Ramayana Trailer 2 Review: नितेश तिवारी की पौराणिक फिल्म ‘रामायण’ का दूसरा ट्रेलर 15 अक्टूबर को रिलीज हो गया। पहले ट्रेलर में रणबीर कपूर के लुक और वीएफएक्स को लेकर दर्शकों ने कई सवाल उठाए थे। ऐसे में दूसरे ट्रेलर से फैंस को काफी उम्मीदें थीं। इस बार मेकर्स ने भगवान राम और रावण के किरदारों को ज्यादा विस्तार से दिखाया है। ट्रेलर में रणबीर कपूर लंका दहन का वचन लेते नजर आ रहे हैं, वहीं युद्ध के कुछ दृश्य भी देखने को मिले हैं। हालांकि, सवाल अब भी वही है कि क्या रणबीर कपूर अपने लुक और अंदाज से भगवान राम की छवि पेश कर पाए हैं या दूसरे ट्रेलर में भी निराशा हाथ लगी है? आइए जानते हैं…
ट्रेलर की शुरुआत एक विशाल और रहस्यमयी दुनिया की झलक से होती है। इसमें रेगिस्तान, बर्फ से ढके पहाड़, भव्य महल और अलग-अलग राज्यों को दिखाया गया है। इसके बाद कहानी में देवताओं, राक्षसों और धर्म-अधर्म के बीच संघर्ष की झलक मिलती है। ट्रेलर में रावण की भव्य और शक्तिशाली छवि दिखाई गई है। एक दृश्य में वह विशाल महल की ओर बढ़ता नजर आता है। इसके अलावा युद्ध, तबाही और रावण की ताकत से जुड़ी झलकियां भी हैं। ट्रेलर में ब्रह्मा से मिले वरदान का जिक्र करते हुए बताया जाता है कि रावण की शक्ति ने दुनिया को विनाश के करीब पहुंचा दिया है।
रणबीर कपूर के लुक पर फिर उठे सवाल
ट्रेलर में रणबीर कपूर को भगवान राम के रूप में धनुष उठाते, प्रतिज्ञा लेते और युद्ध के लिए तैयार होते दिखाया गया है। उनके किरदार को गंभीर और शक्तिशाली अंदाज में पेश करने की कोशिश की गई है। हालांकि, दमदार सीन के बावजूद उनके लुक को लेकर सवाल बना हुआ है। दर्शकों की इच्छा सिर्फ एक योद्धा के रूप में राम को देखने की नहीं, बल्कि उनके चेहरे, भाव और व्यक्तित्व में भगवान राम की मर्यादा, शांति और तेज महसूस करने की भी है। जो इस बार भी पूरी नहीं हो पाई है। ट्रेलर में उनका योद्धा रूप तो सामने आया है, लेकिन एक बार फिर वो भगवान राम की पारंपरिक छवि को दिखाने में चूक गए हैं।
यश के रावण अवतार पर क्या है राय
फिल्म में यश अपने किरदार यानी रावण की भूमिका में जच रहे हैं। हालांकि पिछले ट्रेलर को देखने के बाद तमाम लोगों की राय थी कि वो अपने केजीएफ वाले किरदार से बाहर नहीं आ पाए हैं, लेकिन दूसरे ट्रेलर में उनमें वो रावण वाला रौब देखने को मिल रहा है।
साई पल्लवी की दिखी झलक
साई पल्लवी शुरुआत से ही माता सीता के किरदार में जच रही हैं। इस ट्रेलर में उनका स्क्रीनटाइम बढ़ाया गया है और उनके किरदार में माता सीता के सौम्य और पारंपरिक रूप की झलक देखने को मिल रही है।
हिट या फ्लॉप, क्या है दूसरे ट्रेलर पर जनता की राय
