पिछले हफ्ते नेटफ्लिक्स पर धुरंधर की रिलीज़ के बाद दर्शक फिल्म के हर पहलू को बेहद बारीकी से खंगाल रहे हैं। कहानी और डायलॉग्स ही नहीं, बल्कि बैकग्राउंड डिटेल्स और यहां तक कि एंड क्रेडिट्स भी चर्चा का विषय बन गए हैं। दरअसल, लंबे समय से फिल्म इंडस्ट्री में एक्टर्स के एंटॉरज यानी उनकी टीम और मिलने वाली सुविधाओं को लेकर बातें होती रही हैं। बीते साल यह चर्चा तेज हुई थी कि रणवीर सिंह किसी भी फिल्म की शूटिंग के दौरान तीन वैनिटी वैन का इस्तेमाल करते हैं। उस वक्त इस दावे की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई थी।
अब ‘धुरंधर’ के एंड क्रेडिट्स सामने आने के बाद एक बार फिर यह मुद्दा सुर्खियों में आ गया है। क्रेडिट रोल में सामने आई जानकारियों ने दर्शकों का ध्यान खींचा है, जिसके चलते रणवीर सिंह की वैनिटी वैन और उनके एंटॉरज को लेकर बहस दोबारा शुरू हो गई है।
फिल्म एंड क्रेडिट का एक स्क्रीनशॉट वायरल हो रहा है, जिसमें दिख रहा है कि हम्ज़ा अली मजारी, जिसका किरदार रणवीर सिंह ने निभाया, उन्हें तीन वैनिटी वैन मिली थी। स्क्रीनशॉट में लिखा था-हम्ज़ा वैन, हम्ज़ा स्टाफ वैन और हम्ज़ा नॉर्मल वैन। अब हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट में बताया जा रहा है कि फिल्म प्रोडक्शन से जुड़े एक सूत्र ने इस मामले में अपना पक्ष साझा किया है।
यह भी पढ़ें :‘धुरंधर 2’ की शूटिंग को लेकर विवाद, लोकेशन मैनेजर के खिलाफ दर्ज हुई FIR, ये है वजह
इस पर सफाई देते हुए प्रोडक्शन से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि यहां “वैन” का मतलब वैनिटी वैन नहीं था। ये थाईलैंड शूट के दौरान इस्तेमाल की जाने वाली आम ट्रांसपोर्ट गाड़ियां थीं। सूत्र ने कहा, “ये बैंकॉक शूट के दौरान इस्तेमाल की गई थाई वैन थीं। शूटिंग लंबी थी, इसलिए एक वैनिटी और दो गाड़ियाँ (थाई वैन) अभिनेता, स्टाफ और सामान को अलग-अलग लोकेशंस तक ले जाने के लिए रखी गई थीं।”
सूत्र की मानें तो बैंकॉक का शूट ज्यादातर आउटडोर था, जिसके लिए कई लोकेशंस पर शूटिंग हुई और पूरे शहर में लगातार मूवमेंट था, इसलिए इतने बड़े ट्रांसपोर्ट इंतजाम किया गया था।
सूत्र ने आगे कहा , “अब भी जब आप टीजर देखते हैं, तो दो किरदार और रणवीर का जबरदस्त ट्रांसफॉर्मेशन नजर आता है। कभी उन्होंने 15 किलो वजन घटाया, तो कभी 25 किलो बढ़ाया, वह भी कुछ महीनों या दिनों में और रोज 12 से 14 घंटे शूट किया। आम तौर पर ऐसे बड़े बॉडी ट्रांसफॉर्मेशन के लिए सेट पर जिम, प्राइवेट शेफ या दोनों की ज़रूरत पड़ती है, ताकि तय समय में काम पूरा हो सके।” सूत्र ने साफ किया कि रणवीर को कोई अलग से सुविधा नहीं दी गई, बल्कि वही दिया गया जो शूट और उनके काम की जरूरत थी।
यह भी पढ़ें: ज़िंदगी बहुत क्रूर है’, अर्जुन कपूर के एक पोस्ट से पिघला ट्रोल्स का दिल, यूजर्स बोले- आज से ट्रोलिंग बंद
फिलहाल, रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ को लेकर पहले से ही काफी चर्चा है। फिल्म की ड्यूरेशन, सेट्स और बड़े पैमाने पर हुई शूटिंग के बाद अब वैनिटी वैन को लेकर सामने आया यह खुलासा एक बार फिर यह साबित करता है कि बॉलीवुड में बड़े प्रोजेक्ट्स के साथ खर्च भी लगातार बढ़ता जा रहा है।
