आदित्य धर के निर्देशन में बनी रणवीर सिंह, अर्जुन रामपाल, आर माधवन और राकेश बेदी स्टारर फिल्म ‘धुरंधर’ के दोनों पार्ट को लोगों से खूब प्यार मिला। ‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर: द रिवेंज’ ने मिलकर बॉक्स ऑफिस पर 3 हजार करोड़ से ज्यादा की कमाई की। अब हाल ही में दीपिका पादुकोण के पिता मशहूर बैडमिंटन खिलाड़ी प्रकाश पादुकोण ने अपने दामाद की फिल्म के बारे में बात की है। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि वह अभिनेता के साथ कैसे रिश्ते साझा करते हैं।
‘धुरंधर’ में थोड़ी ज्यादा हिंसा थी: प्रकाश पादुकोण
‘द इंडियन एक्सप्रेस’ से बात करते हुए प्रकाश ने फिल्म की तारीफ की, लेकिन उन्होंने यह भी माना कि उन्हें इसमें थोड़ी ज्यादा हिंसा लगी। प्रकाश ने कहा, “यह एक बेहतरीन फिल्म है। इसे बहुत अच्छे से बनाया गया है और सभी ने अच्छी एक्टिंग की है। हमें लगा कि इसमें थोड़ी ज्यादा हिंसा थी, लेकिन ज्यादातर लोगों को यह पसंद आई, इसलिए मुझे लगता है कि यही ज्यादा जरूरी है।”
यह भी पढ़ें: CID के हवाले किया गया बंगाली एक्टर राहुल अरुणोदय बनर्जी की मौत का मामला, जांच तेज
फिर उन्होंने दोनों परिवारों के बीच करीबी रिश्ते के बारे में भी बात की। प्रकाश पादुकोण ने कहा, “हम साथ में काफी समय बिताते हैं। असल में, दोनों परिवार बहुत करीब हैं। हम साल में कम से कम एक बार साथ में छुट्टियां मनाने जाते हैं।” इसके आगे बैडमिंटन खिलाड़ी ने कहा, “हमारी कई पसंद एक जैसी हैं, उन्हें स्पोर्ट्स में बहुत दिलचस्पी है। वह मुझसे स्पोर्ट्स के बारे में बात करते रहते हैं और मैं उनसे फिल्मों के बारे में पूछता रहता हूं, क्योंकि मैं इस बिनेस के बारे में सीखना चाहता हूं।
हमें ज्यादा समय नहीं मिल पाता, क्योंकि वे सभी व्यस्त रहते हैं, लेकिन जितना भी समय मिलता है, हम साथ बैठकर मजा करना पसंद करते हैं, चाहे वह फुटबॉल हो या क्रिकेट। वह आर्सेनल के फैन हैं और हमारी बेटी अनीशा मैनचेस्टर यूनाइटेड की फैन है, तो इस तरह हमारी पसंद मिलती-जुलती है।”
साथ में बैडमिंटन खेलते हैं ससुर-दामाद
कुछ साल पहले हिंदुस्तान टाइम्स से बात करते हुए रणवीर ने पादुकोण परिवार के साथ बिताए अपने समय के बारे में भी बताया था। उन्होंने बताया कि वे अक्सर साथ में बैडमिंटन खेलते हैं और प्रकाश का खेल आज भी उतना ही शानदार है। रणवीर ने कहा कि 66 साल की उम्र में भी बैडमिंटन के इस दिग्गज खिलाड़ी का खेल कमाल का है।
रणवीर ने आगे कहा कि जब भी प्रकाश रैकेट उठाते हैं, तो वे शानदार खेल दिखाते हैं और अपने विरोधी को पूरे कोर्ट पर दौड़ाते हैं। कभी-कभी जब उनका मूड होता है, तो वे ऐसे ट्रिक शॉट्स खेलते हैं जिन्हें देखकर आप हैरान रह जाएंगे। वे सच में एक लेजेंड हैं और जिंदगी और मूल्यों के बारे में वे हमें जो सीख देते हैं, वह बहुत कीमती है।”
यह भी पढ़ें: ‘उसका कोई गॉडफादर नहीं था’, संचिता उगाले की मौत पर दादा गोपीनाथ ने कही ये बात, बोले- वह बहुत टैलेंटेड लड़की थी