सोशल मीडिया पर ‘रामायण’ के ट्रेलर को लेकर जनता की राय सामने आ रही है, जो मिली जुली है। हालांकि भगवान राम और रावण को लेकर ज्यादा किसी ने रिएक्शन नहीं दिया है, लेकिन वीएफएक्स पर अब भी कई सवाल उठ रहे हैं। हालाकि कुछ लोग इसकी तारीफ भी कर रहे हैं।
पिंकी नाम की यूजर ने लिखा, “‘रामायण’ का टीवी स्पॉट रिलीज हो गया है और सच कहूं तो यह सिनेमाई अनुभव से ज्यादा VFX डेमो जैसा लग रहा है। फिल्म का CGI बनावटी लग रहा है, किरदारों के विजुअल्स में गहराई की कमी है, कॉस्ट्यूम भी प्रभावशाली नहीं लग रहे और इतने बड़े बजट की फिल्म का ओवरऑल लुक उम्मीद से काफी कमजोर नजर आ रहा है। हर चीज को इतना ज्यादा डिजिटल तरीके से चमकाया गया है कि रामायण जैसी महागाथा में जिस भव्यता और पौराणिक माहौल की जरूरत है, वह गायब लगती है।”
पहले ट्रेलर का रिव्यू पढ़ें: रामानंद सागर की ‘रामायण’ से होगी तुलना, क्या नए राम-रावण छोड़ पाएंगे अमिट छाप?
उन्होंने आगे लिखा, “जब आप अब तक की सबसे महान महागाथाओं में से एक को पर्दे पर उतार रहे हों, तो आपके विजुअल्स ऐसे होने चाहिए जो दर्शकों के रोंगटे खड़े कर दें, न कि उन्हें VFX के बजट पर सवाल उठाने के लिए मजबूर करें। बजट भले ही बहुत बड़ा हो, लेकिन विजुअल्स में भी वह भव्यता दिखनी चाहिए। फिलहाल, फिल्म का टीवी स्पॉट अपनी छाप छोड़ने के बजाय उसकी हाइप के भरोसे ज्यादा नजर आ रहा है।”
मस्थमिंचिंग नाम के एक यूजर ने लिखा, “यह तो बेहद घटिया है और रामायण की किसी भी कथा में दिखाए गए किरदारों से मेल नहीं खाता। राम को हर वक्त इतना गुस्से में क्यों दिखाया जा रहा है? और रावण को बुराई का प्रतीक किसने बना दिया? मुझे तो पैसे देकर भी यह फिल्म देखने के लिए राजी नहीं किया जा सकता।”
हनुमान की गैरमौजूदगी पर भी उठ रहे सवाल
फिल्म में सनी देओल, हनुमानजी का किरदार निभा रहे हैं और दर्शक उन्हें देखने के लिए काफी उत्सुक हैं। हालांकि उन्हें ट्रेलर में दिखाया नहीं गया है। लोगों को उम्मीद थी कि पहले ट्रेलर में भले ही वो दिखाई नहीं गए, लेकिन शायद दूसरे में उनकी झलक देखने को जरूर मिलेगी।
क्या रामानंद सागर ‘रामायण’ से तुलना के कारण फीकी पड़ रही नितेश तिवारी की फिल्म?
रामानंद सागर की ‘रामायण’ आज भी लोगों के दिलों में बसी हुई है। उस दौर में VFX और आधुनिक तकनीक नहीं थी, फिर भी शो की सादगी, संवाद और किरदारों ने दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ी। अब नितेश तिवारी की ‘रामायण’ में भव्य सेट, शानदार VFX और एक्शन देखने को मिल रहा है, लेकिन इसके विजुअल्स को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल भी उठ रहे हैं। ऐसे में सवाल ये है कि क्या आधुनिक तकनीक से सजी यह फिल्म रामानंद सागर की ‘रामायण’ जैसा भावनात्मक जुड़ाव बना पाएगी या पुरानी रामायण से तुलना इसके लिए चुनौती साबित होगी?
