नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘रामायण: राइज ऑफ ए लेजेंड’ कल यानी 5 नवंबर को रिलीज हो रही है। इस फिल्म से बड़ी उम्मीदें हैं। फिल्म का बजट बहुत बड़ा है और उसी के चलते उम्मीद जताई जा रही है कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर भी बड़ा धमाल करेगी। इससे पहले रणवीर सिंह स्टारर ‘धुरंधर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर झंडे गाड़े थे, ऐसे में दोनों फिल्मों की तुलना हो रही है।
‘रामायण’ को 100 देशों में 59,000 स्क्रीन्स पर रिलीज किया जा रहा है। ये फिल्म दो भागों में आने वाली है और इसका बजट 4,000 करोड़ है। मेकर्स ने दुनियाभर में बड़े स्तर पर इसके प्रमोशन के लिए कैंपेच चलाया। इतने बड़े बजट और भव्य स्तर को देखते हुए इस फिल्म पर अच्छा प्रदर्शन का काफी दबाव है।
हालांकि, फिल्म के बड़े पैमाने पर बनने के बावजूद रिलीज से पहले इसे काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। फिल्म की पहली झलक और उसके बाद जारी ट्रेलर में दिखाए गए विजुअल इफेक्ट्स (VFX) को लेकर सवाल उठे। वहीं, रणबीर कपूर और साई पल्लवी की कास्टिंग पर भी सवाल उठे। हाल ही में लॉस एंजिल्स में हुई फिल्म की स्क्रीनिंग के बाद सामने आई शुरुआती प्रतिक्रियाएं भी मिली-जुली रही हैं। जबकि रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ की स्टारकास्ट से लेकर उसमें दिखाए गए सीन की पहले दिन से खूब तारीफ हुई थी।
यह भी पढ़ें: ‘रामायण’ के राम बनने के लिए रणबीर की कड़ी तपस्या, 18 महीने तक ओलंपिक आर्चर से सीखी तीरंदाजी
एडवांस बुकिंग में ‘धुरंधर 2’ से पीछे है ‘रामायण’
इसके अलावा ‘धुरंधर 2’ ने पहले दिन से ही बॉक्स ऑफिस पर झंडे गाड़ दिए थे। एडवांस बुकिंग के आंकड़ों की बात करें तो फिल्म ने पेड प्रीव्यू के लिए 47.90 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन दर्ज किया था। वहीं, पहले दिन यानी 19 मार्च के लिए एडवांस बुकिंग से 40.30 करोड़ रुपये की कमाई की थी। इस दौरान 17 हजार से ज्यादा शोज में 9.50 लाख से अधिक टिकट बिके थे। ये सभी आंकड़े ब्लॉक सीटों को मिलाकर थे। वहीं, ओवरसीज मार्केट में ओपनिंग वीकेंड की प्री-सेल्स 80 करोड़ रुपये के पार पहुंच गई थी। इस तरह भारत और विदेशों की एडवांस बुकिंग को मिलाकर फिल्म के ओपनिंग वीकेंड की कुल प्री-सेल्स 200 करोड़ रुपये से ज्यादा थी।
‘रामायण’ की एडवांस बुकिंग
वहीं बात फिल्म ‘रामायण: पार्ट वन’ की एडवांस बुकिंग की करें तो अब तक इसने एडवांस बुकिंग में वर्ल्डवाइड 140 करोड़ कमाये हैं। सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने भारत में अपनी ओपनिंग रन के लिए कुल 101.94 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। हालांकि, ब्लॉक सीटों को हटाने के बाद यह आंकड़ा 81.13 करोड़ रुपये है। इस दौरान देशभर में 25.65 लाख से ज्यादा टिकटों की बिक्री हुई है। पहले दिन यानी 5 नवंबर के लिए 39.35 करोड़ रुपये की एडवांस बुकिंग हुई है। वहीं, दूसरे दिन 18.53 करोड़, तीसरे दिन 19.68 करोड़, चौथे दिन 13.23 करोड़ और पांचवें दिन के लिए 9.09 करोड़ रुपये के टिकट बिक चुके हैं। ये सभी आंकड़े ब्लॉक सीटों समेत हैं।
विदेशी बाजारों में भी फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। ओवरसीज एडवांस बुकिंग से फिल्म 40 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर चुकी है। अकेले नॉर्थ अमेरिका में इसकी प्री-सेल्स 3 मिलियन डॉलर के पार पहुंच गई है। इस तरह दुनियाभर में फिल्म की कुल एडवांस बुकिंग 140 करोड़ रुपये से ज्यादा होने का अनुमान है।
यह भी पढ़ें: रामायण का महा-आगाज; हॉलीवुड तकनीक, बॉलीवुड सितारे, कितनी भव्य होगी नितेश तिवारी की ‘रामायण’?
