बॉलीवुड एक्ट्रेस रकुल प्रीत सिंह जल्द फिल्म ‘रामायण’ में नजर आने वाली हैं। इस बिग बजट फिल्म में रकुल, लंकापति रावण की बहन शूर्पणखा के रोल में दिखेंगी। सभी जानते हैं कि रामायण की कहानी में शूर्पणखा का अहम रोल था। इस जिम्मेदारी को रकुल भी अच्छे से समझती हैं।

अपने नए इंटरव्यू में रकुल प्रीत सिंह ने शूर्पणखा का किरदार निभाने पर बात की। उन्होंने कहा कि शूर्पणखा, महाकाव्य की सबसे गलत समझी गई और कई परतों वाली शख्सियतों में एक थी।

रकुल ने शूर्पणखा को लेकर क्या कहा?

पीटीआई से बात करते हुए रकुल ने कहा कि दो चीजों ने उन्हें इस भूमिका की ओर आकर्षित किया। पहला तो खुद प्रोजेक्ट का पैमाना था और दूसरा वैश्विक मंच पर भारतीय कहानी कहने के लिए इसके मायने।

उन्होंने कहा, ‘दो चीजें थीं जो बहुत रोमांचक थीं। पहला, यह दुनिया के लिए भारत का प्रतिनिधित्व है। हमारा इतिहास, हमारा सच जो दुनिया की पहली ग्लोबल फिल्म के रूप में दुनिया में पेश किया गया है। दूसरा, शूर्पणखा एक बहुत ही गलत समझा गया और कई परतों वाला किरदार है। वह युद्ध होने की वजह थी। इसलिए कई शेड्स वाले किसी किरदार को निभाना वाकई दिलचस्प रहा है।’

और पढ़ें: Eetha Trailer: लावणी, नऊवारी और इमोशनल कहानी के साथ आई ‘ईठा’, श्रद्धा कपूर की फिल्म का ट्रेलर करेगा रोंगटे खड़े

शूर्पणखा को युद्ध की वजह बताना रामायण की कहानी का हिस्सा है। जंगल में राम और लक्ष्मण के साथ शूर्पणखा की लड़ाई के बाद कहानी एकदम पलट जाती है। यहीं से दोनों भाइयों को संघर्ष और मुश्किलों की शुरुआत होती है। अपने अपमान के बाद शूर्पणखा अपने भाई रावण के पास जाती है, और सीता की सुंदरता के बारे में उसे बताती है। रावण, सीता का अपहरण करता है, जिसके चलते राम और रावण के बीच युद्ध होता है।

शूर्पणखा के बिना रामायण की कहानी में ट्विस्ट ही नहीं आता। इसके बावजूद शूर्पणखा के किरदार को ऐतिहासिक रूप से एक रिजेक्शन के पल के लिए याद किया जाता है। उसके खुद के नजरिए और प्रेरणा के बारे में कभी बात नहीं होती।

क्यों किरदार को कहा था हां?

रकुल ने इससे पहले X पर अपनी कास्टिंग को लेकर बात की थी। एक फैन के सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने लिखा था, ‘जिस वजह से मैंने शूर्पणखा के लिए हां कहा, वह वही था जिसका आपने जिक्र किया, उसकी जटिलता। इतिहास अक्सर उसे एक पल के लिए याद करता है। लेकिन उसकी कहानी में इससे कहीं ज्यादा कुछ है। एक एक्टर के तौर पर, धारणा को चुनौती देने वाली भूमिकाएं सबसे ज्यादा रोमांचक होती हैं। मुझे उम्मीद है कि जब रामायण आएगी तो दर्शक उसे खुले दिमाग से देखेंगे।’

और पढ़ें: ‘पिचके गाल, बाहर आती हड्डियां’, मधुबाला की बहन ने बताया आखिरी दिनों का हाल, पिता को जिंदगीभर रहा अफसोस

रकुल प्रीत सिंह ने अपना करियर तेलुगु और हिंदी सिनेमा में बनाया है। उन्हें बड़े पैमाने पर रोमांटिक लीड, कॉमेडी और हल्की-फुल्की फिल्मों के लिए जाना जाता है। शूर्पणखा उनकी फिल्मोग्राफी से अलग है। यह पौराणिक कथाओं का एक किरदार है, जिसमें एक्ट्रेस को पहले कभी नहीं देखा गया।

‘रामायण’ का निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है। यह महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित प्राचीन भारतीय महाकाव्य पर आधारित है। रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश समेत सनी देओल, अरुण गोविल, लारा दत्ता संग अन्य इस फिल्म में नजर आने वाले हैं। फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने DNEG और यश के मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स संग मिलकर किया है। इसमें हांस जिमर और ए.आर. रहमान का संगीत है।

रामायण से जुड़ी पूरी कवरेज के लिए क्लिक करें…