निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित पौराणिक फिल्म ‘रामायण’ अपनी रिलीज से पहले ही नए रिकॉर्ड बनाने की तैयारी में जुट गई है। रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर इस मेगा-बजट फिल्म को दुनिया भर में अब तक की सबसे बड़ी थियेट्रिकल रिलीज देने की तैयारी चल रही है।
सैकनिलक की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, ‘रामायण’ के इंटरनेशनल डिस्ट्रिब्यूटर ‘सोनी पिक्चर्स’ की योजना भारत के बाहर विदेशों में 50,000 से अधिक स्क्रीन्स पर फिल्म को रिलीज करने की है। यह किसी भी भारतीय फिल्म के लिए अब तक का सबसे बड़ा विदेशी लॉन्च होगा।
वहीं, घरेलू बाजार (भारत) में यह फिल्म लगभग 9,000 स्क्रीन्स पर रिलीज की जा सकती है। इस तरह, देश और दुनिया को मिलाकर ‘रामायण’ कुल 59,000 से ज्यादा स्क्रीन्स पर दस्तक देगी।
‘पुष्पा 2’ और ‘आरआरआर’ को छोड़ेगी पीछे
अगर यह अनुमानित स्क्रीन काउंट सच साबित होते हैं, तो ‘रामायण’ हालिया दौर की सभी बड़ी भारतीय ब्लॉकबस्टर फिल्मों को पीछे छोड़ देगी। ‘पुष्पा 2: द रूल’ दुनिया भर में लगभग 12,000 से 13,000 स्क्रीन्स पर रिलीज हुई थी। जबकि एस.एस. राजामौली की ब्लॉकबस्टर ‘आरआरआर’ (RRR) का ग्लोबल स्क्रीन काउंट करीब 10,000 से 11,000 था।
यह भी पढ़ें: दीवाली पर नहीं बल्कि इस दिन रिलीज होगी रणबीर-यश की ‘रामायण’, मेकर्स का राम-रावण की महागाथा के बारे में बड़ा ऐलान
हॉलीवुड की ब्लॉकबस्टर फिल्मों को टक्कर
फिल्म की तुलना जेम्स कैमरून की कल्ट फिल्म ‘अवतार: द वे ऑफ वाटर’ से की जा रही है, जो दुनिया भर में लगभग 52,000 स्क्रीन्स पर रिलीज हुई थी और उसने 2.33 अरब डॉलर से अधिक की कमाई की थी।
यह भी पढ़ें: Ramayana Trailer Review: रामानंद सागर की ‘रामायण’ से होगी तुलना, क्या नए राम-रावण छोड़ पाएंगे अमिट छाप?
निर्माता नमित मल्होत्रा पहले ही साफ कर चुके हैं कि फिल्म को आईमैक्स (IMAX) जैसे प्रीमियम फॉर्मेट्स में उतारा जाएगा। साथ ही, DNEG की एआई तकनीक ‘ब्रह्मा एआई’ के जरिए इसे करीब 50 भाषाओं में रिलीज किया जाएगा, जिससे अभिनेताओं के मूल चेहरे और एक्सप्रेशन वही रहेंगे, लेकिन आवाजें स्थानीय भाषाओं में डब होंगी।
