रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर फिल्म ‘रामायण’ की रिलीज में महज एक दिन बचा है। 5 नवंबर को यह महाकाव्य दुनियाभर में रिलीज हो रहा है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म को पहले ही विदेशों में पसंद किया जा चुका है। ऐसे में अब देखना होगा कि भारत के दर्शक इसे कितना प्यार देते हैं।
रामायण की बात होती है तो हर किसी को 1987 में आए रामानंद सागर के बनाए टीवी सीरियल ‘रामायण’ की याद आती है। एक तरफ जहां प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा की फिल्म ‘रामायण’ के VFX के चर्चे हो रहे हैं। वहीं क्या आप जानते हैं कि लगभग 40 साल पहले रामानंद सागर ने अपनी ‘रामायण’ को बिना CGI और VFX के बनाया था?
बिना मॉडर्न तकनीक के रामानंद सागर ने अपने धारावाहिक ‘रामायण’ में पुष्पक विमान, युद्ध, हनुमान का संजीवनी बूटी लेकर आने समेत कई चीजें दिखाई थीं। इन सभी के लिए आज के वक्त में VFX का इस्तेमाल होता है। पुष्पक विमान को रामानंद ने कैसे उड़ाया यह जानना भी बेहद दिलचस्प है।
कैसे बना था रामायण सीरियल?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, रामानंद सागर के ‘रामायण’ का कुल बजट 7 करोड़ रुपये था। इसके 78 एपिसोड बनाए गए थे, जिसमें हर एपिसोड पर तकरीबन 9 लाख रुपये खर्च किए गए थे। इसका सेट गुजरात के उम्रगांव में लगा था। यह एक तटीय शहर है, जिसमें समंदर, पहाड़ और हरियाली है। इन सभी ने अयोध्या, किष्किंधा, जंगल और अन्य सेटिंग्स में नेचुरल बैकड्रॉप की तरह इस लोकेशन को इस्तेमाल किया गया था।
‘रामायण’ सीरियल में भगवान राम के छोटे भाई लक्ष्मण का किरदार सुनील लहरी ने निभाया था। इस शो से सुनील को अपार सफलता मिली। उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया था कि शो की शूटिंग कैसे हुआ करती थी। सुनील लहरी ने बताया था कि पुष्पक विमान काल्पनिक था। किसी के दिमाग में कुछ नहीं था कि वो कैसा होगा, कैसा दिखता होगा? फिर आर्ट डिपार्टमेंट ने तीन-चार स्केच बनाए और वो स्केच रामानंद सागर को दिखाए गए। रामानंद सागर ऐसा पुष्पक विमान बनाना चाहते थे, जो देखने में असली लगे।
और पढ़ें: रणबीर कपूर की ‘रामायण’ को मिली कानूनी सुरक्षा, पाइरेसी करने वालों पर कसेगा शिकंजा
यूं उड़ाया गया पुष्पक विमान
उन्होंने कहा था, ‘तब फिर एक मॉडल चुना गया और उस पर चार-पांच लोगों से राय ली गई थी। फिर उस स्केच में डिजाइन किए गए पुष्पक विमान का मॉडल बनाया गया और फिर क्रोमा (ब्लू स्क्रीन) पर इसे शूट किया गया। पुष्पक विमान को ब्लू स्क्रीन पर चार फीट की ऊंचाई पर लगाकर शूट किया गया था। इसके बाद उस सीन को आउटडोर सीन्स के साथ मिक्स किया गया। आउटडोर के सीक्वेंस जो थे, वो अलग शूट किए गए थे। उन्हें फिर मर्ज करके दिखाया गया कि पुष्पक विमान उड़कर जाता है।’
