हनुमान जयंती के मौके पर 2 अप्रैल को रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश, रवि दुबे और सनी देओल स्टारर फिल्म ‘रामायण’ का टीजर रिलीज किया गया, जिसे लोगों ने काफी पसंद किया। बहुत से लोगों ने अभिनेता के भगवान राम वाले लुक की तारीफ भी की। वहीं, रणबीर ने एक इवेंट में यह बताया कि उनकी बेटी राहा अक्सर फिल्म को लेकर सवाल करती और उनसे पूछती कि क्या उन्होंने आज हनुमान जी के साथ शूटिंग की।

दरअसल, मेकर्स ने लॉस एंजेलिस में कुछ खास लोगों के लिए टीजर की एक शानदार स्क्रीनिंग का आयोजन किया था, जिसके बाद फैंस और मीडिया के साथ बातचीत का सेशन भी हुआ। तब एपी के साथ बात करते हुए रणबीर ने कहा, “मैं खुद को बेहद खुशकिस्मत मानता हूं कि मुझे यह मौका उस समय मिला जब मैं पिता भी बना।

यह भी पढ़ें: ‘रणवीर कूल बनने की कोशिश कर रहे थे’, इंडियाज गॉट लेटेंट विवाद पर आशीष चंचलानी ने अब दिया रिएक्शन, बोले- मैंने उनसे कहा था…

एक तरफ मैं काम पर जाकर भगवान राम का किरदार निभा रहा हूं, तो दूसरी तरफ घर आकर अपनी बेटी राहा को ‘रामायण’ की कहानियां सुना रहा हूं। एक 3 साल की बच्ची को इतने ध्यान से सुनते और सवाल पूछते देखना बहुत खास होता है। वह मुझसे पूछती है कि क्या आज आपने भगवान हनुमान के साथ शूटिंग की या सीता के साथ। आज आपने क्या किया।”

रणबीर ने आगे कहा, “उसे इस कहानी में इतनी दिलचस्पी है, जो यह दिखाता है कि यह हमारे डीएनए में बसी हुई है। हमारी संस्कृति हमारे अवचेतन में इतनी गहराई से रची-बसी है कि यह सब हमारे लिए बेहद स्वाभाविक है। इससे जुड़ा प्यार और रुचि अपने आप आती है। हम चाहते हैं कि यह कहानी बड़े स्तर पर ग्लोबल दर्शकों तक पहुंचे और हम उस आस्था और विश्वास को शेयर कर सकें, जिस पर हम सदियों से भरोसा करते आए हैं और आगे भी करते रहेंगे।”

जब रणबीर ने ठुकरा दिया था रोल

रणबीर ने एक बार बताया था कि शुरू में उन्होंने ‘रामायण’ का ऑफर ठुकरा दिया था, क्योंकि उन्हें लगा था कि वे भगवान राम का किरदार निभाने के लिए अभी तैयार नहीं हैं। लेकिन, उनकी बेटी राहा के जन्म ने उनके लिए सब कुछ बदल दिया। उन्होंने कहा था, “मुझे याद है जब करीब 4 साल पहले नामित ने मुझे यह रोल ऑफर किया था, तो मेरा तुरंत जवाब था नहीं… मैं इसके लिए फिट नहीं हूं। मैं इसके लायक नहीं हूं और मैं इस रोल के साथ पूरी तरह न्याय नहीं कर पाऊंगा।”

रणबीर ने बताया, “वह डर बहुत जल्दी कृतज्ञता में बदल गया, क्योंकि इस तरह के मौके मेरी लाइफ में बहुत जरूरी थे। मैं अपनी लाइफ के ऐसे दौर में था, जहां मुझे अपने जीवन और लाइफस्टाइल में बदलाव लाने की जरूरत थी। मैं पहली बार पिता बना था। मुझे लगता है कि भगवान राम का किरदार निभाना और उसी समय पिता बनना यह एक मीठा संयोग था, जिसने मेरी जिंदगी में एक बड़ा टर्निंग पॉइंट लाने का काम किया।”

यह भी पढ़ें: रश्मिका मंदाना के बर्थडे पर ‘मायसा’ का धमाकेदार लुक रिलीज, रॉ और इंटेंस अवतार में नजर आईं एक्ट्रेस