रामायण की कहानी हम सभी के लिए हमेशा से खास रही है। भारतीय संस्कृति से जुड़े इस महाकाव्य को सभी ने अपने बचपन से सुना और हर साल दिवाली के मौके पर गलियों में होने वाली रामलीला में देखा है। पर्दे पर भी भगवान राम, माता सीता के प्रेम, भाई लक्ष्मण के त्याग, तीनों वनवास और रावण के अहंकार की पराजय को कई बार दिखाया जा चुका है। जब भी रामायण की बात होती है दर्शकों के मन में रामानंद सागर और 1987 में आया उनका धारावाहिक ‘रामायण’ आता है। तो जब रणबीर कपूर स्टारर फिल्म ‘रामायण’ का ऐलान हुआ तो जनता का उसपर शक करना लाजिमी था।
आज प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा की ‘रामायण’ दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। इस फिल्म को लेकर शुरुआत से ही तगड़ा बज बना हुआ था, जो इसकी रिलीज के करीब आते-आते अपने चरम पर आ गया। आज शोडाउन का दिन है। सिनेमाघरों में ये फिल्म उतरेगी और इसकी किस्मत का फैसला सिनेमा के दीवाने करेंगे। 4 नवंबर की शाम हुई प्रेस स्क्रीनिंग में इसे देखने के बाद मैं कह सकती हूं कि ये किसी विजुअल ट्रीट से कम नहीं है।
जोरदार होती है रामायण की शुरुआत
‘रामायण’ की कहानी सभी को पता है। अक्सर इस कहानी की शुरुआत भगवान श्री राम के जन्म से होती है। कौशल्या पुत्र राम अपने नन्हे कदमों से ठुमक-ठुमककर चलते दिखाई देते हैं। मगर नमित मल्होत्रा की ‘रामायण’ का आगाज ऐसे नहीं होता। यहां कहानी देवों और असुरों की लड़ाई से शुरू होती है। असुर, देवों के खिलाफ युद्ध को जीतने ही वाले होते हैं कि इंद्र (कुणाल कपूर) आकर उनके मुखिया का खात्मा कर देते हैं। ऐसे में असुरों की सेना को पीछे हटकर भागना पड़ता है। अब देवों के राज में असुरों का हाल खराब है। उन्हें दरिद्रता में जीना पड़ रहा है। असुर माता कैकसी (शोभना) अपने बेटे रावण (यश) से असुरों का उद्धार करने की मांग रखती है। यहीं से फिल्म में बड़ा मोड़ आता है।
इसके आगे की कहानी सभी को पता है। रावण तपस्या कर भगवान ब्रह्मा से अमरता का वरदान मांगता है। मना होने पर वो उसमें बदलाव करता है और दिव्य शक्तियों के साथ कुछ हद्द तक सबसे शक्तिशाली बन जाता है। रावण के अंहकार को तोड़ने और उसके अन्याय को रोके के लिए भगवान विष्णु मानव अवतार में जन्म लेते हैं। विष्णु के आखिरी अवतार कहलाने वाले भगवान राम (रणबीर कपूर) का जन्म अयोध्या के राजा दशरथ (अरुण गोविल) के घर होता है।
विजुअल ट्रीट है रामायण
कुछ कहानियां ऐसी होती हैं, जो दुनिया की सबसे बड़ी स्क्रीन्स पर दिखाया जाना डिजर्व करती हैं। ‘रामायण’ भी वैसी ही है और इसे देखने के बाद आराम से कहा जा सकता है कि दिवाली के तोहफे से कम नहीं है। पिक्चर में कई बढ़िया सीन्स हैं, जिन्हें देखकर आपके रोंगटे खड़े हो जाते हैं। भगवान इंद्र और असुरराज के बीच युद्ध, रावण का अपने 10 सिरों से बात करना, राम के वनवास जाने पर राजा दशरथ की मौत और पक्षीराज जटायु की मौत। ये सभी सीक्वेंस कमाल है।
