नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी रणबीर कपूर, यश, साई पल्लवी स्टारर फिल्म ‘रामायण’ को भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी और महत्वाकांक्षी फिल्मों में से एक माना जा रहा है। इस फिल्म को दुनियाभर में रिलीज करने की तैयारी है और चीन भी इसके लिए एक अहम विदेशी बाजार बनकर सामने आ रहा है। ‘रामायण’ के ट्रेलर को चीन के दर्शकों से शानदार रिस्पॉन्स मिला है। कई चीनी दर्शकों ने फिल्म की प्रस्तुति की तुलना बड़ी हॉलीवुड और चीनी प्रोडक्शंस से भी की है।
चीन में ‘रामायण’ के ट्रेलर की धूम
रिपोर्ट के मुताबिक, ‘रामायण’ के ट्रेलर ने रिलीज होने के कुछ ही घंटों में चीन में 10 लाख से ज्यादा व्यूज हासिल कर लिए। इसके बाद हजारों दर्शकों ने फिल्म के विजुअल्स और इसकी पूरी प्रस्तुति को लेकर कमेंट किए। कई लोगों ने फिल्म के रंग-बिरंगे लुक की तारीफ की। एक दर्शक ने लिखा, “यह साफ था। चीन में इस तरह की पौराणिक फिल्में खूब चलती हैं।”
Odyssey से की ‘रामायण’ की तुलना
कुछ दर्शकों ने ‘रामायण’ को पहले ही दूसरी बड़ी महाकाव्य फिल्मों की श्रेणी में रख दिया है। एक चीनी दर्शक ने आने वाली मूवी की तुलना Odyssey से की और उन बातों पर चर्चा की जो दोनों फिल्मों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिलने वाले रिस्पॉन्स पर असर डाल सकती हैं। दर्शक ने लिखा, “सच कहूं तो हमें इंतजार करना होगा और देखना होगा कि क्या यह ‘Odyssey’ से बेहतर साबित हो सकती है।
Odyssey को पश्चिमी देशों के साथ-साथ पूर्वी देशों में भी काफी हाइप मिली थी। लोगों को पहले से ही ट्रॉय और अकिलीज की कहानी पसंद थी, जिससे फिल्म को फायदा मिला। इसके अलावा नोलन का इसे डायरेक्ट करना भी एक बड़ा कारण था।”
‘रामायण’ के वीएफएक्स की हुई तारीफ
‘रामायण’ के विजुअल इफेक्ट्स और इसकी कला भी चीनी दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बन गई है। एक दर्शक का कहना है कि फिल्म का लुक और स्टाइल पारंपरिक वेस्टर्न ब्लॉकबस्टर फिल्मों की तुलना में चीनी सिनेमा से ज्यादा मेल खाता है।
दर्शक ने लिखा, “मैंने इस पर एक यूट्यूब वीडियो बनाया है।
‘रामायण’ का लुक और वीएफएक्स वेस्टर्न फिल्मों के बजाय चीनी सिनेमा से ज्यादा मेल खाते हैं। वेस्टर्न फिल्में अक्सर रियलिस्टिक, डार्क और हल्के रंगों वाली होती हैं, जबकि चीनी सिनेमा रंगीन, जीवंत और 100% असलियत दिखाने के बजाय शानदार दृश्यों पर ज्यादा ध्यान देता है।”
एक और दर्शक ने फिल्म के कलर पैलेट की तारीफ की और कहा कि इसका विजुअल स्टाइल चीनी दर्शकों को बहुत पसंद आ सकता है। शख्स ने लिखा, “फिल्म का कलर पैलेट और टोन बड़े बजट की चीनी फ़िल्मों जैसा है। पिछले 5 सालों से हम रियलिस्टिक फिल्मों की बात कर रहे हैं, जैसे ‘ड्यून’ या ‘ओडिसी’। लेकिन अगर आप चीनी फिल्में देखें, तो उनमें ‘रामायण’ फिल्म जैसा ही टोन होता है। उनका मुख्य टारगेट चीनी मार्केट है, इसीलिए उन्होंने चीन में ‘दंगल’ की सफलता के बाद नीतीश को हायर किया।”
फिल्म ‘रामायण’ की कास्ट
‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान राम का किरदार निभा रहे हैं, जबकि यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे। साई पल्लवी सीता का किरदार निभा रही हैं। यश, नमित मल्होत्रा के साथ फिल्म के को-प्रोड्यूसर भी हैं।
फिल्म की स्टारकास्ट में रवि दुबे, सनी देओल, अरुण गोविल, लारा दत्ता, रकुल प्रीत सिंह और विवेक ओबेरॉय भी शामिल हैं। ‘रामायण’ को दो हिस्सों में रिलीज किया जाएगा। फिल्म का पहला पार्ट दुनियाभर में 6 नवंबर को दिवाली से पहले रिलीज होने वाला है।
यह भी पढ़ें: ‘रामायण’ के 4000 करोड़ के बजट पर यश का दो टूक बयान, बोले- ‘जब बाजार ग्लोबल है तो बजट भी’
