नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘रामायण’ 5 नवंबर को रिलीज हो रही है। इससे पहले फिल्म की स्टारकास्ट कई इंटरव्यू दे रही है। हाल ही में ‘रामायण’ में भगवान राम की भूमिका निभा रहे रणबीर कपूर और माता सीता के किरदार में नजर आने वालीं साई पल्लवी ने एक इंटरव्यू दिया। इस दौरान रणबीर ने कहा कि ‘रामायण’ की रिलीज से ज्यादा उनके लिए ये दिवाली इसलिए खास है क्योंकि ये उनकी बेटी की चौथी दिवाली है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि फिल्म की रिलीज से एक दिन बाद उनकी बेटी राहा का बर्थडे भी है।

बीबीसी एशियन को दिए इंटरव्यू में रणबीर कपूर ने राहा को अपनी जिंदगी की रोशनी बताया है। दरअसल रणबीर कपूर और माता सीता की भूमिका निभा रहीं साई पल्लवी से पूछा गया कि उनकी जिंदगी में ऐसा कौन है, जिसे वे दिवाली के मौके पर दीये की तरह रोशनी फैलाने वाला मानते हैं। इस पर रणबीर ने कहा, “मेरे लिए वह दीया निश्चित रूप से मेरी बेटी राहा कपूर है। यह उसकी चौथी दिवाली है।”

रणबीर ने आगे कहा, “6 नवंबर को उसका जन्मदिन भी है, जो दिवाली (8 नवंबर) से दो दिन पहले है। मैं उम्मीद करता हूं कि उसे ढेर सारा आशीर्वाद, ऊर्जा और सकारात्मकता मिले।”

साई पल्लवी ने ‘रामायण’ की पूरी टीम को दिया श्रेय

वहीं, साई पल्लवी ने फिल्म ‘रामायण’ के लिए काम करने वाले सभी लोगों को याद किया और उनकी मेहनत की तारीफ की। उन्होंने कहा कि फिल्म को मिल रहे प्यार और दर्शकों की प्रतिक्रिया से वह भावुक हैं, लेकिन पर्दे पर नजर आने वाले कलाकार ही पूरी फिल्म नहीं हैं।

यह भी पढ़ें: रणबीर कपूर की ‘रामायण’ को मिली कानूनी सुरक्षा, पाइरेसी करने वालों पर कसेगा शिकंजा

साई ने कहा, “हम सिर्फ फिल्म के चेहरे हैं। मैं ‘रामायण’ के लिए काम करने वाले सभी लोगों को धन्यवाद देना चाहती हूं। इसमें असिस्टेंट डायरेक्टर्स, मेरी कॉस्ट्यूम टीम और वे सभी लोग शामिल हैं, जिन्होंने इस फिल्म को बनाने के लिए कड़ी मेहनत की है।”

उन्होंने आगे कहा कि दर्शकों को अभी उन लोगों से मिलने और उनकी मेहनत को पहचानने का मौका नहीं मिला है। इसलिए वह चाहती हैं कि फिल्म की पूरी टीम को भी दर्शकों का प्यार मिले। उन्होंने सभी के अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना भी की।

यह भी पढ़ें: ‘रामायण’ के एक सीन को पूरा करने में लगे साढ़े 6 साल, निर्देशक ने बताई वजह, जानिए कौन-सा था सीन

5 नवंबर को रिलीज होगी ‘रामायण’

फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे। इनके अलावा रवि दुबे लक्ष्मण और सनी देओल हनुमान के किरदार में दिखाई देंगे। नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस पौराणिक एक्शन फिल्म का पहला भाग गुरुवार, 5 नवंबर को रिलीज होने वाला है। दो भागों में बन रही इस फिल्म का कथित बजट करीब 4,000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।