परिणीति चोपड़ा ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत 2011 में फिल्म ‘लेडीज वर्सेस रिकी बहल’ से की थी, जिसमें उनके साथ रणवीर सिंह और अनुष्का शर्मा थे। इसके बाद परिणीति और रणवीर के बीच एक खूबसूरत दोस्ती बन गई, जिसकी झलक अक्सर उनके इंटरव्यू में देखने को मिलती है। परिणीति की मानें तो उन्हें एक्टर बनने की सलाह भी रणवीर ने दी थी।
आप की अदालत में परिणीति अपने पति राजनेता राघव चड्ढा के साथ आई थीं। इस एपिसोड में उन्होंने रणवीर के साथ अपनी दोस्ती और एक्टर बनने की शुरुआत के बारे में बात की थी।
परिणीति ने बातचीत के दौरान कहा था, “रणवीर ने एक दिन मुझे देखा, उनके इंटरव्यूज चल रहे थे और वहां एक शीशा था। उस समय नया-नया गाना रिलीज हुआ था ‘शीला की जवानी’। मैं उस मिरर के सामने बैठकर शीला की जवानी का स्टेप कर रही थी। मुझे लगा पीछे इंटरव्यू चल रहा है वो लोग बिजी हैं, कोई मुझे देख नहीं रहा है।”
यह भी पढ़ें: ‘तिरछी टोपी वाले’ गाने ने बढ़ाई ‘धुरंधर 2’ की मुश्किलें, मेकर्स पर कानूनी संकट
एक्ट्रेस ने आगे कहा, “रणवीर मुझे देख रहा था। उसने इंटरव्यू खत्म किया और वो आया मेरे पास ‘हम्म, तो तुम्हें एक्टर बनना है?’ मैंने कहा नहीं-नहीं, मैं एक्टर नहीं बनना चाहती। उसने पूछा ‘तुम क्या कर रही थी?’ मैंने कहा कि मैंने वो गाना देखा तो वो मेरे दिमाग में है। कहता है तुम एक्टर बनोगी।”
फिर मिली थी 3 फिल्में
परिणीति ने आगे बताया कि रणवीर की बात सुनकर वो एक्टर बनने के बारे में सोचने लगी थीं। उन्हें लगने लगा था कि उन्हें एक्टिंग की कोशिश करनी चाहिए। उन्होंने अपनी नौकरी छोड़ दी और सोचा वो एक्टिंग स्कूल जाकर कुछ सीखेंगी। “आप विश्वास मानोगे, मैं एक्टर बनी, आदित्य चोपड़ा ने मुझे तीन फिल्मों के लिए साइन किया और मेरी पहली पिक्चर रणवीर के साथ थी।”
बता दें कि परिणीति चोपड़ा ने एक्टिंग करियर से पहले यश राज फिल्म्स में पीआर और मार्केटिंग कंसल्टेंट के रूप में काम किया था। उनका एक्टिंग करियर साल 2011 में रणवीर सिंह के साथ फिल्म ‘लेडीज वर्सेस रिकी बहल’ से शुरू हुआ।
मृणाल ठाकुर ने भी कहा था कुछ ऐसा
हाल ही में मृणाल ठाकुर ने आदित्य धर की स्पाई थ्रिलर फ्रेंचाइज़ी ‘धुरंधर’ की सफलता पर कहा कि रणवीर सिंह इस कामयाबी के पूरी तरह हकदार हैं। उन्होंने यह भी माना कि फिल्म इंडस्ट्री में उनकी मौजूदगी में रणवीर का बड़ा योगदान है। खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