ओपनिंग डे पर ‘धुरंधर 2’ को पछाड़ पाएगी ‘रामायण’?
राज्यवार आंकड़ों में एडवांस बुकिंग में महाराष्ट्र सबसे आगे है। इसके बाद दिल्ली और कर्नाटक है। चेन्नई के ट्रेड एनालिस्ट रमेश बाला की मानें तो उन्हें फिल्म से शानदार ओपनिंग की उम्मीद है। उनका मानना है कि कर्नाटक से फिल्म को अच्छी कमाई हो सकती है। उन्होंने कहा, “मुझे उम्मीद है कि ‘रामायण’ पहले दिन भारत में करीब 100 से 150 करोड़ रुपये की कमाई कर सकती है। इसमें मौजूदा बुकिंग का बड़ा योगदान होगा। फिल्म के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में उत्तर भारत की हिस्सेदारी सबसे ज्यादा रहेगी, जबकि कर्नाटक दूसरे स्थान पर होगा।”
‘रामायण: पार्ट वन’ से बॉक्स ऑफिस पर बड़ी ओपनिंग की उम्मीद की जा रही है। फिल्म के पहले दिन दुनियाभर में 130 से 160 करोड़ रुपये तक का ग्रॉस कलेक्शन करने का अनुमान है। कुछ ट्रेड अनुमानों में यह आंकड़ा 200 करोड़ रुपये के करीब पहुंचने की संभावना भी जताई गई है। ऐसे में फिल्म की ओपनिंग पर सबकी नजरें टिकी हैं।
यह भी पढ़ें: रणबीर कपूर ने दिया हिंट, Ramayana की रिलीज से पहले हुई ‘रामायण 3’ लाने की प्लानिंग, क्या बोल गए एक्टर?
‘धुरंधर 2’ की ओपनिंग डे की कमाई
बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन की कमाई के मामले में ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ ने शानदार प्रदर्शन किया था। रणवीर सिंह स्टारर इस फिल्म ने पेड प्रीव्यू समेत दुनियाभर में करीब 236.63 से 240 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया था। भारत में फिल्म की कुल ग्रॉस कमाई 174.60 करोड़ रुपये रही, जिसमें पेड प्रीव्यू से मिले 51.60 करोड़ और रिलीज के पहले दिन की 123 करोड़ रुपये की कमाई शामिल है। वहीं, भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 145.55 करोड़ रुपये रहा। इसमें पेड प्रीव्यू के 43 करोड़ और पहले दिन के 102.55 करोड़ रुपये शामिल हैं। विदेशी बाजारों में भी फिल्म ने करीब 52 से 64 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया था। वहीं, इसके हिंदी वर्जन ने भारत में 99.10 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन दर्ज किया था।
रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए दुनियाभर में करीब 1,813.33 करोड़ रुपये की कमाई की थी। सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने भारत में लगभग 1,375.33 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया, जबकि विदेशों में इसकी कमाई करीब 438 करोड़ रुपये रही। इस तरह फिल्म का कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1,813.33 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। ऐसे में ‘रामायण’ पर इस आंकड़े को पार करने का दबाव है।