रामानंद सागर के बेटे प्रेम सागर ने भी अपने एक इंटरव्यू में र’रामायण’ की शूटिंग पर बात की थी। उन्होंने बताया था कि इसे बनाने में तकनीक कम और जुगाड़ का इस्तेमाल ज्यादा हुआ था। प्रेम सागर के मुताबिक, सुबह की शूटिंग के वक्त अगरबत्ती के धुंए के जरिए कोहरा दिखाया जाता था। शूटिंग जब रात में होती थी, तो रुई के बने बादल बनाए जाते थे। रामायण के एक सीन में हिमालय पर भगवान शिव का डांस दिखाया गया था। ये सीन भी जुगाड़ से शूट हुआ था। बैकग्राउंड में एक स्क्रीन का इस्तेमाल किया गया, फिर प्रोजेक्टर के जरिए छोटे ग्रहों की तस्वीरें दिखाई गई थीं।
पालक पीसकर बनी संजीवनी बूटी
‘रामायण’ में युद्ध के सीन्स फिल्माने के लिए SEG 2000 (स्पेशल इफेक्ट्स जनरेटर) का इस्तेमाल हुआ था। स्पेशल इफेक्ट्स के लिए ग्लास मैटिंग प्रयोग में लाई गई। सुनील लहरी ने बताया था कि हनुमान और रावण की लड़ाई वाले सीन की शूटिंग तेज बारिश में हुई थी। हनुमान बने एक्टर दारा सिंह ने जैसे ही रावण के रथ में गदा मारा, रथ टेढ़ा हो गया था। इतना ही नहीं, दारा सिंह ने स्टूल पर खड़े रहकर रावण संग लड़ाई की शूटिंग की थी।
लड़ाई के सीन में खून दिखाने के लिए कॉटन को स्प्रिट गम के सहारे लगा दिया जाता था। फिर उसके ऊपर ऑर्टिफिशियल खून लगाया जाता था, ताकि जख्म और खून असली नजर आए। संजीवनी बूटी बनाने का तरीका भी मजेदार था। पालक को पीस कर जड़ी बूटी बनाई गई थी, जिसे लक्ष्मण के शरीर पर लगाया था।
सीरियल ‘रामायण’ में भगवान राम का रोल निभाने वाले अरुण गोविल ने भी एक किस्सा सुनाया था। उन्होंने बताया था कि शबरी के श्री राम को मीठे बेर खिलाने वाले सीन में उन्हें असल में खट्टे बेर खाने पड़े थे। गोविल के मुताबिक, शूटिंग के वक्त बेर का सीजन नहीं था। ऐसे में जो बेर मिले वो खट्टे थे। उन्हें खट्टे बेर खाकर पर्दे पर मीठे एक्सप्रेशन देने पड़े।
40 साल पहले बनी रामानंद सागर की ‘रामायण’ का जादू आज भी दर्शकों के सिर चढ़कर बोलता है। इस शो ने अरुण गोविल, दीपिका चिखलिया और सुनील लहरी को ऐसी लोकप्रियता दी थी, जिसके बाद से आजतक उन्हें घर-घर में पूजा जा रहा है।
5 नवंबर को आ रही नमित मल्होत्रा की रामायण
नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियो के बैनर तले बनी ‘रामायण’ की बात करें तो इसमें रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश, भगवान राम, माता सीता और रावण के किरदारों में नजर आएंगे। अरुण गोविल इस फिल्म में राजा दशरथ बने थे। लारा दत्ता, शीबा चड्ढा, रवि दुबे, कुणाल कपूर, रकुल प्रीत सिंह जैसे सितारे इस फिल्म में अहम रोल्स निभा रहे हैं।
‘रामायण’ दो भागों में बनी है। इसका पहला भाग 5 नवंबर को दुनियाभर में रिलीज होगा। दूसरा पार्ट 2027 की दिवाली पर आना था। खबरों के मुताबिक, इसे पोस्टपोन कर दिया गया है। अब ‘रामायण 2’, 2028 की दिवाली पर आएगी। ‘रामायण’ के दोनों पार्ट्स को लगभग 4000 करोड़ रुपये के बजट में बनाया गया है। इस भव्य फिल्म से जुड़ी छोटी-बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करें…