‘रामायण’में किया गया VFX का इस्तेमाल आपका दिल जीत लेता है। इससे बनाए जानवर, खासकर इंद्र की सवारी ऐरावत हाथी और जटायु, मायावी वन बहुत खूबसूरत हैं। भगवान ब्रह्मा और विष्णु को देखना भी काफी अच्छा है। पुष्पक विमान का डिजाइन और विजुअल बढ़िया हैं। फिल्म के विजुअल्स को इसका म्यूजिक कॉम्प्लीमेंट करता है। हांस जिमर और ए आर रहमान का तैयार किया बैकग्राउंड स्कोर हर सीन और भावना को आपके दिल में उतारता है।
पिक्चर में सबकुछ भव्य है। इसकी सिनेमैटोग्राफी बेहद खूबसूरत है। दृश्यों से लेकर म्यूजिक और परफॉरमेंस सबकुछ में मेहनत की गई है, जिसे आप पर्दे पर देखते हो। ज्यादातर वक्त फिल्म आपको अपने साथ लेकर चलती है और आप इसकी दुनिया में खो जाते हो। फिल्म का फर्स्ट हाफ काफी बढ़िया है। राम के वनवास जाने के सीन में आप भी आंसू बहाते हैं। इसके बाद सेकेंड हाफ में जटायु की मौत आपका मन कचोट देती है।
सितारों से भरी इस फिल्म में एक शख्स जो आपका दिल सबसे ज्यादा जीतता है, वो है रावण बने यश। यश का काम फिल्म में अद्भुत है। रावण के किरदार पर उनकी पकड़ देखने लायक है। पर्दे पर दमदार अंदाज में नजर आ रहे यश को शरद केलकर ने अपनी आवाज दी है। इससे उनका औरा और ताकतवर बन गया।
परफॉरमेंस ने जीता दिल
यश हर सीन में चमकते हैं। युद्ध में एक्शन से लेकर गुस्से और चिढ़ तक, हर एक्सप्रेशन के साथ वो आपको इम्प्रेस करते हैं। फिल्म खत्म होने के बाद यश ही हैं, जो आपके दिमाग में रह जाते हैं और आप खुद को उनकी तारीफ करने से नहीं रोक पाते। साथ ही ‘उनका ‘रावण तांडव’ में उनका डांस भी जबरदस्त है। कोरियोग्राफर श्यामक डावर की कोरियोग्राफी बेहतरीन है। दूसरी तरफ मर्यादा पुरुषोत्तम राम के रूप में रणबीर कपूर भी बढ़िया हैं।
रणबीर की फिल्म में कास्टिंग को लेकर कई बातें कही गई थीं। कई दर्शकों को शक था कि वो भगवान राम के तेज से भरे किरदार के साथ न्याय कर पाएंगे या नहीं। अभी कहा जा सकता है कि रणबीर ने काफी हद तक इसे संभाल लिया है। हालांकि उनके चेहरे पर तेज की कमी सही में है। मगर उनका भोलापन और अच्छाई से भरा व्यवहार पसंद करने लायक है। रणबीर के राम को संभालते हैं रवि दुबे के लक्ष्मण।
लक्ष्मण के किरदार में रवि दुबे कमाल हैं। उनसे बेहतर ये रोल शायद ही कोई कर सकता था। ‘रामायण’ में लक्ष्मण फनी है। साथ ही गुस्से वाले और प्रैक्टिकल भी हैं। दुनिया में अच्छाई देखने वाले अपने भोले भाई राम को कई बार उन्हें ही सच का आईना दिखाना पड़ता है। रवि को इस किरदार में देखना काफी रिफ्रेशिंग था।
और पढ़ें: ‘रामायण’ के राम बनने के लिए रणबीर की कड़ी तपस्या, 18 महीने तक ओलंपिक आर्चर से सीखी तीरंदाजी
