हिंदी सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्म मानी जा रही ‘रामायण’ कुछ ही दिन में बड़े पर्दे पर दस्तक देने को तैयार है। इस फिल्म में रणबीर कपूर, भगवान राम का रोल निभा रहे हैं। पिक्चर का प्रमोशन जोर-शोर से चल रहा है। भारत से लेकर विदेश तक में इस 2000 करोड़ रुपये के बजट में बने महाकाव्य के चर्चे हो रहे हैं।

इस बीच रणबीर कपूर ने ‘रामायण’ में काम करने को लेकर बात की है। साथ ही पिक्चर के सीक्वल को लेकर अपडेट भी शेयर की। रिव्यू नेशन संग बातचीत में रणबीर ने कहा कि ‘रामायण’ के सेकेंड पार्ट पर अपना आधा काम वो खत्म कर चुके हैं। हालांकि इसके बाद एक्टर ने जो बात कही उसने हर तरफ हलचल मचा दी है।

दो नहीं तीन पार्ट में आएगी रामायण?

रणबीर कपूर ने कहा, ‘मैंने अभी से पार्ट 2 का 50 प्रतिशत काम खत्म कर लिया है। हम शूटिंग के प्रोसेस में हैं। भले ही हम पार्ट 2 या पार्ट 3 खत्म कर लें, अगर ऐसा होता है, तब भी ये कहानी हमारे साथ ही रहेगी। ये जिंदगी में मिलने वाले अनमोल मौकों में से एक है, भले ही इसका अंजाम जो भी हो। ये करियर बनाने वाला नहीं बल्कि लाइफ बनाने वाला मौका है।’

‘रामायण’ के पार्ट 3 का जिक्र होते ही सोशल मीडिया यूजर्स के कान खड़े हो गए। उन्होंने फिल्म के तीन पार्ट्स बनने को लेकर उत्साह जाहिर किया। तो वहीं कुछ यूजर्स ने यह कहकर चुटकी भी ली कि रणबीर कपूर ने गलती से कुछ ऐसा बता दिया है जो उन्हें नहीं बताना चाहिए था। एक यूजर ने ट्वीट किया, ‘रणबीर स्पॉइलर देने वाला कपूर वापस आ गया है।’ दूसरे ने लिखा, ‘बॉलीवुड का टॉम हॉलैंड।’ एक और ने लिखा, ‘वह लोग आराम से इस हिस्से को काट सकते थे, लेकिन उन्होंने नहीं काटा, अजीब बात है।’

और पढ़ें: ‘मेरी जिंदगी का दीया राहा है’, Ramayana प्रमोशन के दौरान हुए बेटी को लेकर भावुक हुए रणबीर कपूर

रणबीर को नहीं पसंद बॉलीवुड शब्द

एक दूसरे इंटरव्यू में रणबीर कपूर ने बॉलीवुड शब्द को लेकर बात की। उन्होंने बताया कि इस शब्द से उन्हें दिक्कत क्यों है। एक्टर ने कहा, ‘मुझे लगता है कि ये शब्द हॉलीवुड से आया और इसीलिए इस्तेमाल किया जाता है। उन्होंने हॉलीवुड बनाया तो यहां बॉलीवुड हो गया और फिर तेलुगु इंडस्ट्री को टॉलीवुड कहा जाने लगा। मैं भारतीय सिनेमा का प्रतिनिधि होना चाहता हूं। हम एक देश से आते हैं। हमारी अलग-अलग संस्कृति, भाषाएं और राज्य हैं। हम साथ मिलकर आर्ट बना रहे हैं। और कला एक ऐसी चीज है, जो लोगों को साथ लाती है। कला में कोई बॉर्डर नहीं होते। आप एक अच्छी कहानी कहते हैं, जो आपकी संस्कृति में बसी हुई है, आपकी परंपरा में है, तो वो दुनिया से बात करती हैं। हमने कोरिया की फिल्मों में ऐसा देखा है। लाइफ इज ब्यूटीफुल फिल्म में देखा है। तो हां, हमारा इरादा यही है। लेकिन हम आंखें बंद करके विदेश दर्शकों का पीछा नहीं कर रहे हैं। आपको अपने कल्चर और अपनी कहानी कहने के तरीके में ऑथेंटिक होना पड़ेगा।’

और पढ़ें: ओरी ने सारा अली खान को बताया फेक, अमृता सिंह पर लगाया आरोप, बोले- बदला लूंगा

AI को लेकर क्या बोले रणबीर?

‘रामायण’ को लेकर दर्शकों में जितना उत्साह है, उतना ही ये आलोचना का सामना भी कर रही है। पिक्चर का ट्रेलर आने के बाद से इसपर AI का इस्तेमाल होने का आरोप भी लग रहा है। इसे लेकर रणबीर ने कहा, ‘मुझे लगता है कि AI के साथ स्टिग्मा जुड़ा हुआ है, खासकर कला के मैदान में। लोग कहते हैं कि ये आसान चीज है। AI ने किया होगा। जैसा मैंने पहले बताया सभी VFX आर्टिस्ट ने अनगिनत घंटों तक इसपर (रामायण) काम किया है। तो मुझे लगता है कि कला के हिसाब से AI ऐसा टूल है, जिसका इस्तेमाल आप अपनी तकनीक को बेहतर बनाने में कर सकते हैं। आप अपना वक्त बचा सकते हैं। मुझे नहीं लगता कि इंडस्ट्री में किसी ने, या फिर मैं कहूं रामायण में किसी ने AI का इस्तेमाल मेहनत से बचने के लिए किया है। इसमें बहुत मेहनत की गई है, बहुत जुनून और ईमानदारी लगी है।’

फिल्म ‘रामायण’, 5 नवंबर को दुनियाभर में रिलीज हो रही है। इसमें रणबीर कपूर के साथ साई पल्लवी और यश मुख्य भूमिका में नजर आने वाले हैं। ऑस्कर विनर नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज और DNEG तले बनी ‘रामायण’ का निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है। फिल्म ‘रामायण’ से जुड़ी तमाम खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…