आदित्य धर की निर्देशित धुरंधर ने हिंदी सिनेमा की सफल फिल्म का टैग हासिल किया। यह मूवी एक के बाद लगातार एक रिकॉर्ड तोड़ती नजर आ रही है। रणवीर सिंह और अक्षय खन्ना के काम को खूब सराहा गया। अक्षय ने रहमान डकैत का किरदार निभाया, और लोगों ने माना कि अक्षय का किरदार लीड एक्टर रणवीर पर भी भारी पड़ा। खलनायक के रोल में उन्होंने दमदार परफॉर्मेंस दी। खासकर फिल्म के हिट गाने पर उनका डांस भी काफी वायरल हुआ। इस गाने को इतना ज्यादा पसंद किया गया कि गिनीज बुक में भी इसने रिकॉर्ड बना दिया। खैर, अब बात कर रहे हैं कि धुरंधर ने एक नया रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
दिसंबर 2025 में रिलीज होने के बाद धुरंधर ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाया। इस फिल्म का क्रेज लोगों के बीच अभी भी देखने को मिल रहा है। विक्की कौशल की छावा और शाहरुख खान की जवान के एक और रिकॉर्ड को धुरंधर ने पीछे छोड़ दिया है। रिलीज के दो महीने पूरे होने के बाद भी धुरंधर टिकट खिड़की पर छाई हुई है।
रणवीर सिंह की धुरंधर ने बनाया ये रिकॉर्ड
1300 करोड़ से ज्यादा कमाई करने वाली धुरंधर ने बुक माई शो पर एक बड़ा रिकॉर्ड बना दिया है। आमतौर पर किसी फिल्म के लिए बॉक्स ऑफिस पर 1 महीने टिक पाना भी बड़ी बात होती है, लेकिन धुरंधर पर इस तरह के कोई नियम लागू नहीं होते हैं। इस मूवी को सिनेमा लवर्स का भरपूर प्यार मिला। बुकिंग टिकट प्लेटफॉर्म पर धुरंधर ने अपना नाम रोशन किया है। दरअसल, बुक माई शो पर अब तक की सबसे लंबे समय तक ट्रेंड करने वाली हिंदी फिल्म धुरंधर बन गई है।
यह भी पढ़ें: ‘पीछे भगवान का फ्रेम आगे शराब और नॉन-वेज’, उदित नारायण और अभिजीत भट्टाचार्य का वीडियो वायरल, यूजर्स ने किया रिएक्ट
सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, रणवीर सिंह स्टारर धुरंधर पिछले 59 दिनों से ऑनलाइन टिकटिंग प्लेटफॉर्म पर ट्रेंड कर रही है। इसके साथ ही, धुरंधर ने विक्की कौशल की छावा का रिकॉर्ड तोड़ दिया है, जिसने 58 दिनों तक टिकटिंग बुकिंग प्लेटफॉर्म पर राज किया था। इतना ही नहीं, इस सफलता के साथ धुरंधर फिल्म ने जवान और पुष्पा 2 जैसी फिल्मों को भी पीछे छोड़ दिया है।
