लंबे इंतजार के बाद मेकर्स ने कुछ दिन पहले बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ का ट्रेलर जारी कर दिया। ट्रेलर सामने आने के बाद से ही फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त चर्चा है। जहां फिल्म के भव्य विजुअल्स और यश के रावण वाले लुक की जमकर तारीफ हो रही है, वहीं रणबीर कपूर को भगवान राम और साई पल्लवी को माता सीता के किरदार में कास्ट किए जाने को लेकर दर्शकों का एक वर्ग सवाल भी उठा रहा है।
दो हिस्सों में रिलीज होगी ‘रामायण’
मेकर्स के मुताबिक, ‘रामायण’ दो भागों में सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का पहला पार्ट इस साल दिवाली के मौके पर रिलीज किया जाएगा। रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘रामायण पार्ट 1’ का अंत सीता हरण के बाद एक बड़े क्लिफहैंगर के साथ हो सकता है। वहीं, फिल्म का दूसरा भाग दिवाली 2027 में दर्शकों के सामने आएगा।
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे। इनके अलावा सनी देओल, रवि दुबे, लारा दत्ता, अरुण गोविल, रकुल प्रीत सिंह और विवेक ओबेरॉय समेत कई चर्चित कलाकार अहम किरदार निभा रहे हैं।
‘रामायण’ को भारत की सबसे महंगी फिल्मों में से एक बताया जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के दोनों हिस्सों को मिलाकर इसका बजट करीब 4,000 करोड़ रुपये है।
रणबीर कपूर हैं सबसे ज्यादा फीस लेने वाले स्टार
अब फिल्म की स्टारकास्ट की फीस को लेकर भी कई रिपोर्ट्स सामने आई हैं। न्यूज 18 की एक रिपोर्ट के मुताबिक, रणबीर कपूर ‘रामायण’ के दोनों पार्ट्स के लिए करीब 150 करोड़ रुपये फीस ले रहे हैं। यानी उन्हें हर फिल्म के लिए लगभग 75 करोड़ रुपये मिलेंगे। इस तरह रणबीर कथित तौर पर फिल्म के सबसे ज्यादा फीस पाने वाले एक्टर हैं।
यह भी पढ़ें: भारतीय सिनेमा का नया इतिहास रचने को तैयार ‘रामायण’, 59,000 स्क्रीन्स पर होगी रिलीज
वहीं, यश फिल्म में रावण का किरदार निभा रहे हैं। खास बात यह है कि यश इस फिल्म के को-प्रोड्यूसर भी हैं और रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने बतौर एक्टर इसके लिए कोई फीस चार्ज नहीं की है।
सनी देओल की कितनी फीस?
फीस के मामले में सनी देओल का नाम रणबीर के बाद आता है। फिल्म में हनुमान का किरदार निभा रहे सनी देओल को दोनों पार्ट्स के लिए कथित तौर पर 40 करोड़ रुपये दिए जा रहे हैं। यानी प्रत्येक पार्ट के लिए उनकी फीस करीब 20 करोड़ रुपये बैठती है।
साई पल्लवी की फीस
वहीं, माता सीता की भूमिका निभा रहीं साई पल्लवी को दोनों फिल्मों के लिए करीब 12 करोड़ रुपये मिलने की बात कही जा रही है। इसके हिसाब से उन्हें एक फिल्म के लिए लगभग 6 करोड़ रुपये फीस मिलेगी।
लक्ष्मण के किरदार के लिए रवि दुबे की फीस
रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म में लक्ष्मण का किरदार निभा रहे रवि दुबे को करीब 2 से 4 करोड़ रुपये फीस मिलने की बात कही जा रही है। वहीं, रकुल प्रीत सिंह ने कथित तौर पर अपने किरदार के लिए करीब 1 से 2 करोड़ रुपये चार्ज किए हैं।
यह भी पढ़ें: ‘रामायण’ की रिलीज डेट में फिर बदलाव, देश और विदेश के लिए तय की गई अलग-अलग तारीख
विवेक ओबेरॉय ने नहीं ली फीस
फिल्म की स्टारकास्ट में शामिल विवेक ओबेरॉय को लेकर रिपोर्ट में एक दिलचस्प दावा किया गया है। बताया जा रहा है कि उन्होंने अपनी एक्टिंग फीस लेने से इनकार कर दिया और अपनी पूरी फीस दान कर दी।
इसके अलावा, ‘रामायण’ से जुड़े अरुण गोविल को कथित तौर पर करीब 2.5 करोड़ रुपये, जबकि लारा दत्ता को लगभग 3 करोड़ रुपये फीस मिलने की बात सामने आई है।
हालांकि, इन सभी फीस के आंकड़ों को लेकर सबसे अहम बात यह है कि फिल्म की प्रोडक्शन टीम की ओर से अभी तक इन रकम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। इसलिए इन्हें फिलहाल मीडिया रिपोर्ट्स में सामने आई जानकारी के तौर पर ही देखा जाना चाहिए।
