इस साल की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक फिल्म ‘रामायण’ 5 नवंबर को रिलीज के लिए तैयार है। रिलीज से पहले सेंसर बोर्ड से फिल्म को हरी झंडी मिल गई है। फिल्म को यू सर्टिफिकेट के साथ पास किया गया है। साथ ही फिल्म कितने घंटे की होने वाली है, इस बारे में भी जानकारी सामने आ गई है।

सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन ने नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण पार्ट वन’ को ‘यू’ सर्टिफिकेट के साथ पास कर दिया है। यू सर्टिफिकेट का मतलब है कि इस फिल्म को कोई भी देख सकता है। इसके लिए कोई उम्र सीमा नहीं है। बच्चों से लेकर बूढ़ों तक को ध्यान में रखकर इस फिल्म को बनाया गया है। फैंस अपने पूरे परिवार के साथ जाकर इस फिल्म का मजा उठा सकते हैं।

कितने घंटे की होगी फिल्म ‘रामायण’

फिल्म ‘रामायण पार्ट वन’ रनटाइम 195 मिनट यानी कि 3 घंटे 15 मिनट का रहने वाला है। फैंस को करीब साढ़े तीन घंटे निकालकर इस फिल्म को देखना पड़ेगा। सीबीएफसी की वेबसाइट के मुताबिक, फिल्म रामायण की सर्टिफिकेशन प्रक्रिया 30 अक्टूबर 2026 को पूरी हो गई है। फिल्म में किसी भी सीन को कट नहीं किया गया है यानी इस फिल्म को सेंसर बोर्ड ने बिना किसी कट के पास कर दिया है।

विदेश में होगा अलग रनटाइम?

फिल्म ‘रामायण’ को लेकर खबर आई थीं कि फिल्म को अमेरिका में PG-13 रेटिंग दी गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म में हिंसा और खून खराबे वाले सीन्स के कारण इसका अंग्रेजी वर्जन हिंदी वर्जन के मुकाबले करीब 30 मिनट छोटा हो सकता है। हालांकि फिल्म के अंग्रेजी वर्जन का रनटाइम क्या होगा, इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई हैं। हिंदी में फिल्म 3 घंटे 15 मिनट की होने वाली है।

यह भी पढ़ें- Ramayana Advance Booking: ‘रामायण’ एडवांस बुकिंग में अमेरिका प्रीमियर के बाद उछाल, कमाए 17 करोड़, भारत में कैसी हालत

‘रामायण’ का अब तक का एडवांस बुकिंग कलेक्शन

अमेरिका में 27 अक्टूबर को हुए वर्ल्ड प्रीमियर के बाद से फिल्म के एडवांस कलेक्शन में भी उछाल देखने मिल रहा है। सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म ने अब तक एडवांस बुकिंग से ओवरऑल 19 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। फिल्म रिलीज होने में अभी 5 दिन बाकी हैं और उससे पहले फिल्म के 4.01 लाख टिकटें बिक चुकी हैं।

फिल्म ‘रामायण’

फिल्म ‘रामायण पार्ट वन’ 5 नवंबर को दुनियाभर में रिलीज होगी। रामायण फिल्म को करीब 59000 स्क्रीन पर रिलीज किया जा रहा है। जिसमें से सिर्फ 9000 हजार स्क्रीन भारत की हैं बाकी विदेश में फिल्म के लिए 50 हजार स्क्रीन्स तय की गई हैं। फिल्म को करीब 100 देशों में रिलीज किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- ‘रामायण’ के वर्ल्ड प्रीमियर पर अनुपम खेर का रिएक्शन, भारत में नहीं देखेंगे फिल्म, जटायु के किरदार को दी अपनी आवाज