‘रामायण’ के साथ-साथ इस फिल्म का हर एक किरदार और इसके निर्देशक और निर्माता भी चर्चा में हैं। फिल्म का बजट 4000 करोड़ बताया गया है और इसमें बड़ी रकम लगाने वाले नमित मल्होत्रा कभी अपनी 90 प्रतिशत दौलत गंवा चुके थे। हाल ही में नमित ने अपनी जिंदगी के उस मुश्किल दौर का खुलासा किया है, जब उन्हें अपनी 90 फीसदी दौलत गंवानी पड़ी थी। साल 2008 में आई वैश्विक आर्थिक मंदी ने उनके कारोबार को बड़ा झटका लगा था।
2008 में गंवा दी थी 90 फीसदी दौलत
नमित मल्होत्रा ने बताया कि वह साल 2007 में अमेरिका गए थे। उनका मकसद एक ऐसी ग्लोबल कंपनी बनाना था, जो भारतीय और पश्चिमी फिल्म इंडस्ट्री के बीच की दूरी को कम कर सके। लेकिन अमेरिका पहुंचने के एक साल बाद ही वैश्विक आर्थिक संकट ने उनके योजना पर पानी फेर दिया।
लॉस एंजिल्स में ‘रामायण’ की विशेष स्क्रीनिंग के दौरान नमित ने अपने संघर्ष के दिनों को याद किया। उन्होंने कहा, “ईस्ट और वेस्ट को जोड़ते हुए एक ग्लोबल कंपनी बनाने की कोशिश में मैं 2007 में लॉस एंजिल्स पहुंचा और उसके बाद पीछे मुड़कर नहीं देखा। एक प्रवासी के तौर पर मैंने 2008 में अपनी 90 फीसदी दौलत गंवा दी थी। उस दौर को आपमें से कुछ लोग जरूर याद करते होंगे।”
उन्होंने कहा कि 90 फीसदी दौलत गंवाने के बाद आज इस मुकाम तक पहुंचना उनके लिए बहुत भावुक पल है। नमित ने बताया कि उन्होंने भारत और विदेशों के बेहतरीन कलाकारों और तकनीकी विशेषज्ञों को साथ लाकर ‘रामायण’ जैसी बड़ी फिल्म बनाने का सपना पूरा किया है।
19 साल की उम्र में गैराज से शुरू किया था सफर
नमित मल्होत्रा का फिल्मी सफर किसी बड़े स्टूडियो से नहीं, बल्कि मुंबई के एक गैराज से शुरू हुआ था। उन्होंने महज 19 साल की उम्र में उन्होंने एक एप्पल कंप्यूटर की मदद से वीडियो एडिटिंग और कंप्यूटर ग्राफिक्स का छोटा-सा कारोबार शुरू किया था।
साल 1997 में नमित ने अपने पिता की कंपनी के साथ अपना कारोबार जोड़कर प्राइम फोकस लिमिटेड की शुरुआत की। इसके बाद 2007 में वह अपना कारोबार दुनिया भर में फैलाने के लिए लॉस एंजिल्स चले गए।
साल 2014 में प्राइम फोकस का लंदन के विजुअल इफेक्ट्स स्टूडियो डबल नेगेटिव के साथ मर्ज हो गया। बाद में इसका नाम DNEG रखा गया। यह कंपनी फिल्मों में शानदार विजुअल इफेक्ट्स तैयार करती है। अब तक यह आठ ऑस्कर अवॉर्ड जीत चुकी है और क्रिस्टोफर नोलन जैसे बड़े हॉलीवुड फिल्मकारों के साथ काम कर चुकी है।
यह भी पढ़ें: भारत में 9 हजार, विदेश में 50 हजार स्क्रीन्स, दुनियाभर में ‘रामायण’ मचाएगी धमाल
लॉस एंजिल्स के एकेडमी थिएटर में आयोजित कार्यक्रम को नमित ने अपना ‘ऑस्कर मोमेंट’ बताया। उन्होंने कहा कि 19 साल की उम्र में गैराज से शुरू हुआ सफर आज उन्हें इस मुकाम तक ले आया है। उनके मुताबिक, इस खास पल को साझा करने के लिए लॉस एंजिल्स से बेहतर जगह नहीं हो सकती थी।
4000 करोड़ रुपये के बजट में बन रही है ‘रामायण’
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ भारतीय महाकाव्य पर आधारित दो भागों वाली फिल्म है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों भागों को कुल 4000 करोड़ रुपये के बजट में बनाया गया है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे। वहीं, रवि दुबे भी अहम किरदार निभा रहे हैं। फिल्म में रकुल प्रीत सिंह, विवेक ओबेरॉय, लारा दत्ता और अरुण गोविल समेत कई कलाकार भी नजर आएंगे।