राम की धर्मपत्नी मां सीता के किरदार में साई पल्लवी ठीक हैं। हालांकि उनकी परफॉरमेंस थोड़ी बेहतर हो सकती थी। सीता भी राम की तरह शांत और भले मन ही है। इस गुण को साई पल्लवी बहुत अच्छे से अपने एक्सप्रेशन और डायलॉग डिलीवरी से बयां करती हैं। मगर कई जगह वो कम पड़ जाती हैं। रणबीर कपूर के साथ उनकी केमिस्ट्री काफी अच्छी है। दोनों के साथ सीन्स काफी प्यारे हैं।
एक चीज जो फिल्म को और अच्छा बनाती है, वो है इसमें सीता को राक्षसों से लड़ते हुए दिखाना। सीता, राजकुमारी होने के साथ-साथ अस्त्र-शस्त्र चलाने में भी कुशल थीं। ऐसे में विपदा आने पर वो भी पति राम और देवर लक्ष्मण के साथ मुश्किल वक्त में लड़ाई लड़ती हैं।
‘रामायण’ में अरुण गोविल ने राजा दशरथ का रोल निभाया है। वो अपने किरदार में अच्छे हैं। कौशल्या और सुमित्रा के रोल में इंदिरा कृष्णन और सोनल झा अच्छी हैं। कैकेयी के रोल में लारा दत्ता ने कमाल किया है। शोभना, मुकेश तिवारी, शिशिर शर्मा, काजल अग्रवाल, रकुलप्रीत सिंह, विवेक ओबेरॉय, सौरभ सचदेव, आदिनाथ कोठारे, अजिंक्य देओ समेत कई बढ़िया एक्टर्स ने इस फिल्म में अहम रोल निभाए हैं। सभी का काम अपनी जगह बढ़िया है।
कहां रह गई कमी?
डायरेक्टर नितेश तिवारी ने ‘रामायण’ को बहुत ईमानदारी से बनाया है। इसे देखते हुए आपको ये जरूर महसूस होता है। मगर हर फिल्म की तरह इसमें भी कई कमियां हैं। फिल्म में बहुत-से ऐसे सीन्स हैं, जिन्हें आप ज्यादा वक्त पर्दे पर प्ले होते देखना चाहते हैं। इसका सीधा कारण उसे आत्मसात करना है। यहां फिल्म कम पड़ जाती है। ‘रामायण’ में कई जरूरी पलों को जल्दी से निपटा दिया जाता है। ऐसे में उनका जितना जोरदार असर आपके ऊपर होना चाहिए था, नहीं होता।
फिल्म की रफ्तार और एडिटिंग भी बेहतर हो सकती थी। इसकी सबसे बड़ी कमियों में से एक राक्षसों को दिखाया जाना है, जो CGI से बने है। ताड़का, कुंभकर्ण, खर और दूषण जैसे किरदारों को VFX से तैयार किया गया है। ऐसे में जब वो स्क्रीन पर आते हैं वीडियो गेम देखने वाली फीलिंग आती है। पिक्चर के कुछ सीन्स भी फालतू में इसका रनटाइम बढ़ाने के लिए इस्तेमाल किए गए लगते हैं, जैसे रावण की अपने जीजा विद्युत्जिह्वा से टक्कर।
इन सभी कमियों के बावजूद ‘रामायण’ बढ़िया फिल्म है। हांस जिमर और ए आर रहमान का म्यूजिक आपको अंत तक इसके साथ बांधे रखने में मदद करता है। यही फिल्म को और ज्यादा खूबसूरत भी बनाता है। फिल्म के अंत में आपको हनुमान बने सनी देओल की झलक भी मिलती है। इसी साथ सुखविंदर सिंह, कैलाश खेर, अनिरुद्ध रविचंदर और दिलजीत दोसांझ की खूबसूरत आवाजों में हनुमान चालीसा सुनने का मौका भी मिलता है। ‘रामायण’ का पहला पार्ट खत्म होने के बाद आपसे 2028 में दोबारा मिलने का वादा भी किया जाता है।
‘रामायण’ से जुड़ी लाइव अपडेट्स के लिए यहां क्लिक करें…
