिंगर बादशाह के गानों के लिरिक्स पर अक्सर भारी विवाद देखने को मिलता है, लेकिन उनके हालिया रिलीज गाने टटीरी पर विवाद बढ़ता जा रहा है। ऐसा कहा जा रहा है कि गाने की एक लाइन में महिलाओं के लिए गलत शब्दों का इस्तेमाल किया गया है। वहीं, बादशाह ने गाने पर चल रहे विवाद पर माफी भी मांगी है। उनका कहना है कि हरियाणा के लोगों को उनके गाने से ठेस पहुंची इस बात का उन्हें दुख है। उन्होंने कहा कि आप मुझे हरियाणा का बेटा समझकर माफ कर देंगे।
