रणबीर कपूर इन दिनों अपनी फिल्म ‘रामायण’ को लेकर चर्चा में हैं, लेकिन कम ही लोग जानते हैं कि इस बड़े प्रोजेक्ट को चुनने से पहले उनके सामने एक और बड़ा ऑफर था- किशोर कुमार की बायोपिक।
फिल्ममेकर अनुराग बसु ने खुलासा किया कि रणबीर को एक समय पर दो बड़े प्रोजेक्ट्स में से चुनना था- एक तरफ किशोर कुमार की बायोपिक और दूसरी तरफ रामायण। दोनों फिल्मों की शूटिंग शेड्यूल टकरा रहे थे, जिसकी वजह से रणबीर एक साथ दोनों नहीं कर सकते थे।
अनुराग बसु के मुताबिक, यह फैसला रणबीर के लिए आसान नहीं था। किशोर कुमार जैसे दिग्गज कलाकार की जिंदगी को पर्दे पर उतारना भी एक चुनौतीपूर्ण और दिलचस्प मौका था। लेकिन आखिरकार रणबीर कपूर ने रामायण को चुना। बसु मानते हैं कि यह सही फैसला था, क्योंकि भगवान राम जैसे पूजनीय और जटिल किरदार को निभाने के लिए न सिर्फ अभिनय क्षमता, बल्कि हिम्मत और समर्पण भी चाहिए होता है।
बसु ने रणबीर के लुक और उनकी तैयारी की भी जमकर तारीफ की। उनका कहना है कि रणबीर ने भगवान राम के किरदार को निभाने के लिए जिस तरह खुद को ढाला है, वह काबिले-तारीफ है। उनके अनुसार, “ऐसे किरदार को निभाने के लिए बहुत हिम्मत चाहिए होती है, क्योंकि दर्शकों की भावनाएं इससे जुड़ी होती हैं।”
खास बात यह भी है कि रणबीर इस फिल्म में डबल रोल में नजर आएंगे। वह भगवान राम के साथ-साथ भगवान परशुराम का किरदार भी निभा रहे हैं। रणबीर ने खुद बताया कि इन किरदारों को समझने के लिए उन्होंने शूटिंग से पहले पूरे साल आध्यात्मिक और भावनात्मक रूप से तैयारी की।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में यश- रावण, साई पल्लवी- सीता और सनी देओल- हनुमान के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म दिवाली 2026 पर रिलीज होने वाली है।
रीमेक वर्सेस ओरिजिनल: कभी नकल पर भारी पड़ी असली फिल्म तो कहीं रीमेक ने ही मार ली बाजी
